पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच नीतीश कुमार की जनता दल (यू) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची बुधवार को जारी कर दी। पहली लिस्ट में 57 नाम हैं। एनडीए में हुए सीट शेयरिंग फॉर्मूल के तहत जदयू को 101 सीटों पर चुनाव लड़ना है। जदयू की पहली लिस्ट में मोकामा से अनंत सिंह सहित तीन बाहुबलियों के नाम हैं। एकमा से धुमल सिंह और कुचाएकोट से बाहुबली माने जाने वाले अमरेंद्र पांडेय को पार्टी ने टिकट दिया है।
इसके अलावा लिस्ट में 6 मंत्री और 4 महिला उम्मीदवार भी हैं। एक और अहम बात ये भी है कि जदयू ने उन 5 सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिसके बारे में कहा जा रहा था कि एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान दावा कर रहे हैं। जदयू की पहली लिस्ट में कोई मुस्लिम उम्मीदवार नहीं है।
किन 6 मंत्रियों को टिकट, किन विधायकों का पत्ता कटा
जदयू की पहली सूची में जिन पांच मंत्रियों को टिकट मिला है, उसमें ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार (नालंदा से), जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी (सरायरंजन), सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी (कल्याणपुर), समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी (बहादुरपुर) और मद्य निषेध मंत्री रत्नेश सदा (सोनबरसा) के नाम शामिल हैं। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भोरे से चुनाव लड़ेंगे।
जदयू की पहली सूची में चार महिला उम्मीदवारों में मधेपुरा से कविता साहा, गायघाट से कोमल सिंह, समस्तीपुर से अश्वमेध देवी और विभूतिपुर से रवीना कुशवाहा शामिल हैं। पहली सूची में शामिल 57 उम्मीदवारों में से 30 नए नाम हैं और 27 वैसे हैं जिन्हें इस बार दोहराया गया है। चार विधायकों- अमन भूषण हजारी (कुशेश्वर स्थान), अशोक कुमार चौधरी (सकरा), अशोक कुमार (वारिसनगर), सुदर्शन (बरबीघा) के टिकट कट गए हैं।
बहरहाल, जद(यू) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक पटना जिले के फुलवारीशरीफ से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। सूर्यगढ़ा से पार्टी ने रामानंद मंडल को मैदान में उतारा है। पहले यह सीट राजद से आए पूर्व विधायक प्रहलाद यादव को मिलने की संभावना थी, जिन्होंने फरवरी 2024 में फ्लोर टेस्ट के दौरान एनडीए का दामन थाम लिया था। 2020 में राजद के टिकट पर सूर्यगढ़ा सीट जीतने वाले प्रहलाद यादव को इस बार टिकट नहीं दिया गया है। बिहार जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा महनार (वैशाली) से, कैबिनेट मंत्री महेश्वर हजारी कल्याणपुर (एससी आरक्षित) से मैदान में होगे।
चिराग पासवान के दावे वाली 5 सीटें भी जदयू की लिस्ट में
जदयू ने जो पहली लिस्ट जारी है, उसमें कम से कम पाँच सीटें ऐसी हैं जिस पर चिराग पासवान की नजरें थी। वे अपने उम्मीदवारों के लिए ये सीट चाहते थे। सूत्रों के अनुसार इससे नीतीश कुमार नाराज चल रहे थे और उन्होंने जोर दिया कि ये सीटें उनकी पार्टी के पास ही रहनी चाहिए। एनडीटीवी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि दोनों दलों की नजर जिन पाँच सीटों पर है, उनमें मोरवा, सोनबरसा, राजगीर, गायघाट और मटिहानी शामिल हैं।
इसके अलावा कुछ मीडिया रिपोर्ट में एकमा को भी उन सीटों में दिखाया गया है, जिसे लेकर खींचतान है। जेडीयू ने आज इन सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
इससे पहले 2020 के चुनावों में राजद ने मोरवा और गायघाट में, और जेडीयू ने राजगीर और सोनबरसा में जीत हासिल की थी। मटिहानी में लोक जनशक्ति पार्टी के राजकुमार सिंह विजयी हुए थे, लेकिन बाद में वे जेडीयू में शामिल हो गए थे।
बता दें कि 243 सदस्यों वाले बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होना है। एनडीए में सीटों की मौजूदा साझेदारी के तहत जेडीयू और बीजेपी 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। बाकी सीटें चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा के बीच बंटी हैं। 2020 में चिराग पासवान ने अकेले चुनाव लड़ा था और कई सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों को नुकसान पहुँचाया था।