Friday, March 20, 2026
Homeविश्वब्रिटेनः एपस्टीन फाइल्स मामले के बीच किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार,...

ब्रिटेनः एपस्टीन फाइल्स मामले के बीच किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार, अब तक क्या पता चला?

ब्रिटेन एपस्टीन फाइल्स मामले के बीच किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू की गिरफ्तारी की गई है। एंड्रयू ने हालांकि कहा था कि एपस्टीन के साथ 2010 में संबंध तोड़ दिए थे।

लंदनः ब्रिटेन की पुलिस ने गुरुवार (19 फरवरी) को किंग चार्ल्स के छोटे भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को गिरफ्तार किया है। एंड्रयू की गिरफ्तारी सार्वजनिक पद पर रहते हुए दुर्व्यवहार के संदेह में की गई गई है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आज सुबह सैंड्रिघम स्टेट स्थित वुड फॉर्म में नौ नंबर वाली पुलिस कारें और लगभग आठ सादे कपड़ों में पुलिस अधिकारी पहुंचे। यह घटना शाही परिवार द्वारा एंड्रयू के दोषी अमेरिकी यौन अपराधी और तस्कर जेफरी एपस्टीन के साथ संबंधों की किसी भी पुलिस जांच में सहयोग करने की बात कहने के एक सप्ताह से अधिक समय बाद घटी है।

एपस्टीन से संबंधों के बाद विवादों में एंड्रयू

एप्स्टीन से संबंध जुड़े होने के बाद एंड्रयू विवादों में घिरे हुए हैं। रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा हाल ही में जारी किए गए दस्तावेजों से पता चला है कि पूर्व शाही सदस्य ने एपस्टीन के साथ ब्रिटिश व्यापार से संबंधित संवेदनशील जानकारी और दस्तावेज साझा किए होंगे जिसके बाद वे एक बार फिर जांच के दायरे में आ गए हैं।

बकिंघम पैलेस के एक प्रवक्ता ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि अगर टेम्स वैली पुलिस शाही परिवार से संपर्क करती है तो वे “उम्मीद के मुताबिक उनका समर्थन करेंगे।”

एपस्टीन के साथ संबंधों के मामले में क्या पता चला?

एपस्टीन से संबंधों की जांच के बाद अपने शाही खिताब खो चुके एंड्रयू को रॉयल लॉज स्थित अपने घर का पट्टा भी सरेंडर करने के लिए कहा गया था और पिछले साल अक्टूबर में वे किसी दूसरे स्थान पर चले गए थे। वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, पूर्व शाही सदस्य कथित तौर पर 1999 से एपस्टीन को जानते थे।

द गार्जियन की खबर के मुताबिक, एंड्रयू उन प्रमुख हस्तियों में से एक हैं जिनका नाम एपस्टीन के निजी द्वीप संपत्ति से जुड़ा है। पूर्व शाही परिवार के सदस्य एंड्रयू का जिक्र वर्जीनिया गिउफ्रे के संस्मरण में भी मिलता है। उन पर गिउफ्रे के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं, जिसके बाद गिउफ्रे ने आत्महत्या कर ली थी। गिउफ्रे ने अपने संस्मरण में एंड्रयू और एपस्टीन के द्वीप पर उनकी यात्राओं के बारे में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एंड्रयू ने 2022 में गिउफ्रे के साथ एक दीवानी मुकदमे का 12 मिलियन पाउंड में निपटारा किया था और इन आरोपों से इनकार किया था।

हालांकि अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा हाल ही में जारी किए गए दस्तावेजों में एंड्रयू और एपस्टीन के बीच आदान-प्रदान किए गए आपत्तिजनक ईमेल और तस्वीरें शामिल हैं।

इनमें से एक ईमेल 2010 में हुआ था, जिसमें एपस्टीन ने एंड्रयू को बकिंघम पैलेस में होने वाले उनके निजी रात्रिभोज की योजना में बदलाव करने का अनुरोध किया था।

2010 में एपस्टीन से संबंध तोड़ने का दावा

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक 2008 में एक नाबालिग को वेश्यावृत्ति के लिए उकसाने के आरोप में दोषी ठहराए गए अमेरिकी फाइनेंसर ने बताया कि उनके साथ एक रूसी मॉडल सहित तीन महिलाएं थीं और उन्होंने पूछा कि क्या वह उन सभी को साथ ला सकते हैं, जिस पर एंड्रयू सहमत हो गए। यह बातचीत एपस्टीन द्वारा 13 महीने की सजा पूरी करने के ठीक एक साल बाद हुई थी।

एंड्रयू ने 2019 में बीबीसी को दिए एक साक्षात्कार में दावा किया था कि उन्होंने 2010 में एपस्टीन से सभी संपर्क तोड़ दिए थे। लेकिन हाल ही में सामने आए दस्तावेजों से पता चलता है कि जेल से रिहा होने के बाद एपस्टीन ने पूर्व राजकुमार और उनकी कर्ज में डूबी पूर्व पत्नी सारा फर्ग्यूसन को आर्थिक मामलों को संभालने में मदद की थी। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी किए गए ईमेल के नए जत्थे के अनुसार, एपस्टीन 2018 तक एंड्रयू के संपर्क में था। वाशिंगटन स्टेट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ये संदेश एक करीबी कारोबारी सहयोगी डेविड स्टर्न के माध्यम से भेजे गए थे।

एपस्टीन से व्यक्तिगत मुलाकातों के अलावा एंड्रयू ने कथित तौर पर एपस्टीन को उन कई एशियाई देशों के बारे में गोपनीय सरकारी ब्रीफिंग भी भेजी थीं जहां उन्होंने व्यापार दूत के रूप में दौरा किया था। इसके कारण अब उन पर सार्वजनिक पद पर कदाचार का आरोप लगाया गया है।

IANS
IANS
Indo-Asian News Service (IANS) भारत की एक निजी समाचार एजेंसी है। यह विभिन्न विषयों पर समाचार, विश्लेषण आदि प्रदान करती है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments