पटना: बिहार में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए नया साल बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। बिहार पुलिस सबऑर्डिनेट सर्विस कमीशन (BPSSC) ने होम गार्ड हवलदार क्लर्क पद पर भर्ती के लिए नया नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान से हवलदार क्लर्क 64 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जानी है। इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन तरीके से आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के लिए जारी विज्ञापन में बताया गया है कि चयन हेतु प्रतियोगित परीक्षा आयोजित की जाएगी। साथ ही उक्त पदों पर चयन के लिए बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किया जाएगा। एक अभ्यर्थी द्वारा मात्र एक ही ऑनलाइन आवेदन भरा जा सकता है।
BPSSC Recruitment: महत्वपूर्ण तिथियां और योग्यता
जारी अधिसूचना के अनुसार BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 जनवरी 2026 से शुरू होगी, और आवेदन करने की आखिरी तारीख 5 फरवरी 2026 है। योग्य उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद वे मांगी गई जानकारियां आदि भरकर आवेदन पूरा कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बगैर पहले ही समय पर अपना रजिस्ट्रेशन ऑफ फॉर्म भर दें ताकि आखिर लम्हों में तकनीकी समस्या का सामना उन्हें नहीं करना पड़े।
BPSSC होम गार्ड हवलदार क्लर्क पद पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का 12वीं (इंटरमीडिएट) पास करना अनिवार्य है। आवेदन करने वाला भारतीय नागरिक होना चाहिए। पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही सभी वर्गों एवं कोटि के अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र 24 वर्ष और अधिकतम 50 वर्ष होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश पुलिस में एसआई, एएसआई के पदों पर निकली भर्ती, जानें क्या है योग्यता?
इसके अलावा विज्ञापन में अभ्यर्थियों के शारीरिक मापदण्ड, नियुक्ति की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया है। इसकी जानकारी इस लिंक पर क्लिक करके हासिल की जा सकती है। वेतनमान लेवल-4 का होगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को 100 रुपये के शुल्क का भुगतान करना होगा। भुगतान ऑनलाइन माध्यम (डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग) से किया जा सकता है।
BPSSC Havildar Clerk Recruitment: आवेदन कैसे करें?
- इसके लिए सबसे पहले आपको वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in पर जाना होगा।
- यहां होमपेज पर आपको Home Guard के लिए अलग सेक्शन दिखेगा। यहां क्लिक करना होगा।
- यहां एप्लिकेशन लिंक नजर आएगा, जहां क्लिक कर रजिस्ट्रेशन और फिर आवेदन किया जा सकता है। लिंक 5 जनवरी, 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगा।
- रजिस्ट्रेशन करने के बाद आपको अपना लॉगइन आईडी प्राप्त होगा। इसे संभाल कर रखें। इसका इस्तेमाल कर आप आगे लॉगइन कर सकेंगे और फिर आवेदन भी किया जा सकता है।
- आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी देनी होगी। इसके बाद मांगे गए दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर आदि अपलोड करने होंगे।
- सबसे आखिर में आवेदन शुल्क का भुगतान करें। भविष्य के इस्तेमाल के लिए आवेदन फॉर्म का एक प्रिंटआउट जरूर निकाल लें या फिर इसे सेव करके भी रख सकते हैं।

