Thursday, October 9, 2025
HomeभारतBihar Election 2025 Date: बिहार में दो फेज में 6 और 11...

Bihar Election 2025 Date: बिहार में दो फेज में 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 को आएंगे नतीजे

बिहार में पिछला विधानसभा चुनाव 2020 में तीन चरणों में कराया गया था। इस बार निर्वाचन आयोग ने दो चरणों में चुनाव कराने की घोषणा की है। 14 नवंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे।

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव- 2025 (Bihar Election 2025 Date) की तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि बिहार के 243 विधानसभा सीटों के लिए इस बार दो चरणों में मतदान कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। दूसरे फेज में वोटिंग 11 नवंबर को होगी। 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।

इससे पहले निर्वाचन आयोग की ओर से बताया गया है कि बिहार में चुनाव के लिए कुल 90,712 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके तहत प्रति केंद्र औसतन 818 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 76,801 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाकों में हैं। वहीं, शहरी क्षेत्रों में 13,911 मतदान केंद्र होंगे। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी। साथ ही, 1,350 मॉडल मतदान केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।

बिहार चुनाव का पूरा कार्यक्रम

पहले चरण में 121 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। वहीं, दूसरे चरण में 122 विधानसभा क्षेत्र में मतदान होगा। पहले चरण के लिए गजट अधिसूचना जारी करने की तिथि 10 अक्टूबर (शुक्रवार) है। वहीं, नामांकन की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर होगी। उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की तारीख 20 अक्टूबर (सोमवार) रखी गई है। मतदान 6 नवंबर (गुरुवार) को होगा।

दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 13 अक्टूबर (सोमवार) को जारी होगी और नामांकन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर (सोमवार) रखी गई है। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर होगी। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर (मंगलवार) को होगा।

बिहार: पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान

सीवान
गोपालगंज
बक्सर
सारण
मुजफ्फरपुर
सहरसा
दरभंगा
मधेपुरा
खगड़िया
भोजपुर
बेगूसराय
समस्तीपुर
पटना
वैशाली
नालंदा
मुंगेर
शेखपुरा
लखीसराय

दूसरे चरण में इन 20 जिलों में मतदान

जमुई
गया
अरवल
नवादा
जहानाबाद
रोहतास
कैमूर (भभुआ)
औरंगाबाद
मधुबनी
पश्चिमी चंपारण
पूर्वी चंपारण
सीतामढ़ी
शिवहर
सुपौल
अररिया
बांका
भागलपुर
पूर्णिया
किशनगंज
कटिहार

14 लाख मतदाता पहली बार डालेंगे वोट

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार में कुल 7.43 करोड़ मतदाता हैं। इनमें करीब 3.92 करोड़ पुरुष, 3.50 करोड़ महिला और 1,725 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसमें 7.2 लाख दिव्यांग मतदाता और करीब 4.04 लाख 85 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। 14 हजार ऐसे मतदाता भी हैं जिनकी उम्र 100 वर्ष या उससे अधिक है।

चुनाव आयोग के अनुसार 1.63 लाख सर्विस वोटर्स, 1.63 करोड़ युवा मतदाता (20-29 वर्ष) और करीब 14.01 लाख पहली बार बार वोट देने वाले (18-19 वर्ष) मतदाता हैं। ये सभी आंकड़े SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 सितंबर 2025 तक के हैं।

बदला…बदला होगा बिहार चुनाव! 17 नई पहल

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के चुनाव के साथ कई नए प्रयोग और पहल की भी घोषणा की। उन्होंने साथ ही कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के ठीक बाद होने वाले ये चुनाव देश के बाकी हिस्सों को मतदाता सूचियों को ठीक करने की दिशा में रास्ता दिखाएगा। निर्वाचन आयोग ने बिहार चुनाव के साथ 17 नई पहल की भी घोषणा की जिसे आने वाले दिनों में पूरे देश में लागू किया जाएगा।

  1. EPIC की निःशुल्क डिलीवरी
  2. बीएलओ के लिए फोटो पहचान पत्र
  3. मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा कराने की सुविधा
  4. क्लियर वोटर इनफॉर्मेशन स्लिप (VIS)- सीरियल और पार्ट नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित होंगे
  5. ECI Net ऐप- कई महत्वपूर्ण जानकारियां, जिनमें लगभग रीयल-टाइम वोटर टर्नआउट अपडेट शामिल होगा।
  6. मतदान केंद्र की सीमा 1,200 मतदाता
  7. मतदान केंद्र के बस 100 मीटर के बाहर उम्मीदवार बूथ की अनुमति
  8. सभी मतदान केंद्रों पर 100% वेबकास्टिंग
  9. ईवीएम मतपत्र के डिजाइन और प्रिटिंग में बदलाव
  10. डिजिटल इंडेक्स कार्ड और रिपोर्ट
  11. सभी बेमेल के लिए अनिवार्य वीवीपैट गणना
  12. डाक मतपत्रों की गणना को और सुव्यवस्थित करना
  13. बूथ लेवल एजेंट की ट्रेनिंग
  14. बूथ लेवल अधिकारियों की ट्रेनिंग
  15. पुलिस अधिकारियों की ट्रेनिंग
  16. बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (जो अब पूरा हो चुका है)
  17. चुनाव के लिए काम करने वाले अधिकारियों के लिए बढ़ा हुआ पारिश्रमिक

बिहार में पिछला विधानसभा चुनाव 2020 में तीन चरणों में कराया गया था। इस दौरान 58.7% वोटिंग हुई थी। चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना 10 नवंबर 2020 को हुई थी।

बहरहाल, बताते चलें बिहार में चुनाव तारीखों के ऐलान से कुछ घंटे पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इसमें पार्टी ने बेगूसराय, कुशेश्वरस्थान, सरैया, कस्बा, बेनीपट्टी, फुलवारी शरीफ, बांकीपुर, किशनगंज सदर, परिहार, गोविंदपुर और बक्सर से उम्मीदवार का ऐलान किया है।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा