Thursday, October 9, 2025
Homeभारतदिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, जनसुनवाई के दौरान शख्स ने...

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, जनसुनवाई के दौरान शख्स ने मारा ‘थप्पड़’, पकड़ा गया

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला हुआ है। पुलिस के अनुसार एक शख्स ने बुधवार सुबह दिल्ली की सीएम पर उस समय हमला किया जब वे अपनी आवास पर लगे ‘जनता दरबार’ में जनसुनवाई कर रही थीं। सामने आई जानकारी के अनुसार आरोपी शख्स 30 से 35 साल का व्यक्ति है। 

यह व्यक्ति कुछ कागज लेकर आया था, तभी उसने अचानक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला किया और उन्हें थप्पड़ मारा और बाल खींचने की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने पहले रेखा गुप्ता को कुछ दस्तावेज दिए, फिर उन पर हमला करने से पहले चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। उसे तुरंत काबू में कर लिया गया और हिरासत में ले लिया गया। सिविल लाइंस थाने में उससे पूछताछ जारी है।

इधर घटना के तत्काल बाद मुख्यमंत्री को अस्पताल ले जाया गया है और दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारी परिसर की सुरक्षा के लिए उनके आवास पर पहुंच गए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने जनसुनवाई में आए एक शख्स शैलेंद्र कुमार का बयान प्रसारित किया है। शैलेंद्र कुमार ने समाचार एजेंसी को बताया, ‘मैं नाले को लेकर एक शिकायत के साथ उत्तम नगर से आया था। जब मैं गेट पर पहुंचा तो अफरातफरी मची हुई थी क्योंकि मुख्यमंत्रीजी को थप्पड़ मारा गया था। ये तो गलत है।’

जनता की चिंताओं को सुनने के लिए लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हर हफ्ते अपने आवास पर ‘जनसुनवाई’ में शामिल होती हैं। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार वरिष्ठ भाजपा नेता हरीश खुराना ने कहा, ‘बैठक में मौजूद एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री पर हमला किया। अभी डॉक्टर मुख्यमंत्री की जाँच कर रहे हैं। हम इस हमले की निंदा करते हैं। इस बात की जाँच होनी चाहिए कि क्या यह हमला राजनीति से प्रेरित था।’ खुराना ने कहा कि हमलावर ने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा और उनके बाल खींचे।

मंत्रियों ने विपक्ष पर लगाए आरोप

इस घटना को लेकर दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने विपक्ष पर आरोप लगाए हैं। मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि जनता से मुख्यमंत्री का निडर जुड़ाव और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता विपक्ष को स्पष्ट रूप से बेचैन करती है, जो इस तरह के शर्मनाक हथकंडे अपना रहा है। 

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मैं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुए कायराना हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जनता से उनका निडर जुड़ाव और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता विपक्ष को स्पष्ट रूप से बेचैन करती है, जो इस तरह के शर्मनाक हथकंडे अपना रहा है। मैं उनकी शक्ति, सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

इसी तरह, भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने हमले को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘रेखा गुप्ता दिल्ली की बेहद लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। क्या यह प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक गुट के लोगों की तरफ से ‘जन सुनवाई’ को रोकने की एक पूर्व नियोजित साजिश थी? पूरी जानकारी के लिए जांच अधिकारियों का इंतजार है।’

दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने भी घटना की निंदा की है और इसे कायराना हरकत बताया। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला अक्षम्य अपराध है। एक महिला, एक बेटी, जो रात-दिन सिर्फ दिल्ली की सेवा में लगी है, उन पर हमला करने वाले और करवाने वाले दोनों कायर हैं और अपराधी हैं। ऐसे अपराधियों की हिम्मत नहीं कि वो तर्क और तथ्यों के आधार पर बात कर सकें।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा