Friday, March 20, 2026
Homeविश्ववेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की ट्रंप ने की पुष्टि, कहा- हमने राष्ट्रपति...

वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की ट्रंप ने की पुष्टि, कहा- हमने राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया है

वेनेजुएला सरकार ने अभी तक राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के पकड़े जाने की पुष्टि नहीं की है। अमेरिका लंबे समय से मादुरो पर इंटरनेशनल ड्रग ट्रैफिकिंग ऑर्गनाइजेशन चलाने का आरोप लगाता रहा है।

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को वेनेजुएला पर हमलों की पुष्टि करते हुए दावा किया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर भेज दिया गया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘राष्ट्रपति निकोलस मादुरो, जिन्हें उनकी पत्नी के साथ पकड़ लिया गया है, देश से बाहर भेज दिया गया है। यह ऑपरेशन अमेरिकी कानून प्रवर्तन के साथ मिलकर किया गया था। इस बारे में ज्यादा जानकारी बाद में दी जाएगी। आज सुबह 11 बजे मार-ए-लागो में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।’

ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला पर ‘बड़े पैमाने पर हमला’ किया। ट्रंप का यह बयान वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हुए हवाई हमलों और धमाकों के बाद आई है। वेनेजुएला की राजधानी काराकास सहित कम से कम 4 शहरों में अभी तक अमेरिकी हमलों की खबरें आई हैं। इसके बाद राष्ट्रपति मादुरो द्वारा वेनेजुएला में इमरजेंसी घोषित करने की खबरें भी आई।

हालांकि, अब ट्रंप ने मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को कब्जे में लेने का दावा कर बड़ी सनसनी फैला दी है। फिलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि मादुरो और उनकी पत्नी कहां हैं या उन्हें अमेरिका ले जाया जा रहा है। इस बीच बीबीसी ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि अधिकारियों ने उसके अमेरिकी सहयोगी CBS न्यूज को बताया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी सेना की डेल्टा फोर्स ने पकड़ा है। डेल्टा फोर्स अमेरिकी सेना की शीर्ष आतंकवाद विरोधी यूनिट है।

मादुरो पर अमेरिका लगाता रहा है ड्रग तस्वरी का आरोप

अमेरिका लंबे समय से निकोलस मादुरो पर एक इंटरनेशनल ड्रग ट्रैफिकिंग चलाने का आरोप लगाता रहा है, जिससे मादुरो इनकार करते हैं। ट्रंप ने इस बारे में अभी तक ज्यादा जानकारी नहीं दी है कि मादुरो को कैसे पकड़ा गया या उन्हें कहाँ ले जाया गया है।

दूसरी ओर वेनेजुएला सरकार ने अभी तक राष्ट्रपति मादुरो के पकड़े जाने की पुष्टि नहीं की है। अमेरिका ने मादुरो की गिरफ्तारी की जानकारी देने वाले को 50 मिलियन डॉलर (450 करोड़ रुपये) का इनाम देने की पेशकश की थी।

बहरहाल, आज वेनेजुएला में तड़के (स्थानीय समय) हुए हमलों के बारे में अभी भी बहुत सी बातें पता नहीं हैं। मसलन- मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर को कितना नुकसान हुआ या कितने लोग हताहत हुए हैं?

वेनेजुएला के रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो ने कहा है कि सरकार मरने वालों और घायलों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि हमले आम नागरिकों वाले यानी रिहायशी इलाकों में भी हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वेनेजुएला विदेशी सैनिकों की मौजूदगी का ‘विरोध’ करेगा।

काराकास में आधी रात को हमले के बाद बढ़ी हलचल

वेनेजुएला पर हमले की जानकारी सबसे पहले राजधानी काराकास में कई जगहों पर धमाके की खबरों के बाद आनी शुरू हुई। समाचार एजेंसी AFP के एक पत्रकार के अनुसार शनिवार तड़के करीब 2:00 बजे (स्थानीय समय) कराकस में तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। इनके साथ कम ऊंचाई पर हवाई जहाज उड़ने जैसी आवाजें भी आ रही थीं। इस घटना के कुछ देर बाद ही वेनेजुएला सरकार ने अमेरिका पर काराकास और मिरांडा, अरागुआ और ला गुएरा राज्यों पर हमला करने का आरोप लगाया। ये सभी बंदरगाह वाले इलाके हैं।

पिछले कई दिनों से वेनेजुएला से तनातनी के बीच ऐसी खबरें आती रही थी कि अमेरिका वेनेजुएला में कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। ट्रंप ने हाल में कैरिबियन क्षेत्र में एक नेवी टास्क फोर्स भी भेजी है और वेनेजुएला के खिलाफ जमीनी हमलों की संभावना जताई थी।

अमेरिका का कहना है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अवैध तरीके से चुना गया था और वह ड्रग्स तस्करी में व्यक्तिगत रूप से शामिल हैं।

दूसरी ओर वेनेजुएला सरकार का कहना है कि वाशिंगटन की हाल की सभी कार्रवाई, जिसमें प्रतिबंधित तेल टैंकरों को जब्त करना शामिल है, ये राष्ट्रपति मादुरो को सत्ता से हटाने और वेनेजुएला के तेल भंडार पर नियंत्रण करने की कोशिश का हिस्सा है।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments