Friday, March 20, 2026
HomeकारोबारBudget 2026: एक फरवरी- रविवार को बजट के चलते खुले रहेंगे शेयर...

Budget 2026: एक फरवरी- रविवार को बजट के चलते खुले रहेंगे शेयर बाजार, आम दिनों की तरह होगी ट्रेडिंग

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस बार लगातार नौवीं बार आम बजट पेश करेंगी। साल 2000 के बाद यह पहली बार है जब आम बजट संसद में रविवार को पेश किया जाएगा। एक्सचेंजों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक एक फरवरी (रविवार) को कारोबारी सत्र की अवधि सामान्य दिनों की तरह ही यथावत रहेगी।

मुंबई: भारत के मुख्य स्टॉक एक्सचेंज BSE और NSE ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि कर दी कि इक्विटी मार्केट 1 फरवरी (रविवार) को ट्रेडिंग के लिए खुले रहेंगे। इस दिन आम बजट-2026 लोकसभा में पेश किया जाना है। दोनों एक्सचेंजों ने कहा कि उस दिन ट्रेडिंग आम दिमों के घंटों के हिसाब से ही होगी। सदस्यों को जारी एक सर्कुलर में NSE ने कहा, ‘आम बजट पेश होने के कारण सदस्यों से अनुरोध है कि एक्सचेंज 1 फरवरी, 2026 को स्टैंडर्ड मार्केट समय के अनुसार लाइव ट्रेडिंग सेशन आयोजित करेगा।’

स्टॉक मार्केट का समय लाइव ट्रेडिंग के लिए सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक है। जबकि इससे पहले सुबह 9:00 से 9:15 बजे तक प्री-मार्केट समय निर्धारित होते हैं। यह रोज का नियम है। इससे पहले सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने ये साफ किया था कि 2026 का आम बजट 1 फरवरी, रविवार को सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक प्रश्न के उत्तर में अध्यक्ष ने बताया कि वित्त मंत्री 1 फरवरी को सुबह 11 बजे निचले सदन में बजट पेश करना शुरू करेंगी।

इक्विटी सेगमेंट के अलावा, बजट दिवस पर एफएंडओ और कमोडिटी डेरिवेटिव्स भी खुले रहेंगे। बीएसई ने एक अलग सर्कुलर में कहा कि ट्रेडिंग सदस्यों को सूचित किया जाता है कि टी+0 सेटलमेंट सत्र और सेटलमेंट डिफॉल्ट के लिए नीलामी सत्र रविवार, 1 फरवरी, 2026 को आयोजित नहीं किए जाएंगे।

25 साल बाद पहली बार रविवार को बजट

केंद्रीय बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 1 फरवरी को सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा। साल 2000 के बाद पहली बार है जब केंद्रीय बजट संसद में रविवार को पेश किया जाएगा। इससे पहले 2025 में, सीतारमण ने शनिवार को बजट पेश किया था, और दिवंगत अरुण जेटली के नेतृत्व में 2015 का बजट भी 28 फरवरी, 2015 को शनिवार को पेश किया गया था।

सरकार पहले ही बता चुकी है कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी से शुरू होगा और 13 फरवरी को समाप्त होगा। इसके बाद संसद दूसरे चरण के लिए 9 मार्च को फिर से एकत्रित होगी और यह 2 अप्रैल तक चलेगा।

बताते चलें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश करेंगी। भारत के इतिहास में अब उनसे ऊपर इस लिस्ट में मोरारजी देसाई का नाम है। उन्होंने दो कार्यकालों के दौरान कुल 10 बजट पेश किए थे। वहीं, पी चिदंबरम ने 9 और प्रणब मुखर्जी ने आठ बजट पेश किए थे। सीतारमण को 2019 में वित्त मंत्री नियुक्त किया गया था। इसके बाद 2019-24 के कार्यकाल में वह वित्त मंत्री रहीं और फिर 2024 के बाद फिर से वित्त मंत्री बनीं।

28 जनवरी को बजट सत्र की शुरुआत लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ होगी। साल 2017 से आम बजट 1 फरवरी को सुबह 11 बजे से पेश किया जाता रहा है। इससे पहले बजट 28 फरवरी को पेश किया जाता था।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments