Friday, October 10, 2025
Homeविश्वचीन में में हुए भूस्खलन में 28 लापता, ड्रोन और रडार से...

चीन में में हुए भूस्खलन में 28 लापता, ड्रोन और रडार से तलाश जारी

चीन के दक्षिण-पश्चिमी सिचुआन प्रांत में हुए विनाशकारी भूस्खलन ने कई परिवारों को संकट में डाल दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, 28 लोग लापता हैं, और कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन और आपातकालीन टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

8 फरवरी, 2025 को जुनलियन काउंटी के जिनपिंग गांव में भूस्खलन के बाद सशस्त्र पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा कर्मियों सहित करीब 1,000 से अधिक राहतकर्मी बचाव अभियान में लगे हैं। राज्य प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, अधिकारियों ने ड्रोन और जीवन-पहचान रडार की मदद से मलबे में फंसे लोगों का पता लगाने का प्रयास किया।

अब तक दो घायलों को बचाया जा चुका है, जबकि 10 घरों और एक निर्माण इकाई के दबने के बाद 360 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि राहत कार्य लगातार जारी है।

9 फरवरी को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के पीछे हाल ही में हुई भारी बारिश और भूगर्भीय अस्थिरता प्रमुख कारण रहे। इन दोनों कारकों के कारण भूस्खलन बड़े पैमाने पर मलबे के प्रवाह में बदल गया, जिससे करीब 1.2 किलोमीटर  के क्षेत्र में 100,000 क्यूबिक मीटर मलबा जमा हो गया।

लापता लोगों की तलाश के लिए उप प्रधानमंत्री पहुंचे घटनास्थल

चीन के उप प्रधानमंत्री लियू गुओझोंग राहत और बचाव कार्य का निरीक्षण करने घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजने और प्रभावित निवासियों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, लियू ने यह भी चेतावनी दी कि आसपास की पहाड़ियों में और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बचाव कार्यों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और किसी भी अन्य संभावित आपदा को रोकने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने का आदेश दिया।

आपदा राहत के लिए 80 मिलियन युआन की सहायता

चीन सरकार ने आपदा राहत और पुनर्निर्माण प्रयासों के लिए 80 मिलियन युआन (लगभग 96 करोड़ रुपये) की वित्तीय सहायता जारी की है। स्थानीय प्रशासन को राहत कार्यों को तेज करने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

चीन में भूस्खलन कोई असामान्य घटना नहीं है। भारी बारिश और असुरक्षित निर्माण कार्य अक्सर इस तरह की आपदाओं को जन्म देते हैं। पिछले साल भी, युन्नान प्रांत के एक सुदूर पहाड़ी इलाके में आए भूस्खलन ने दर्जनों लोगों की जान ले ली थी।

इस बार भी सिचुआन प्रांत की इस आपदा ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं से बचाव और सतर्कता के महत्व को उजागर कर दिया है। राहत दल लगातार लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन मलबे और दुर्गम परिस्थितियों के कारण यह अभियान कठिन बना हुआ है। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा