Friday, October 10, 2025
Homeभारतचिराग पासवान ने ठोकी ताल, लड़ेंगे बिहार विधानसभा चुनाव

चिराग पासवान ने ठोकी ताल, लड़ेंगे बिहार विधानसभा चुनाव

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, सभी सियासी पार्टियां अपने पत्ते खोल रही हैं। इसी बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। फिलहाल वह केंद्र सरकार में मंत्री हैं। सारण जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए चिराग ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया। 

चिराग ने कहा “हां, मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ूंगा।” इस दौरान पासवान ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से सभी 243 सीटों पर कड़ी मेहनत करने का आग्रह किया। चिराग की पार्टी भाजपा और जेडीयू के गठबंधन में शामिल है। 

कांग्रेस और आरजेडी पर साधा निशाना

चिराग पासवान ने इस दौरान महागठबंधन के दलों कांग्रेस और आरजेडी पर भी निशाना साधा। चिराग ने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने हमेशा संविधान की पवित्रता का उल्लंघन करने की कोशिश की है। 

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक मैं जिंदा रहूंगा तब तक कोई भी वंचित तबकों के लिए शिक्षा और रोजगार में आरक्षण और संविधान को नुकसान नहीं पहुंचा सकता।

यह भी पढ़ें – बिहार में वोटर लिस्ट में संशोधन को लेकर ADR ने सुप्रीम कोर्ट का किया रुख

इस दौरान चिराग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्हीं लोगों ने 1975 में इमरजेंसी लगाई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान की प्रस्तावना बदली और उसकी हत्या की। 

अपने भाषण के दौरान चिराग ने जेडीयू के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। बीते शनिवार को पटना में बिजनेसमैन गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

पार्टी की संसदीय दल की बैठक में लिया गया था फैसला

चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने की बात काफी दिनों से चल रही थी जिसपर चिराग ने रविवार को मुहर लगाई। इससे पहले 1 जून को पार्टी की संसदीय दल की बैठक हुई थी जिसमें चिराग के चुनाव लड़ने की बात कही गई थी। 

भले ही साल 2020 में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी को सिर्फ एक ही सीट मिली थी लेकिन चिराग ने अपनी उम्मीदवारी पेश करते हुए चुनाव में दिलचस्पी ला दी है और इस कदम को एनडीए के घटक दलों के लिए एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। आखिर क्या वजह है कि तेजस्वी दिल्ली छोड़ बिहार आना चाहते हैं। बीते विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 137 सीटों पर चुनाव लड़ा था, हालांकि, सिर्फ मटिहानी विधानसभा सीट से जीत मिली थी। हालांकि, 2024 लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 5 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी पर जीत दर्ज की।

चिराग पासवान अभी हाजीपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। इस सीट पर चिराग ने 1,70,000 मतों के भारी अंतर से चुनाव जीता था। इस चुनाव में चिराग ने आरजेडी के शिव चंद्र राम को मात दी थी। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा