Friday, March 20, 2026
HomeखेलकूदIPL 2026 में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर जारी विवाद के बीच बीसीसीआई ने...

IPL 2026 में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर जारी विवाद के बीच बीसीसीआई ने क्या कहा?

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने अब तक 60 IPL मैचों में 8.13 की इकॉनमी रेट से 65 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ IPL में डेब्यू किया था।

मुंबई: बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के हिस्सा लेने को लेकर मचे विवाद के बीच इस पर कोई भी प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मामले पर बीसीसीआई सूत्रों की ओर से कहा गया कि इस मामले पर सरकार की तरफ से कोई संचार नहीं हुआ है।

IPL 2026 के लिए मुस्तफिजुर रहमान एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी हैं, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने टीम में शामिल किया है। पिछले महीने IPL नीलामी में बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को साइन करने को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच, BCCI सूत्रों ने दोहराया कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लीग में हिस्सा लेने से रोकने के लिए सरकार की तरफ से कोई निर्देश नहीं आया है।

आईपीएल-2026 के लिए पिछले महीने हुई मिनी-नीलामी में KKR ने रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद वह अब तक के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए हैं। बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों और खासकर हिंदुओं के खिलाफ हिंसक घटनाओं की खबरों के बाद आईपीएल में बांग्लादेश के खिलाड़ियों के खेलने देने पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग IPL 2026 में इस तेज गेंदबाज को शामिल करने को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए BCCI के एक सूत्र ने कहा, ‘हमें इसमें नहीं पड़ना चाहिए। यह हमारे हाथ में नहीं है। हमें सरकार से ऐसा कोई कम्युनिकेशन नहीं मिला है जिसमें हमें बांग्लादेश के खिलाड़ियों को IPL में हिस्सा लेने से रोकने के लिए कहा गया हो… अभी इस पर ज्यादा कमेंट नहीं कर सकते।’

IPL में मुस्तफिजुर रहमान

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने अब तक 60 IPL मैचों में 8.13 की इकॉनमी रेट से 65 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ IPL में डेब्यू किया था। बाद में उन्होंने मुंबई इंडियंस (2018), राजस्थान रॉयल्स (2021), दिल्ली कैपिटल्स (2022-23), और चेन्नई सुपर किंग्स (2024) के लिए खेला। वे पिछले सीजन में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क के चोटिल होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले थे।

इससे पहले आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर ने रहमान को टीम में शामिल करने को लेकर KKR और उसके को-ऑनर बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि पड़ोसी देश में हिंदुओं पर अत्याचार की खबरों के बीच एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने से हिंदू और सनातन धर्म के मानने वालों को दुख पहुंचा है।

कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी रहमान को टीम से बाहर करने और किसी भी बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में मौका न देने की मांग की है।

दूसरी ओर इन टिप्पणियों पर अलग-अलग पार्टियों के राजनीतिक नेताओं की भी मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आई हैं। इनमें से कई ने इस बात भी पर जोर दिया है कि खेल को राजनीतिक और कूटनीतिक मुद्दों से अलग रखना चाहिए।

IPL में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर राजनीति भी तेज

पूरे मामले पर राजनीति भी तेज हो गई है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि अब शाहरुख को फैसला लेना है कि वे भारत के साथ खड़े हैं या फिर देशविरोधी ताकतों के साथ। फैसला तो उन्हें ही लेना होगा। वहीं, कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने कहा कि धर्म या समुदाय के आधार पर खेल को नहीं बांटना चाहिए। सासाराम से सांसद मनोज कुमार ने कहा कि बांग्लादेश में जो हो रहा है, हम उसके खिलाफ हैं। सवाल यह है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच क्यों खेला? तब देवकीनंदन का भी बयान सामने क्यों नहीं आया?

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments