नई दिल्ली: स्कॉटलैंड आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की जगह लेगा। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने शनिवार को इसकी पुष्टि कर दी है। दूसरी ओर बदली हुई परिस्थितियों में पाकिस्तान के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर संशय बना हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा है कि टीम की भागीदारी पर सरकार फैसला लेगी।
बहरहाल, बांग्लादेश को बाहर किए जाने के बाद स्कॉटलैंड अब ग्रुप-सी में इंग्लैंड, इटली, नेपाल और वेस्टइंडीज के साथ जगह लेगा। यह टीम आगामी टी20 वर्ल्ड कप में अगली सबसे ऊंची रैंक वाली टी20 टीम के तौर पर आ रही है, जो टूर्नामेंट के लिए क्वालिफिकेशन से चूक गई थी, जहां वे चौथे नंबर पर रही थी।
अब बांग्लादेश के स्थान पर स्कॉटलैंड 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेलेगा। इसके बाद स्कॉटलैंड अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ खेलेगा।
बांग्लादेश ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से रिलीज किए जाने के बाद सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने ग्रुप-स्टेज के मैच भारत से श्रीलंका में कराने की मांग की थी, लेकिन आईसीसी ने इसे स्वीकार नहीं किया।
ICC ने क्या बताया?
आईसीसी ने एक बयान में कहा है कि स्वतंत्र मूल्यांकन में बांग्लादेशी टीम की सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं पाया गया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, इसलिए गवर्निंग बॉडी ने माना कि इतने कम समय में बांग्लादेश के मुकाबलों का वेन्यू बदलना मुमकिन नहीं है।
आईसीसी के चेयरमैन जय शाह समेत अधिकारियों ने शुक्रवार को दुबई में मीटिंग की और शनिवार को इस बड़े इवेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का आधिकारिक फैसला किया।
बयान में कहा गया, ‘यह फैसला आईसीसी द्वारा भारत में अपने तय मैचों की मेजबानी को लेकर बीसीबी की चिंताओं को दूर करने के लिए की गई एक लंबी प्रक्रिया के बाद लिया गया है। तीन हफ्तों से ज्यादा समय तक, आईसीसी ने बीसीबी के साथ कई दौर की बातचीत की, जो पारदर्शी और रचनात्मक तरीके से हुई। इसमें वीडियो कॉन्फ्रेंस और आमने-सामने की मीटिंग शामिल थीं।’
‘पाकिस्तान सरकार लेगी फैसला’
पीसीबी ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए आगामी वर्ल्ड कप में अपनी टीम की भागीदारी के संबंध में सरकार से संपर्क किया है। ‘टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा है कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी अब सरकार की मंजूरी पर निर्भर है।
मोहसिन नकवी पीसीबी अध्यक्ष के साथ पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। उन्होंने शनिवार को लाहौर में कहा, ‘हम टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला सरकार करेगी। हमारे पीएम (शहबाज शरीफ) देश से बाहर हैं। जब वह वापस आएंगे, तो हम उनसे सलाह लेंगे। सरकार का फैसला अंतिम और बाध्यकारी होगा। अगर पीएम मना करते हैं, तो आईसीसी हमारे बदले किसी दूसरी टीम को बुला सकती है।’
नकवी के मुताबिक, पीसीबी के पास वैकल्पिक योजनाएं हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे पास वैकल्पिक योजनाएं ए, बी और सी हैं, जिनका इस्तेमाल हम समय आने पर कर सकते हैं। हमने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भी ऐसा किया था, इसलिए यह हमारे लिए कोई नई बात नहीं है। हम जानते हैं कि ऐसे मामलों से कैसे निपटना है।’
रिपोर्ट के अनुसार, नकवी ने एक देश (भारत) का पक्ष लेने के लिए आईसीसी की आलोचना की है। उन्होंने कहा, ‘एक देश हुक्म चला रहा है, और जब आईसीसी ने पाकिस्तान और भारत के लिए वेन्यू बदला, तो बांग्लादेश के लिए ऐसा क्यों नहीं किया गया?’
नकवी ने आईसीसी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘बांग्लादेश एक बड़ा स्टेकहोल्डर है। इस मामले में उनके साथ गलत व्यवहार किया गया है। मैंने बुधवार की मीटिंग में भी यही बात कही थी, और उनके रुख के पीछे कई कारण हैं जो मैं सही समय आने पर बताऊंगा।’

