नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को साइन करने को लेकर बढ़ते राजनीतिक विवाद के बीच दखल दिया है। बोर्ड ने केकेआर से 2026 के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीजन से पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को अपनी टीम से रिलीज करने को कहा है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड ने मौजूदा हालात को देखते हुए KKR को अपने फैसले की जानकारी दे दी है। यह दखल तब हुआ है जब KKR द्वारा मुस्तफिजुर को टीम में शामिल करने के फैसले के कुछ दिनों बाद विवाद शुरू हो गया था। खासकर हाल में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हमले ने मामले को और तूल दे दिया था।
मामले पर बात करते हुए सैकिया ने साफ किया कि अगर जरूरत पड़ती है तो KKR को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी चुनने की इजाजत दी जाएगी। सैकिया ने शनिवार को समाचार एजेंसी PTI को बताया, ‘BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स से मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने के लिए कहा है। अगर जरूरत पड़ी तो वे रिप्लेसमेंट मांग सकते हैं, और रिक्वेस्ट करने पर BCCI रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की इजाजत देगा।’
जब उनसे इस फैसले के पीछे का कारण पूछा गया, तो BCCI सेक्रेटरी ने कहा, ‘हाल ही में हुए घटनाक्रमों की वजह से।’
मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ में केकेआर ने खरीदा था
पिछले महीने प्लेयर्स ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ कड़ी बोली लगाने के बाद KKR ने आखिरकार 30 साल के मुस्तफिजुर रहमान को 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस से कहीं ज्यादा 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।
इसके कुछ दिन बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के कुछ हिस्सों और कई धार्मिक संगठनों ने कोलकाता की IPL फ्रेंचाइजी में एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल करने पर आपत्ति जताई। यह विरोध भारत-बांग्लादेश संबंधों में मौजूदा तनाव के साथ-साथ पड़ोसी देश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की खबरों को लेकर आ रही खबरों के बाद और तेज हुआ।
इससे पहले शुक्रवार को ऐसी खबरें आई थी कि बीसीसीआई बांग्लादेशी खिलाड़ियों के मुद्दे पर फिलहाल कुछ भी कदम नहीं उठाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मामले पर बीसीसीआई सूत्रों की ओर से कहा गया था कि इस मामले पर सरकार की तरफ से कोई संचार नहीं हुआ है। BCCI सूत्रों ने कहा था कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लीग में हिस्सा लेने से रोकने के लिए सरकार की तरफ से कोई निर्देश नहीं आया है। IPL 2026 के लिए मुस्तफिजुर रहमान एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी हैं।
केकेआर से लेकर शाहरुख खान तक पर उठाए जा रहे थे सवाल
मुस्तफिजुर रहमान को शामिल करने के फैसले पर केकेआर के को-ऑनर शाहरूख खान को भी घेरने की कोशिश की गई। कथावाचक गुरु देवकीनंदन ठाकुर ने रहमान को टीम में शामिल करने को लेकर KKR और उसके को-ऑनर बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि पड़ोसी देश में हिंदुओं पर अत्याचार की खबरों के बीच एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने से हिंदू और सनातन धर्म के मानने वालों को दुख पहुंचा है।
मामले पर राजनीतिक बयानबाजी भी पिछले कुछ दिनों से हो रही थी। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा था कि अब शाहरुख को फैसला लेना है कि वे भारत के साथ खड़े हैं या फिर देशविरोधी ताकतों के साथ। फैसला तो उन्हें ही लेना होगा। वहीं, कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने कहा कि धर्म या समुदाय के आधार पर खेल को नहीं बांटना चाहिए।
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने अब तक 60 IPL मैचों में 8.13 की इकॉनमी रेट से 65 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ IPL में डेब्यू किया था। बाद में उन्होंने मुंबई इंडियंस (2018), राजस्थान रॉयल्स (2021), दिल्ली कैपिटल्स (2022-23), और चेन्नई सुपर किंग्स (2024) के लिए खेला। वे पिछले सीजन में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क के चोटिल होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले थे।

