शनिवार, मार्च 21, 2026
होमभारतछत्तीसगढ़: बीजापुर मुठभेड़ में एक महिला सहित 4 माओवादी कैडरों के शव...

छत्तीसगढ़: बीजापुर मुठभेड़ में एक महिला सहित 4 माओवादी कैडरों के शव बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी

सर्च अभियान के दौरान शनिवार की सुबह से संयुक्त टीम एवं माओवादियों के बीच रूक-रूक कर फायरिंग जारी है। मारे गए माओवादियों में से एक की पहचान नेशनल पार्क एरिया कमेटी के कुख्यात माओवादी कैडर DVCM दिलीप बेड़जा दिलीप के तौर पर की गई है।

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में चार माओवादियों को मार गिराया है। इनके शव बरामद कर लिए गए हैं। सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने घटनास्थल से AK 47, .303 राइफल सहित अन्य विस्फोटक बरामद किए हैं। मारे गए माओवादी कैडरों में एक महिला भी शामिल है। क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी है।

सर्च अभियान के दौरान शनिवार की सुबह से संयुक्त टीम एवं माओवादियों के बीच रूक-रूक कर फायरिंग भी जारी है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाकों में माओवादियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी के डीवीसीएम (डिवीजनल कमेटी मेंबर) दिलीप बेड़जा एवं अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी/कोबरा/एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया था।

सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से दोपहर तक दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए। इसके बाद शाम के समय माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला कैडर सहित दो और माओवादी कैडरों के शव भी बरामद किए गए।

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज श्री सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार बनी चुनौतीपूर्ण स्थितियों के बीच भी डीआरजी/कोबरा/ एसटीएफ के जवान अत्यंत साहस और प्रतिबद्धता के साथ सशस्त्र माओवादी कैडरों के विरुद्ध निर्णायक अभियान निरंतर जारी रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जवान अनुशासन, रणनीतिक दक्षता और अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए सशस्त्र माओवादी कैडरों के विरुद्ध निर्णायक अभियान सतत रूप से अंजाम दे रहे हैं।

प्रारंभिक पहचान विवरण से संकेत मिलता है कि मृत माओवादी कैडरों में से एक नेशनल पार्क एरिया कमेटी का कुख्यात माओवादी कैडर DVCM दिलीप बेड़जा दिलीप है। मुठभेड़ में मारे गए अन्य माओवादियों के भी नेशनल पार्क एरिया कमेटी से संबंधित होने की संभावना है, जिनकी पहचान की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। अभियान पूरा हो जाने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

प्रवीण सिंह
प्रवीण सिंह
छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले का रहने वाला हूं। पिछले 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिष्ठित चैनल ईटीवी और सहारा समय के प्रदेश में पहले रिपोर्टर, 2001 में मुंबई से रायपुर आने के बाद लगातार विभिन्न चैनलों , प्रिंट और ईटीवी भारत की वेबसाइट में भी अपनी सेवाएं दी है।
RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments

डॉ उर्वशी पर शबनम शेख़ की कहानी