Friday, March 20, 2026
Homeएग्जिट पोल के मुताबिक यूपी और बिहार में एनडीए और इंडिया ब्लॉक...

एग्जिट पोल के मुताबिक यूपी और बिहार में एनडीए और इंडिया ब्लॉक को कितनी मिलेंगी सीटें?

यूपी-बिहार का एग्जिट पोलः लोकसभा चुनाव के मतदान का महापर्व शनिवार 1 जून को संपन्न हो गया। सातवें व आखिरी चरण के लिए 57 सीटों पर शनिवार को मतदान हुआ। इससे पहले लोकसभा की 486 सीटों के लिए 6 चरणों में मतदान हुए थे। अब लोकसभा की सभी 543 सीटों के लिए मतदान पूरा हो चुका है। नतीजे 4 जून को आएंगे लेकिन इस बीच तमाम टीवी चैनलों और पोल एजेंसियों ने अपने-अपने एग्जिट पोल के आंकड़े जारी कर दिए हैं।

यूपी एग्जिट पोल में एनडीए, इंडिया ब्लॉक को कितनी सीटें?

रिपब्लिक-पीमार्क एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़  नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) उत्तर प्रदेश में 50 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 69 से 74 सीटें जीत सकती है। जबकि इंडिया ब्लॉक हिस्से में 6 से 11 सीटें जाएंगी। पोल में मायावती की बहुजन समाज पार्टी व अन्य के खाते में एक भी सीट नहीं जाने का अनुमान है।

‘एनडीटीवी-जन की बात’ ने अपने एग्जिट पोल में कहा है कि यूपी में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए को 68-74 सीटें मिलेंगी और इंडिया ब्लॉक को 12-16 सीटें मिलेंगी। इसके साथ इंडिया न्यूज-डी डायनेमिक ने एनडीए को 69, इंडिया को 11 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। जबकि न्यूज नेशन पोल के मुताबिक, एनडीए  67 और इंडिया 13 सीटें जीत सकती है। इस बीच, न्यूज18 के पोल में यूपी में एनडीए को 64 से 71 और इंडिया गठबंधन को 9 से 12 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। जिनमें से 3 से 6 सीटें कांग्रेस के हिस्से जा सकती हैं।

सर्वे एजेंसियां एनडीए इंडिया ब्लॉक
रिपब्लिक-पीमार्क 69 – 74 सीटें 6 – 11 सीटें
एनडीटीवी-जन की बात 68-74 सीटें 12-16 सीटें
इंडिया न्यूज-डी डायनेमिक 69 सीटें 11 सीटें
चाणक्य 68 सीटें 12 सीटें
आजतक-AXIS माय 67-72 सीटें 8-12 सीटें
टाइम्स नाउ-वीएमआर 68-71 सीटें 8-12 सीटें
इंडिया टीवी 62-68 सीटें 12-18 सीटें

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में  महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी और मिर्जापुर पर 1 जून को मतदान हुआ। प्रदेश में कुल 80 लोकसभा सीटें हैं। भाजपा की नेतृत्व वाली एनडीए राज्य में 75 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ी है जबकि 5 सीटें अपने अन्य दलों को दिया है। वहीं इंडिया ब्लॉक की समाजवादी पार्टी 62 सीट, कांग्रेस 17 सीट और टीएमसी 1 सीट पर चुनाव लड़ी है।

पिछले लोकसभा चुनाव के क्या थे आंकड़े

2019 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली एकमात्र लोकसभा सीट थी जिसे कांग्रेस ने जीता था। सोनिया गांधी ने भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को हराया था। इस बार, राहुल गांधी इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा ने फिर से सिंह को टिकट दिया है। उत्तर प्रदेश में 2014 के आम चुनाव में एनडीए ने 73 सीटें जीती थीं। जिसमें से भाजपा को 71 सीट और अपना दल को दो सीटों पर जी मिली थी। वहीं  2019 में एनडीए के हिस्से 64 सीटें गई थीं। जिनमें से भाजपा को 62 और अपना दल को दो सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

बिहार एग्जिट पोलः किसको कितनी सीटें मिल रहीं?

बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए 1 जून को अंतिम चरण का मतदान कराया गया। यहां की 40 सीटों के लिए 7 चरणों में मतदान हुआ। 4 जून को नतीजें आएंगे लेकिन इस बीच एग्जिट पोल में एनडीए को अच्छी खासी सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इंडिया टुडे-ऐक्सिस माय इंडिया के अनुसार बिहार में एनडीए को 29 से 33 सीटें मिलने का अनुमान है। जिसमे से भाजपा को 13-15 सीटें और जदयू को  9 से 11 सीटें और लोजपा (आर) को 4 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन को 7 से 10 सीटें मिल सकती हैं। जिनमें से राजद को 6-7 और कांग्रेस को 1-2 सीटें मिलने का अनुमान है।

रिपब्लिक भारत-मैट्रिज के मुताबिक एनडीए को 32-37 और इंडिया को 2-7 सीटेंं मिल सकती हैं। जबकि माई एक्सिस ने इंडिया गठबंधन को 7-9 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है. बीते चुनाव में यहां इंडिया गठबंधन को केवल एक सीट मिली थी।

 

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments