सितंबर 1857 की एक उदास सुबह। दिल्ली की गलियाँ धुएँ, खामोशी और डर से भरी थीं। लाल क़िले पर अंग्रेज़ी फौज का क़ब्ज़ा हो चुका था। वही लाल क़िला, जहाँ सदियों तक तख़्त-ओ-ताज की रौनक रही, अब वीरान था। इसी क़िले से आख़िरी मुग़ल बादशाह बहादुर शाह ज़फ़र को गिरफ़्तार किया गया। कुछ ही दिनों में वह रंगून भेज दिए गए जहाँ एक शायर-बादशाह ने ग़रीबी, बेबसी और निर्वासन में दम तोड़ा। मुग़ल सल्तनत का चिराग़ बुझ चुका था।
बहादुर शाह ज़फ़र ने अपने पतन को लेकर जो कहा, वह आज भी दिल को चीर देता है, “मुग़ल ख़ानदान का चिराग़ बुझने वाला है… हम भी किसी को हटाकर आए थे, अब वक़्त है कि दूसरे राज करें।” यह स्वीकारोक्ति एक बादशाह की नहीं, बल्कि इतिहास की निर्दयता का बयान है। विलियम डैलरिम्पल की किताब ‘द लास्ट मुग़ल’ दिल्ली के इसी बिखरते हुए सांस्कृतिक संसार की कहानी को भारतीय नज़रिए से दर्ज करती है, उर्दू और फ़ारसी दस्तावेज़ों के सहारे।
1857 के बाद मुग़ल ख़ानदान का हाल किसी एक परिवार की त्रासदी नहीं रहा, वह एक पूरे दौर का अंत था। ख़्वाजा हसन निज़ामी की किताब ‘बेगमात के आँसू’ में शाही मुगल बेगमों और शहज़ादों की वह पीड़ा दर्ज है, जिसे पढ़कर किसी का भी दिल पसीज जाए। जिन सिरों पर कभी दस्तार और बदन पर जड़ाऊ ज़ेवरात थे, वही हाथ दरगाहों में पनाह माँगते दिखे। कुछ शहज़ादे पहचान छुपाकर जीने लगे, कुछ गलियों में भटकते रहे। अंग्रेज़ी पेंशन की आस में जीवन कटता रहा; एक ऐसी पेंशन, जो सत्ता की याद तो दिलाती थी, पर सम्मान नहीं लौटा पाती थी।
समय बीतता गया। मुग़ल नाम किताबों में सिमट गया, लेकिन उनकी नस्लें शहरों के हाशियों पर ज़िंदा रहीं। आज भी कोलकाता की एक झुग्गी में रहने वाली सुल्ताना बेगम, बहादुर शाह ज़फ़र की परनातिन, अपनी ज़िंदगी की जद्दोजहद में उलझी हैं। 1960 में सरकार ने उनके पति मिर्ज़ा मुहम्मद बेदार बख़्त को वारिस मानकर राजनीतिक पेंशन दी थी, जो आज भी चलती है। हाल में उनके द्वारा दाखिल लाल क़िले पर दावा करने की याचिका सुप्रीम कोर्ट ने ख़ारिज कर दी। अदालत ने इसे “भ्रमित और निराधार” कहा। क़ानून अपना रास्ता तय करता है, मगर इन घटनाओं के पीछे छुपी पीड़ा अक्सर अनदेखी रह जाती है, एक खोए हुए सम्मान की पीड़ा।

यह सच है कि आधुनिक राष्ट्र-राज्य में क़िलों और महलों की मालिकी इतिहास से तय नहीं होती। लेकिन यह भी सच है कि हमारे समाज ने अक्सर पुराने राजघरानों के साथ दोहरे मापदंड अपनाए। जयपुर की शाही वारिस दीया कुमारी के ताजमहल की ज़मीन पर ऐतिहासिक दावों पर हँसी उड़ाई गई, जबकि ऐतिहासिक दस्तावेज़ इतिहास की पुष्टि करते हैं। इसी तरह, 1971 में प्रिवी पर्स खत्म हुए, जो राजाओं को दिया गया कोई एहसान नहीं, बल्कि उनके अतीत की एक प्रतीकात्मक मान्यता थी। पेंशन और भत्ते महज़ सजावटी मरहम हैं; सम्मान का विकल्प नहीं।
फिर भी, इतिहास को 21वीं सदी के नैतिक चश्मे से पूरी तरह नहीं तौला जा सकता। युद्धों के बाद विजेताओं का व्यवहार क्रूर रहा है और शाही औरतें व बच्चे सबसे असहाय शिकार बने हैं। आत्मसमर्पण ही अक्सर आख़िरी रास्ता रहा। यह स्वीकारोक्ति कड़वी है, मगर इतिहास से सीखने का यही तरीक़ा है, फ़ैसले सुनाने का नहीं।
इस्मत चुग़ताई की कहानी की एक पात्र “बिच्छू फूफी” जब अकड़कर कहती है, “हम चुगताई हैं, अकबर बादशाह के ख़ानदान से”, तो वह एक मानसिकता को उजागर करती है। मुग़ल होना एक गर्विल कल्पना बन चुका है।हमारी सामाजिक जटिलता को अक्सर सियासी भाषणों और सोशल मीडिया के शोर में सरल बना दिया जाता है। ‘ब्लू-ब्लड’ की सनक हर समाज में थोड़ी-थोड़ी मिल जाती है, जैसे ‘आर्यन थ्योरी’ की लोकप्रियता बताती है।
मुग़ल नस्लों की कहानी हमें यह सिखाती है कि सत्ता स्थायी नहीं होती, मगर संस्कृति ज़िंदा रहती है, कव्वालियाँ, शायरी, तहज़ीब, ज़बान में। बहादुर शाह ज़फ़र का दर्द उनकी ग़ज़लों में आज भी सांस लेता है। उनकी औलादें भले ही गुमनामी में हों, मगर उनकी स्मृतियाँ हमारी साझी विरासत हैं। इतिहास को न तो मज़ाक बनाया जाना चाहिए, न पूजा जाना चाहिए बल्कि उसे समझा जाना चाहिए। क्योंकि बीते कल की शान, आज की याद और आने वाले कल की सीख, तीनों वहीं मिलती हैं।

