ढाका: बांग्लादेश ने गुरुवार को साफ कर दिया कि वह 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए भारत नहीं आएगा। यह फैसला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा भारत से बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप मैचों को शिफ्ट करने की उनकी अपील को खारिज करने के बाद आया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों और युवा और खेल सलाहकार आसिफ नजरुल के बीच मीटिंग के बाद यह फैसला लिया।
अभी की स्थिति के अनुसार, टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जा सकता है। हालांकि, अभी आईसीसी की ओर से इस बारे में आधिकारिक बयान का इंतजार है।
इससे पहले बुधवार को बीसीबी को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था। बीसीबी को बता दिया गया था कि या तो वे भारत जाने के लिए सहमत हों या फिर उनकी जगह किसी और टीम को वर्ल्ड कप में जगह दे दी जाएगी। आईसीसी ने बीसीबी से ये भी कहा कि उसकी समीक्षा के अनुसार भारत में बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों या फैंस की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।
दरअसल, बुधवार को ICC बोर्ड की मीटिंग हुई थी। इसमें ज्यादातर डायरेक्टरों ने इस बात के पक्ष में वोट दिया कि अगर बांग्लादेश अब भी भारत में न खेलने के अपने रुख पर कायम रहता है, तो उसकी जगह किसी और टीम को मौका दिया जाए। रिपोर्ट के अनुसार इस मीटिंग में मौजूद 15 डायरेक्टरों में से केवल पाकिस्तान ने बीसीबी का साथ दिया था।
‘आईसीसी का रुख हमें मंजूर नहीं’
बीसीबी ने इससे पहले जोर देकर कहता रहा कि वह टूर्नामेंट खेलना चाहता है, लेकिन भारत में नहीं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह भी कहा था कि वह लंबे समय से चले आ रहे गतिरोध का कोई विकल्प ढूंढने के लिए ICC के संपर्क में रहेगा। हालांकि, बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने गुरुवार को एक कड़ा रुख अपनाते हुए, राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के साथ मीटिंग के बाद घोषणा की कि ICC का रुख उन्हें मंजूर नहीं है।
नजरुल ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हालांकि हमारे क्रिकेटरों ने वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने के लिए कड़ी मेहनत की है, लेकिन भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा का खतरा अभी भी बना हुआ है। यह चिंता किसी काल्पनिक विश्लेषण पर आधारित नहीं है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘हम अभी उम्मीद नहीं छोड़ रहे हैं, हमारी टीम तैयार है। हमें उम्मीद है कि ICC हमारे असली सुरक्षा जोखिमों पर विचार करके हमें न्याय देगा और हमें श्रीलंका में खेलने की इजाजत देगा।’
बांग्लादेश को खेलने हैं चार लीग मैच
वर्ल्ड कप के लीग स्टेज में बांग्लादेश को भारत में चार मैच खेलने हैं। इसमें तीन कोलकाता में और एक मुंबई में है। तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआी के निर्देशों पर कुछ IPL से बाहर किए जाने के बाद से बांग्लादेश ने सुरक्षा को लेकर चिंता का मुद्दा उठाना शुरू किया था। रहमान को दिसंबर में कोलकाता नाइट राइडर्स ने नीलामी में 9.2 करोड़ रुपये में 2026 के आईपीएल के लिए खरीदा था। हालांकि, बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही घटनाओं के मद्दे नजर भारत में कुछ संगठनों ने रहमान को आईपीएल में खेलने देने को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इसके बाद बीसीसीआई ने केकेआर को रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था।

