नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने मंगलवार को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ एक मीटिंग में टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत न आने के अपने रुख को फिर से दोहराया। टी20 वर्ल्ड कप की अगले महीने से भारत में होना है। बीसीबी ने एक मीडिया रिलीज में बताया कि उसके और आईसीसी के बीच मंगलवार दोपहर एक वीडियो कॉन्फ्रेंस हुई।
प्रेस रिलीज में कहा गया है कि मीटिंग के दौरान बीसीबी ने ‘सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत न जाने के फैसले की अपनी बात दोहराई।’ साथ ही बीसीबी ने ICC से बांग्लादेश के मैचों को भारत से बाहर कराने पर विचार करने का अनुरोध भी दोहराया।
हालांकि, बता दें कि आईसीसी पहले ही बांग्लादेश के इस दावे खारिज चुका है कि सुरक्षा चिंताओं के कारण बांग्लादेश टीम टूर्नामेंट के लिए भारत आना मुश्किल होगा। आईसीसी कह चुका है कि टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही घोषित हो चुका है। उसने बीसीबी से अपने रुख पर फिर से विचार करने को भी कहा है। वहीं, बांग्लादेश बोर्ड ने कहा कि उसका रुख भी वही है और बदला नहीं है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की प्रेस रिलीज के अनुसार, दोनों पक्ष संभावित समाधान खोजने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए है। बयान में कहा गया है, ‘BCB अपने खिलाड़ियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, साथ ही इस मामले को सुलझाने के लिए ICC के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है।’
7 फरवरी से वर्ल्ड कप, कोलकाता में बांग्लादेश के तीन मैच
टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से होना है। मौजूदा शेड्यूल के मुताबिक, बांग्लादेश को उसी दिन कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना अभियान शुरू करना है। इसके बाद टीम 9 फरवरी को उसी जगह पर इटली के खिलाफ खेलेगी, और फिर 2022 के टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ भी मैच उसे कोलकाता में ही खेलना है। इसके बाद बांग्लादेश 17 फरवरी को नेपाल के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने ग्रुप-स्टेज मैच खत्म करेगा।
मुस्तफिजुर रहमान को KKR से हटाने के बाद शुरू हुआ विवाद
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के बीच आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स से मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाना शुरू किया है।
मौजूदा शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश को अपने पहले तीन ग्रुप मैच कोलकाता में और आखिरी ग्रुप मैच मुंबई में खेलना है। मुस्तफिजुर को केकेआर से निकाले जाने के बाद, बांग्लादेश सरकार ने देश में आईपीएल के प्रसारण पर भी बैन लगाया है।
दूसरी ओर बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल और मौजूदा टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाने के खिलाफ चेतावनी दी है। तमीम ने कहा था कि अभी लिए गए फैसलों का असर 10 साल बाद भी हो सकता है और इससे देश में क्रिकेट का नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने बातचीत से मसले का हल सुलझाने की बात कही थी। वहीं, शांतो ने वर्ल्ड कप छूटने की संभावना पर खिलाड़ियों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव के बारे में बात की है। हालांकि, नजमुल भी कह चुके हैं बांग्लादेश अपनी मांग से पीछे नहीं हटेगा।

