Friday, March 20, 2026
Homeभारतबिहार चुनाव: मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या मामले में अनंत सिंह...

बिहार चुनाव: मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या मामले में अनंत सिंह नामजद आरोपी, बढ़ेगी मुश्किल!

कभी लालू यादव और अनंत सिंह के भी करीबी रहे दुलारचंद यादव की हत्या गुरुवार शाम जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार करने के दौरान हो गई। घटना में मोकामा से जदयू उम्मीदवार और बाहुबली अनंत सिंह का नाम आ रहा है।

पटना: बिहार के मोकामा में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद की गुरुवार शाम गोली मारकर की गई हत्या के बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मामले में मोकामा से जदयू के प्रत्याशी और बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही हैं। चुनाव प्रचार के दौरान जन सुराज के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या मामले में अनंत सिंह को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने मामले में अनंत सिंह समेत 5 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। घटना मोकामा के टाल इलाके में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और देर शाम से ही पुलिस यहां के आसपास के इलाकों में कैंप कर रही है।

वेबसाइट लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार देर रात दुलारचंद यादव के पोते के बयान पर पुलिस ने अनंत सिंह, उनके दो भतीजों रणवीर और कर्मवीर समेत 5 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। दुलारचंद यादव के परिजनों का आरोप है कि मृतक के साथ पहले मारपीच हुई, फिर गोली मारी गई और फिर गाड़ी चढ़ा दी गई। समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी गिरफ्तारी की खबर नहीं है।

अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह पर लगाया साजिश का आरोप

इस पूरी घटना को लेकर अनंत सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में हत्या के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि जब वे चुनाव प्रचार से लौट रहे थे तो कई गाड़ियां काफिले में थी। उनके साथ कई गाड़ियां आगे निकल गई जबकि कुछ पीछे रह गई जिसे जन सुराज के समर्थकों ने घेर लिया और पत्थरबाजी करने लगे। इसी हंगामे के बीच गोली चली और दुलारचंद यादव की मौत हो गई।

अनंत सिंह ने कहा कि यह राजद नेता सूरजभान सिंह की साजिश है और उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ये सब इसलिए किया जा रहा है ताकि वोटों को डिस्टर्ब किया जा सके।

इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार असल में बवाल उस समय शुरू हुआ जब प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी प्रचार कर रहे थे। उनके साथ दुलारचंद यादव भी थे। तब उसी रास्ते से अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ गुजर रहे थे। इसी दौरान दोनों गुटों के बीच बहस और गाली गलौज शुरू हुआ और गोली भी चली। इसी में दुलारचंद यादव की मौत हो गई। पीयूष प्रियदर्शी धानुक समाज से आते हैं और लल्लू मुखिया के नाम से भी जाने जाते हैं।

तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल

इस पूरी घटना पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और केंद्र पर तीखा हमला बोला है। पटना में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव में हिंसा की कोई जरूरत नहीं है। चुनाव का समय है, आचार संहिता लागू है और इस दौरान कुछ लोग बंदूक-गोली लेकर घूम रहे हैं।

तेजस्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 साल पुरानी बातें करते हैं लेकिन 30 मिनट पहले क्या हुआ, ये नहीं देखते। सीवान में एक एएसआई की गला रेत कर हत्या कर दी गई। मोकामा में दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बिहार में किस प्रकृति के लोग हावी हैं, ये जनता देख रही है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को आंख खोलकर देखना चाहिए कि किस तरह की बौखलाहट इनकी हार को लेकर सामने आ रही है। कौन लोग हैं जो अपराधियों को पैरोल पर बाहर लाते हैं और उन्हें संरक्षण देते हैं? ये सब बिहार की जनता देख रही है और आने वाले चुनाव में करारा जवाब देगी।

राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि ये लोग कभी 200 राउंड गोली चलाते हैं, हत्या होती है, लेकिन कुछ नहीं होता। सरकार में बैठे लोग अपनी कुर्सी बचाने के लिए अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और जनता अब बदलाव के मूड में है।

दुलारचंद यादव…कभी लालू यादव और अनंत सिंह के भी रहे करीबी

दुलारचंद यादव का भी राजनीति और अपराध की दुनिया से नाता रहा है। इनका बाढ़ और मोकामा के टाल क्षेत्र में दबदबा रहा है। साल 2019 में पटना पुलिस ने दुलारचंद यादव को कुख्यात बदमाश बताते हुए गिरफ्तार किया था। दुलारचंद के खिलाफ कई मामले भी दर्ज रहे हैं।

90 के दशक में दुलारचंद का नाम इलाके के प्रभावशाली लोगों में गिना जाता था। इसी दौरान वे लालू प्रसाद यादव के भी संपर्क में आए और मोकामा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा। हालांकि वे हार गए। अनंत सिंह से भी पूर्व में उनके रिश्ते काफी अच्छे बताए जाते हैं। हालांकि पिछले कुछ महीनों में दोनों के बीच तनातनी काफी बढ़ने लगी थी।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments