Friday, October 10, 2025
Homeभारतभाजपा का आरोप, सोनिया गांधी का जार्ज सोरोस की फंडिंग वाले संगठन...

भाजपा का आरोप, सोनिया गांधी का जार्ज सोरोस की फंडिंग वाले संगठन से संबंध

नई दिल्ली: भाजपा ने रविवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका संबंध जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन की आर्थिक मदद से चल रहे एक संगठन से है।

पार्टी का दावा है कि सोनिया गांधी फोरम ऑफ डेमोक्रेटिक लीडर्स इन एशिया पैसिफिक (एफडीएल-एपी) की सह-अध्यक्ष हैं, जिसे सोरोस फाउंडेशन फंड करता है।

भाजपा का कहना है कि एफडीएल-एपी ने कश्मीर को एक आजाद देश के रूप में मानने का समर्थन किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, पार्टी ने इस समर्थन को भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप बताया है।

सोशल मीडिया पर भाजपा ने एक पोस्ट में कहा, “एफडीएल-एपी फाउंडेशन ने कश्मीर को अलग इकाई मानने की बात कही है।”

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोरोस को “पुराना दोस्त” कहा था

खबर में बताया गया है कि भाजपा ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ ओपन सोसाइटी फाउंडेशन के उपाध्यक्ष सलिल शेट्टी की तस्वीर साझा करते हुए कांग्रेस पर हमला किया।

पार्टी ने कहा कि यह संगठन भी जॉर्ज सोरोस से जुड़ा है। भाजपा ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने सोरोस को “पुराना दोस्त” कहा था।

विपक्षी नेताओं, ओसीसीआरपी और जॉर्ज सोरोस मिले हुए हैं-भाजपा

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं का संगठित अपराध और भ्रष्टाचार रिपोर्टिंग परियोजना (OCCRP) और जॉर्ज सोरोस के साथ मिलीभगत है।

दुबे ने कहा कि इसका उद्देश्य भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर करना और मोदी सरकार की छवि खराब करना है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी के प्रेस कॉन्फ्रेंस को सोरोस से जुड़े प्लेटफॉर्म ने बढ़ावा दिया।

कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा पर अदानी समूह को बचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, “भाजपा अदानी के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए ऐसे निराधार आरोप लगा रही है।” उन्होंने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पर संसद में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

खबरके मुताबिक, एम्स्टर्डम में स्थित ओसीसीआरपी ने हाल ही में अदानी समूह पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने इन रिपोर्टों को आधार बनाकर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी-JPC) से जांच की मांग की है। अदानी समूह ने इन आरोपों को निराधार बताया, जबकि भाजपा ने कांग्रेस पर विदेशी संगठनों से संबंध छिपाने का आरोप लगाया।

भाजपा ने ओसीसीआरपी और अमेरिकी “डीप स्टेट” के भारत विरोधी साजिश की बात भी कही, लेकिन अमेरिकी दूतावास ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अमेरिका मीडिया की स्वतंत्रता का सम्मान करता है।

यह मुद्दा अब भारतीय राजनीति में नया विवाद खड़ा कर चुका है। भाजपा और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा