पटना: चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने गुरुवार (9 अक्टूबर) को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 51 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में कई अहम नाम शामिल हैं। लिस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह, समाजवादी नेता रहे कर्पूरी ठाकुर की पोती जागृति ठाकुर, लोकप्रिय भोजपुरी गायक रितेश पांडेय सहित प्रसिद्ध गणितज्ञ और कई किताबें लिख चुके केसी सिन्हा का नाम शामिल है।
पहली लिस्ट में प्रशांत किशोर का नाम नहीं है। पहले उनके करगहर या राघोपुर से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थी। करगहर के टिकट का फैसला हो चुका है, ऐसे में राघोपुर पर अभी नजरें बनी हुई हैं। गुरुवार को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा में भी प्रशांत किशोर मौजूद नहीं थे।
बहरहाल, आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह को नालंदा के अस्थावा से टिकट दिया गया है। जागृति ठाकुर को समस्तीपुर के मोरवा से चुनावी मैदान में पार्टी ने उतारा है। भोजपुरी गायक रितेश पांडे को रोहतास के करगहर से टिकट मिला है। जबकि पटना की कुम्हरार सीट से गणितज्ञ केसी सिन्हा को जन सुराज ने चुनावी मैदान में उतारा है।
वकील और डॉक्टर भी लिस्ट में
जन सुराज पार्टी की पहली सूची में 7 सुरक्षित और 44 सामान्य सीटों के उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। पार्टी ने बताया है कि आबादी के हिसाब से सभी वर्गों के लोगों को प्रतिनिधित्व देने के वादे के अनुसार प्रदेश की सबसे बड़ी आबादी अति पिछड़ा वर्ग के 17 (16 हिंदू, 1 मुस्लिम) उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग से 11, सामान्य वर्ग से 9 और 7 अल्पसंख्यक वर्ग के उम्मीदवार हैं।
प्रशांत किशोर राजनीति में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर काफी मुखर रहे हैं, इसलिए उम्मीदवारों का चयन करते समय उनकी साफ-सुथरी छवि पर विशेष ध्यान दिया गया है। किशोर ने चुनावी मुकाबले के लिए कई पूर्व नौकरशाहों, पुलिस अधिकारियों, वकीलों, डॉक्टरों को मैदान में उतारा है।
पटना के कुम्हरार से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार केसी सिन्हा पटना विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं। उनकी लिखी किताबों को बिहार और कई अन्य राज्यों के स्कूलों में दशकों से पढ़ाया जाता रहा है।
ऐसे ही वाईबी गिरि मांझी से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार हैं। पटना उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता वाईबी गिरि कई चर्चित मामलों में शामिल रहे हैं। उन्होंने बिहार के अतिरिक्त महाधिवक्ता और पटना उच्च न्यायालय में केंद्र सरकार के मामलों के लिए भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के रूप में भी कार्य किया है।
मुजफ्फरपुर सीट से जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अमित कुमार दास पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने लंबे समय से जागरूकता फैलाने और ग्रामीण इलाकों में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुँचाने के लिए काम किया है। वह और उनकी पत्नी, जो खुद भी एक डॉक्टर हैं, मुजफ्फरपुर में एक अस्पताल चलाते हैं।
जन सुराज पार्टी की पहली लिस्ट- किसे कहां से मिला टिकट?
वाल्मिकी नगर (पश्चिमी चंपारण)- द्रिग नारायण प्रसाद
लौरिया (पश्चिमी चंपारण)- सुनील कुमार
हरसिद्धि (एससी, पूर्वी चंपारण)- अवधेश राम
ढाका (पूर्वी चंपारण)- डॉ. लाल बाबू प्रसाद
सुरसंड (सीतामढ़ी)- उषा किरण
रून्नीसैदपुर (सीतामढ़ी)- विजय कुमार शाह)
बेनीपट्टी (मधुबनी)- मोहम्मद परवेज आलम
निर्मली (सुपौल)- राम प्रवेश कुमार यादव
सिक्ती (अररिया)- राघिब बब्लू
कोचाधामन (किशनगंज)- अबू अफ्फान फारूकी
अमौर (पूर्णिया)- अफरोज आलम
बैसी (पूर्णिया)- मोहम्मद शाहनवाज आलम
प्राणपुर (कटिहार)- कुणाल निषाद उर्फ सोनू सिंह
आलमनगर (मधेपुरा)- सुबोध कुमार सुमन
सहरसा (सहरसा)- किशोर कुमार
सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)- सुरेंद्र यादव
महिषी (सहरसा)- शमीम अख्तर
दरभंगा ग्रामीण- शोएब खान
दरभंगा- आरके मिश्रा
कोटी (दरभंगा)- बिल्लू साहनी
मीनापुर (मुजफ्फरपुर)- तेज नारायण साहनी
मुजफ्फरपुर- डॉ. अमित कुमार दास
गोपालगंज- डॉ. शशि शेखर सिन्हा
भोरे (एससी/गोपालगंज)- प्रीति किन्नर
रघुनाथपुर (सिवान)- राहुल कीर्ति सिन्हा
दुरौंधा (सिवान)- सत्येंद्र कुमार यादव
मांझी (सारण)- यदुवंश गिरी
बनियापुर (सारण)- श्रवण कुमार महतो
छपरा (सारण)- जय प्रकाश सिंह
परसा (सारण)- मुसाहब महतो
सोनपुर (सारण)- चंदन लाल मेहता
कल्याणपुर (एससी/ समस्तीपुर)- राम बालक पासवान
मोरवा (समस्तीपुर)- जागृति ठाकुर
मोठियानी (बेगुसराय)- डॉ. अरूण कुमार
बेगुसराय- सुरेंद्र कुमार साहनी
खगड़िया- जयंती पटेल
बेलदौर (खगड़िया)- गजेंद्र कुमार सिंह (निषाद)
परबत्ता (खगड़िया)- विनय कुमार वरुण
पीरपैंती (एससी/भागलपुर)- घनश्याम दास
बेलहर (बांका)- ब्रज किशोर पंडित
अस्थावा- (नालंदा)- लता सिंह
बिहारशरीफ (नालंदा)- दिनेश कुमार
नालंदा- कुमारी पूनम सिन्हा
कुम्हरार (पटना महानगर)- केसी सिन्हा
आरा (भोजपुर)- डॉ. विजय कुमार गुप्ता
चेनारी (एससी/रोहतास)- नेहा कुमारी (नटराज)
करगहर (रोहतास)- रितेश रंजन (पांडेय)
गोह (औरंगाबाद)- सीता राम दुखारी
नबीनगर (औरंगाबाद)- अर्चना चंद्रा
इमामगंज (एससी/गया)- डॉ. अजीत कुमार
बोध गया (एससी/गया)- लक्ष्मण मांझी