Friday, March 20, 2026
Homeखेलकूदबांग्लादेश को ICC की चेतावनी, छिन सकता है T20 वर्ल्ड कप खेलने...

बांग्लादेश को ICC की चेतावनी, छिन सकता है T20 वर्ल्ड कप खेलने का मौका; 21 जनवरी की दी डेडलाइन

रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने के विचार को भी खारिज कर दिया है, जिसे अपने सभी ग्रुप स्टेज मैच श्रीलंका में खेलने हैं।

दुबई: भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मैच नहीं खेलने की बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की जिद अब उसके लिए भारी पड़ सकती है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2026 के पुरुष T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत जाने से मना करने पर बांग्लादेश क्रिकेट को चेतावनी दी है।

वेबसाइट ESPNcricinfo के अनुसार, आईसीसी ने बीसीबी को यात्रा के लिए सहमत होने के लिए 21 जनवरी की डेडलाइन दी है। आईसीसी ने अल्टीमेटम दिया है कि अगर बांग्लादेश सहमत नहीं होता है तो फिर उसकी जगह यूरोप की टीम स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया जाएगा, जो मौजूदा पुरुष T20I रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी का यह संदेश शनिवार को ढाका में दोनों के बीच हुई एक मीटिंग में दिया गया।

रिपोर्ट के अनुसार बैठक में बीसीबी ने सुरक्षा चिंताओं के कारण अपने मैच भारत से कहीं और, खासकर सह-मेजबान श्रीलंका में शिफ्ट करने की अपनी मांग फिर से दोहराई। रिपोर्ट में कहा गया है कि एक स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसी ने वर्ल्ड कप में सभी 20 हिस्सा लेने वाली टीमों को एक एडवाइजरी भेजी थी, जिसमें भारत में खतरे का लेवल ‘मीडियम से हाई’ बताया गया था। हालांकि, ICC ने बीसीबी को बताया कि बांग्लादेशी टीम या भारत में मैच खेलने वाली किसी भी खास टीम के खिलाफ कोई खास सुरक्षा का खतरा नहीं है।

‘ग्रुप बदलने की मांग भी आईसीसी ने ठुकराई’

रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी ने बीसीबी के आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने के विचार को भी खारिज कर दिया है, जिसे अपने सभी ग्रुप स्टेज मैच श्रीलंका में खेलने हैं। गौरतलब है कि बीसीबी और आईसीसी के बीच यह गतिरोध अब तीसरे हफ्ते में पहुँच गया है। बांग्लादेश को अपने ग्रुप स्टेज के तीन मैच कोलकाता में और चौथा मैच मुंबई में खेलना है। वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है। पहले ही दिन बांग्लादेश का भी मैच खेला जाना है।

बता दें कि बीसीबी ने भारत में सुरक्षा की चिंता का विषय तब उठाना शुरू किया जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 की टीम से रिलीज करने के निर्देश दिए। रहमान को दिसंबर में हुई नीलामी में केकेआर ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। बाद में भारत में कुछ संगठनों ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों का हवाला देकर बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में खिलाने को लेकर विरोध जताना शुरू किया। बढ़ते विवाद और दबाव के बीच बीसीसीआई ने रहमान को रिलीज करने का निर्देश केकेआर को दे दिया।

BCCI और केकेआर ने अपने कदम का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया था लेकिन भारत में बढ़ते बांग्लादेश विरोधी भावना की ओर इशारा किया गया।

इस पूरे प्रकरण के बाद बीसीबी ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की यात्रा नहीं करने का फैसला किया और इसे सुरक्षा चिंताओं से जोड़ा। हालांकि बीसीबी में इस फैसले को लेकर भी विरोधाभास है। बांग्लादेश के कुछ खिलाड़ियों और पूर्व क्रिकेटरों ने यात्रा से सीधे इनकार करने के बजाय कूटनीतिक समाधान की वकालत की।

इस पर हाल ही में बीसीबी के एक अधिकारी नजमुल इस्लाम ने पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल को ‘भारतीय एजेंट’ तक करार दिया। नजमुल इस्लाम ने ये तक कहा कि अगर बीसीबी वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेता है तो उसे कोई नुकसान नहीं गंवाना पड़ेगा और न ही वह खिलाड़ियों को मुआवजा देगा। इसके बाद बांग्लादेश के कई खिलाड़ी विरोध में उतर आए और हालात ऐसे बने कि बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) बीपीएल का पहला मैच तक रद्द करना पड़ा। बाद में बीसीबी को विवाद को खत्म करने के लिए नजमुल इस्लाम को बर्खास्त करना पड़ा।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments