Thursday, October 9, 2025
Homeभारतबंगाल में भाजपा सांसद पर हमला, बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर...

बंगाल में भाजपा सांसद पर हमला, बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर थे, BJP ने TMC पर लगाया आरोप

भाजपा सांसद पर हुए इस हमले की घटना के बाद राज्य में एक बार फिर राजनीतिक तनाव बढ़ने की आशंका है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि टीएमसी नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को हमले के लिए भड़काया।

जलपाईगुड़ी: उत्तरी मालदा से दो बार सांसद रहे भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर कुछ स्थानीय लोगों ने उस समय हमला कर दिया जब वे उत्तर बंगाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने गए थे। इस घटना के समय विधायक शंकर घोष भी उनके साथ थे। इस घटना में मुर्मू गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनके सिर में चोट आई है। यह घटना उस समय हुई जब वह भारी बारिश और भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए जलपाईगुड़ी के दुआर्स क्षेत्र के नागराकाटा इलाके की यात्रा कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुर्मू की कार पर पथराव किया गया। इससे उनके सिर में भी गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल के कुछ तस्वीरं और वीडियो सामने आए हैं इसमें सांसद का चेहरा और कपड़े खून से लथपथ दिखाई दे रहे हैं। भाजपा ने हमले की निंदा की है और राहत कार्य में लगे पार्टी नेताओं को निशाना बनाने के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को जिम्मेदार ठहराया है।

भाजपा आईटी सेल प्रभारी अमित मालवीय ने एक्स पर घायल सांसद का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘उत्तरी मालदा से दो बार सांसद रहे और एक सम्मानित आदिवासी नेता भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर नागराकाटा जाते समय टीएमसी के गुंडों ने उस समय हमला किया, जब वे विनाशकारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए जा रहे थे। ममता बनर्जी अपने कोलकाता कार्निवल में नाच रही थीं, जबकि टीएमसी और राज्य प्रशासन गायब था। जो लोग वास्तव में लोगों की मदद कर रहे थे, भाजपा नेता और कार्यकर्ता, उन पर राहत कार्य करने के लिए हमला किया जा रहा है। यह टीएमसी का बंगाल है, जहाँ क्रूरता का बोलबाला है और दया करने वालों को सजा मिलती है।’

बंगाल में बाढ़ की त्रासदी के बीच राजनीतिक वार-पलटवार

भाजपा सांसद पर हुए इस हमले की घटना के बाद राज्य में एक बार फिर राजनीतिक तनाव बढ़ने की आशंका है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि टीएमसी नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को हमले के लिए भड़काया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पात्रा ने कहा, ‘हमने एक बार फिर पश्चिम बंगाल में टीएमसी द्वारा शुरू किया गया ‘जंगल राज’ देखा है। जब खगेन मुर्मू बाढ़ राहत के लिए जलपाईगुड़ी के नागराकाटा जा रहे थे, तो स्थानीय विधायक शंकर घोष भी उनके साथ थे। उस समय, टीएमसी नेताओं के इशारे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने खगेन मुर्मू और शंकर घोष पर हमला किया। पूरे भारत ने इसे देखा। खगेन मुर्मू को सिर में चोटें आई हैं… आज, एक आदिवासी नेता और 2 बार के सांसद पर अमानवीय तरीके से हमला किया गया; यह क्रूरता और बर्बरता है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।’

दूसरी ओर टीएमसी ने आरोपों को खारिज किया है और दावा किया कि यह घटना मानवीय संकट के दौरान भाजपा की ‘फोटो-ऑप राजनीति’ से निराश स्थानीय लोगों की सहज प्रतिक्रिया थी।

वहीं, भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और भाजपा विधायक शंकर घोष पर हमले पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘हम कानून-व्यवस्था में कोई गिरावट नहीं चाहते हैं। हम कभी कोई घटना नहीं चाहते हैं। यदि आप 30-40 वाहनों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाते हैं, तो लोग घायल होंगे। जिन लोगों ने ‘रोटी-कपड़ा-मकान’ खो दिया है, उन्हें भोजन, कपड़े और आश्रय की आवश्यकता है। इसलिए, हम वहां राजनीति करने नहीं जाना चाहते हैं। एक घटना हुई है… इसलिए, मैंने डीजीपी को वहां जाने के लिए कहा। वह वहां गए और वहां सभी से बात की… हम और कोई घटना नहीं चाहते हैं। कृपया शांत रहें…’

बाढ़ और भूस्खलन में 23 लोगों की हो चुकी है मौत

सांसद पर यह हमला उत्तर बंगाल में भीषण बाढ़ के बीच हुआ है, जिसमें शनिवार रात से कम से कम 23 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार बारिश के कारण दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और आसपास के इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ है, जिससे सैकड़ों निवासी विस्थापित हो गए हैं।

एनडीआरएफ ने रविवार को बचाव अभियान चलाया और प्रभावित इलाकों से 160 से ज्यादा लोगों को निकाला। इनमें से 105 लोगों को नाव से और 55 लोगों को जलपाईगुड़ी में जिप लाइन के जरिए निकाला गया। राहत अभियान तेज होने के साथ ही अधिकारी जल स्तर पर नजर बनाए हुए हैं और फंसे हुए निवासियों को सहायता प्रदान कर रहे हैं।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा