नई दिल्लीः पश्चिम एशिया में बिगड़ते सुरक्षा हालातों और बढ़ते सैन्य तनाव को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। ये परीक्षाएं 5 मार्च (गुरुवार) और 6 मार्च (शुक्रवार) को आयोजित होनी थीं।
सीबीएसई द्वारा मंगलवार को जारी ताजा सर्कुलर के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। जिन देशों में परीक्षाएं स्थगित की गई हैं उनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। इन देशों में स्थित सभी सीबीएसई संबद्ध स्कूलों के लिए यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 5 और 6 मार्च को होने वाली परीक्षाओं की नई तारीखों की घोषणा स्थिति सामान्य होने के बाद बाद में की जाएगी। बोर्ड गुरुवार (5 मार्च) को एक बार फिर क्षेत्र की स्थितियों की समीक्षा करेगा, जिसके बाद शनिवार (7 मार्च) और उसके आगे की परीक्षाओं पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
बोर्ड ने इससे पहले जारी एक सर्कुलर में 2 मार्च को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी थी। बोर्ड ने कहा था कि मंगलवार, 03 मार्च 2026 को स्थिति की पुनः समीक्षा करेगा और 05 मार्च से निर्धारित परीक्षाओं के संबंध में उपयुक्त निर्णय लेगा।
अफवाहों से बचने की सलाह
इस बीच मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने भी इस संबंध में छात्रों और अभिभावकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दूतावास ने सलाह दी है कि छात्र केवल आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाह या अनौपचारिक स्रोतों से बचें। सभी छात्रों को अपने संबंधित स्कूलों के नियमित संपर्क में रहने को कहा गया है ताकि उन्हें हर ताजा अपडेट मिलता रहे।

