Friday, March 20, 2026
Homeविचार-विमर्शराज की बात: सभी को भैया-चाचा कहने वाले नितिन नबीन ने बड़े-बड़े...

राज की बात: सभी को भैया-चाचा कहने वाले नितिन नबीन ने बड़े-बड़े नेताओं को छोड़ा पीछे, पिता की अयोध्या आंदोलन में रही थी सक्रिय भूमिका

भाजपा ने नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने इस पद के लिए चर्चा में चल रहे बड़े-बड़े दिग्गज नामों को पीछे छोड़ दिया है।

नितिन नबीन को विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। “नितिन नबीन बहुत विनम्र और जमीनी स्तर के नेता हैं।”, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को स्वयं बता दिया। रविवार को जब अरुण सिंह ने नितिन की नियुक्ति की घोषणा की तो सभी बड़े-बड़े नेता शिव राज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान, भूपिंदर यादव, जिनका नाम सर्कुलेशन में था, आश्चर्य चकित रह गए। भोपाल में तो चौहान के आवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी लेकिन शनिवार की रात रायपुर से बीजेपी के पुराने नेता विजय कुमार शर्मा का फोन मेरे पास आया तब कन्फ्यूजन थोड़ा दूर हुआ “क्या भाई साहब, पटना वाले ही कंट्रोल करते रहेंगे?”

जगत प्रकाश नड्डा जो नबीन की तरह ही 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे, भी पटना में ही जन्म लिए, स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई भी यहीं किए। नबीन के पिता स्वर्गीय नवल किशोर सिन्हा के साथ विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रहे। नबीन के पिता ने अयोध्या आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी और 7 दिसंबर 1992 को पटना से सटे फुलवारीदारीफ रेलवे स्टेशन पर तब गिरफ्तार हुए, जब विवादित ढांचे के टुकड़ों को ला रहे थे। 2005 के विधान सभा चुनाव में पटना पश्चिम से चुने गए थे, लेकिन अगले साल ही उनका देहान्त हो गया था। यह क्षेत्र पारंपरिक तरीके से जनसंघ और बीजेपी का गढ़ रहा था। यहीं से रविशंकर प्रसाद के पिता ठाकुर प्रसाद तथा शैलेन्द्र नाथ श्रीवास्तव भी चुने गए थे। नितिन नबीन जो उस समय 25 साल के थे, को बीजेपी ने उपचुनाव में सुशील कुमार मोदी की अनुशंसा पर उम्मीदवार बनाया और तब से लगातार पांच बार नबीन विधायक बने। सभी को भैया और चाचा कहने वाले युवा नेता नबीन नीतीश कुमार के भी प्रिय रहे हैं। नबीन अपने बेटे का पहला जन्मदिन विशाल स्तर पर टेलर रोड बंगले पर मना रहे थे, केक तभी कटा जब मुख्य मंत्री पधारे। नबीन नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में लोक निर्माण, नगर विकास विभाग के मंत्री रहे है। उनके संगठन की क्षमता को छत्तीसगढ़ में पहचान मिली, जब लगातार दो चुनावों में वे प्रभारी रहे और पार्टी के विभिन्न गुटों की एकता कराई, स्मरण रहे, जगत प्रकाश नड्डा भी अध्यक्ष बनने के पहले छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे।

नितिन बिहार के पहले नेता हैं जो राष्ट्रीय स्तर पर कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं साथ ही वे पहले कायस्थ हैं जो इस जगह पर पहुंचे हैं। बिहार से ही कायस्थ जाति के रविशंकर प्रसाद हैं जो पटना साहिब का प्रतिनिधित्व लोक सभा में करते हैं। चुनावों में कायस्थ मतदाताओं पर प्रभाव पड़ेगा। नितिन बहुत ही धार्मिक व्यक्ति हैं, पटना जंक्शन के पास प्राचीन हनुमान मंदिर प्रति मंगलवार को जाते हैं। अभी एक सप्ताह पहले मध्य प्रदेश में दतिया स्थित बगला मुखी देवी जी मंदिर में विशेष पूजा पाठ किया था।

लव कुमार मिश्र
लव कुमार मिश्र
लव कुमार मिश्र, 1973 से पत्रकारिता कर रहे हैं,टाइम्स ऑफ इंडिया के विशेष संवाददाता के रूप में देश के दस राज्यों में पदस्थापित रह। ,कारगिल युद्ध के दौरान डेढ़ महीने कारगिल और द्रास में रहे। आतंकवाद के कठिन काल में कश्मीर में काम किए।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments