Friday, March 20, 2026
Homeभारतभाजपा को 20 जनवरी को मिलेगा नया अध्यक्ष, चुनाव का नोटिफिकेशन जारी;...

भाजपा को 20 जनवरी को मिलेगा नया अध्यक्ष, चुनाव का नोटिफिकेशन जारी; नितिन नबीन का चुना जाना लगभग तय

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। बिहार के पांच बार के विधायक और भाजपा के मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का चयन लगभग तय माना जा रहा है।

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 20 जनवरी को पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेगी। इस पद के लिए नामांकन एक दिन पहले 19 जनवरी तक भरे जा सकते हैं। इसके एक दिन बाद 20 तारीख के नए अध्यक्ष का ऐलान पार्टी की ओर से कर दिया जाएगा। पार्टी की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा शुक्रवार को कर दी गई। हालांकि, 20 तारीख को नए अध्यक्ष के ऐलान की खबरें पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में बनी हुई थी।

अभी नितिन नबीन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। माना जा रहा है कि अध्यक्ष पद के लिए उनका चुनाव निर्विरोध हो जाएगा। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार नितिन नबीन 19 जनवरी को नामांकन भर सकते हैं। बिहार से आने वाले नितिन नबीन को 14 दिसंबर को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका के लिए नियुक्त किया गया था।

इससे पहले 2020 में जेपी नड्डा भाजपा के अध्यक्ष बने थे। उनका कार्यकाल 2024 में खत्म हुआ था। नड्डा को भी अध्यक्ष बनाए जाने से पहले जून-2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने 20 जनवरी 2020 को निर्विरोध चुने जाते हुए अमित शाह की जगह ली थी।

45 साल के नबीन दिवंगत भाजपा नेता और पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं। पार्टी में उन्हें एक ऐसा नेता माना जाता है जो वैचारिक रूप से मजबूत हैं और संगठन से गहराई से जुड़े हुए हैं। उनका बैकग्राउंड राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी जुड़ा है। नितिन नबीन बिहार में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और बिहार सरकार में दो बार मंत्री रह चुके हैं।

नितिन नबीन का अध्यक्ष बनना तय!

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावक के तौर पर मौजूद रहने की उम्मीद है, जो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच नबीन के नेतृत्व में मजबूत समर्थन और विश्वास को दिखाता है।

नामांकन प्रक्रिया भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को चुनने के लिए उसके स्थापित आंतरिक संगठनात्मक ढांचे का हिस्सा है। कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय नेतृत्व के सदस्य और प्रमुख पदाधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, जिससे यह पार्टी के संगठनात्मक कैलेंडर में एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम बन जाएगा।

बिहार के पांच बार के विधायक नितिन नबीन को 14 दिसंबर को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, लेकिन खरमास (अशुभ समय) के कारण पार्टी अध्यक्ष के तौर पर उनका औपचारिक पदभार ग्रहण रुका हुआ था।

गौरतलब है कि कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद से ही नबीन अलग-अलग राज्यों का दौरा कर रहे हैं और पार्टी के साथियों से मिल रहे हैं। नबीन पहले पार्टी में कई अहम संगठनात्मक पदों पर रह चुके हैं, जिसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार अध्यक्ष का पद भी शामिल है।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments