Friday, March 20, 2026
Homeभारतअजित पवार के प्लेन क्रैश की सीआईडी करेगी जाँच, पुणे पुलिस ने...

अजित पवार के प्लेन क्रैश की सीआईडी करेगी जाँच, पुणे पुलिस ने दर्ज की एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट

नागर विमानन मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, खराब दृश्यता के चलते विमान को पहले लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई थी और उसे दोबारा चक्कर लगाने के लिए कहा गया। दूसरी बार पायलटों ने ग्राउंड कंट्रोल को बताया कि उन्हें रनवे…

मुंबईः महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की विमान हादसे में हुई मौत मामले में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है। अब इस पूरे मामले की कमान महाराष्ट्र की क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) को सौंपी जाएगी। सीआईडी अपनी यह जांच ‘विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो’ (एएआईबी) द्वारा जुटाए गए फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाएगी।

बुधवार को पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट पर यह भीषण हादसा हुआ, जब एक चार्टर्ड लियरजेट विमान रनवे के आखिर से महज 200 मीटर पहले दुर्घटनाग्रस्त होकर आग का गोला बन गया। इस हादसे में 66 वर्षीय अजित पवार के अलावा कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विदिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की मौके पर ही मौत हो गई।

कैप्टन सुमित कपूर को 15,000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव था, जबकि कैप्टन शांभवी पाठक के पास करीब 1,500 घंटे की उड़ान का अनुभव था। हादसे के तुरंत बाद जाँच ब्यूरो की एक विशेष टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक जांच शुरू की।

पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बारामती तालुका थाने में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रक्रिया के तहत यह मामला अब सीआईडी को सौंपा जाएगा, जो पूरे प्रकरण की गहराई से जांच करेगी। सीआईडी अधिकारियों के अनुसार, जब किसी प्रभावशाली सार्वजनिक हस्ती की किसी दुर्घटना में मौत होती है, तो ऐसे मामलों की जांच आमतौर पर सीआईडी करती है।

हादसे पर नागर विमानन मंत्रालय ने क्या कहा है?

नागर विमानन मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, खराब दृश्यता के चलते विमान को पहले लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई थी और उसे दोबारा चक्कर लगाने के लिए कहा गया। दूसरी बार पायलटों ने ग्राउंड कंट्रोल को बताया कि उन्हें रनवे दिखाई दे रहा है। इसके बाद लैंडिंग की अनुमति दी गई, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद विमान रनवे के किनारे टकराकर आग की चपेट में आ गया।

मंत्रालय के अनुसार, लैंडिंग की अनुमति मिलने के बाद विमान ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जरूरी ‘रीड-बैक’ नहीं दिया और कुछ ही पलों में हादसा हो गया। आग इतनी तेज थी कि किसी को बचाने का मौका नहीं मिल सका।

बताया गया है कि अजित पवार बुधवार सुबह मुंबई से पुणे जिले में 5 फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार के लिए चार रैलियों को संबोधित करने निकले थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments