नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार (1 फरवरी) को वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया। इस बार टैक्स स्लैब को लेकर कोई नई घोषणा नहीं की गई। हालांकि, इसमें कई ऐसी घोषणाएं हैं, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर नजर आएगा। कुछ क्षेत्रों जैसे रेलवे, इंफ्रास्ट्रक्चर आदि को लेकर बड़ी घोषणाएं हुई।
साथ ही कैंसर और कुछ दुर्लभ बीमारियों की दवाओं से कस्टम ड्यूटी खत्म करने जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गई। यह लगातार 9वीं बार है जब निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया है। आईए नजर डालते हैं, बजट भाषण के बाद आने वाले वित्तीय वर्ष में क्या कुछ सस्ता और क्या महंगा हो सकता है।
Budget 2026: क्या कुछ होने वाला है महंगा
कोयला, शराब और शेयर बाजार में सट्टेबाजी पर टैक्स बढ़ाया गया है, जिससे इन चीजों की लागत पहले के मुकाबले बढ़ जाएगी।वआयात शुल्क में इजाफा होने से कबाड़ और खनिज आदि महंगे हो जाएंगे। बजट 2026 में सरकार ने शराब (मानव उपभोग के लिए) पर टीसीएस की दर एक प्रतिशत से बढ़ाकर 2 प्रतिशत कर दी है।
इसके अलावा, डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग कम करने के लिए सरकार ने बजट 2026 में फ्यूचर्स पर एसटीटी को मौजूदा 0.02 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.05 प्रतिशत करने का प्रस्ताव दिया है। ऑप्शंस पर अब एसटीटी बढ़ाकर 0.15 प्रतिशत करने का प्रस्ताव दिया गया है।
इसके अलावा, सरकार ने बायबैक में शेयर सरेंडर करने पर सभी प्रकार के शेयरधारकों को होने वाले फायदे को कैपिटन गेन में लाने का प्रस्ताव रखा है। इससे अब बायबैक से होने वाली आय पर अधिक टैक्स लगेगा।
बजट 2026: कैंसर की दवाओं से लेकर विदेश यात्रा सस्ता
बजट 2026 में कैंसर और शुगर की दवाओं, विदेश यात्रा, व्यक्तिगत आयात के साथ कई अन्य चीजों पर टैक्स कम किया गया है, जिससे आम आदमी को काफी फायदा होगा। बजट 2026 में कैंसर की 17 दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी हटाई गई है। साथ ही 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं और विशेष भोजन को आयात शुल्क में छूट दी गई है।
वहीं, व्यक्तिगत आयात पर टैरिफ को 20 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया गया है और विदेशा यात्रा टूर पैकेज पर टीसीएस को 5 प्रतिशत/20 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत किया गया है।
इसके अलावा, माइक्रोवेव ओवन, जूते, चमड़े के सामान विदेश में पढ़ाई करना, सोलर एनर्जी से जुड़े चीजें, बैटरी, बायोफ्यूल मिली सीएनजी, हवाई जहाज के कलपुर्जे, चमड़े का निर्यात और बीड़ी आदि भी सस्ते हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Budget 2026: कैंसर की 17 दवाएं होंगी सस्ती, बजट भाषण में कस्टम डयूटी हटाने की घोषणा
दरअसल, वित्त मंत्री ने मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करने और निर्यात बढ़ाने के लिए कई सेक्टरों में कस्टम ड्यूटी कम करने का भी ऐलान किया है। इनमें समुद्री उत्पाद, कपड़ा, चमड़ा, रक्षा और विमानन जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं। इससे इन चीजों के दाम घटने की उम्मीद है।
इसके अलावा लिथियम-आयन बैटरी बनाने में इस्तेमाल होने वाले मशीनरी पर मिलने वाली बेसिक कस्टम ड्यूटी छूट को अब बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम तक भी बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा सोलर ग्लास बनाने में इस्तेमाल होने वाले सोडियम एंटीमोनट के आयात पर भी कस्टम ड्यूटी नहीं लगेगी। माइक्रोवेव ओवन बनाने में इस्तेमाल होने वाले कुछ खास पुर्जों पर भी बेसिक कस्टम ड्यूटी (बीसीडी) से छूट देने का प्रस्ताव रखा गया है।

