Friday, March 20, 2026
HomeखेलकूदICC T20 World Cup: ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 से हुआ बाहर, पहले भी पांच...

ICC T20 World Cup: ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 से हुआ बाहर, पहले भी पांच बार क्वालिफाई नहीं कर पाई प्लेऑफ

आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर-8 से ऑस्ट्रेलिया बाहर हो गई है। वहीं, जिम्बॉब्वे की टीम इसके लिए क्वालिफाई कर गई है।

पल्लेकेले: आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच मंगलवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का अहम मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया। इसी के साथ दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक बंटा, जिसने ऑस्ट्रेलिया को ‘सुपर-8’ से बाहर का रास्ता दिखा दिया। ग्रुप-बी से ऑस्ट्रेलिया के बजाय जिम्बाब्वे ने अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

ऐसा छठी बार है जब ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका। आइए, जानते हैं कि कब-कब ऑस्ट्रेलिया इस तरह के उलटफेर का शिकार हुआ है।

ऑस्ट्रेलिया कब-कब हुई बाहर?

टी20 वर्ल्ड कप 2009: ऑस्ट्रेलियाई टीम इस विश्व कप में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी। ऑस्ट्रेलिया को पहले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 7 विकेट, जबकि अगले मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

टी20 वर्ल्ड कप 2014: ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ग्रुप-2 में 4 मैच खेले, जिसमें सिर्फ एक ही जीत नसीब हुई। पाकिस्तान के हाथों 16 रन से मुकाबला गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध अगला मैच 6 विकेट से गंवाया। इसके बाद उसे भारत ने 73 रन से मात दी। भले ही अंतिम ग्रुप मैच में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया, लेकिन प्लेऑफ में जगह नहीं बना सका।

टी20 वर्ल्ड कप 2016: ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड के हाथों 8 रन से मैच गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश और पाकिस्तान को क्रमश: 3 विकेट और 21 रन से हराया, लेकिन भारत ने 6 विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलिया को प्लेऑफ से बाहर कर दिया।

टी20 वर्ल्ड कप 2022: इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड (89 रन), श्रीलंका (7 विकेट), आयरलैंड (42 रन) और अफगानिस्तान (4 रन) के खिलाफ जीत दर्ज की, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला बारिश से धुल गया और ऑस्ट्रेलियाई टीम खराब नेट रन रेट के कारण प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी।

2024 में भी हुई थी बाहर

टी20 वर्ल्ड कप 2024: इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप-बी के अपने सभी चार मैच जीते। इस टीम ने ओमान के खिलाफ 39 रन से जीत दर्ज करने के बाद इंग्लैंड को 36 रन, नामीबिया को 9 विकेट और स्कॉटलैंड को 5 विकेट से मात देकर सुपर-8 में जगह बनाई।

इसके बाद सुपर-8 में बांग्लादेश के खिलाफ डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 28 रन से जीत दर्ज की, लेकिन अगले ही मैच में अफगानिस्तान ने उलटफेर करते हुए 21 रन से ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दे दी। सुपर-8 के अपने अंतिम मुकाबले को ऑस्ट्रेलिया ने भारत के हाथों 24 रन से गंवाया और सेमीफाइनल का टिकट पाने का मौका भी खो दिया।

टी20 वर्ल्ड कप 2026: ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड के विरुद्ध ग्रुप-बी का अपना पहला मैच 67 रन से जीता, लेकिन अगले मुकाबले में उसे जिम्बाब्वे ने 23 रन से मात दी। ऑस्ट्रेलिया यहां से परेशानी में थी और इसी बीच उसे श्रीलंका ने 8 विकेट से हरा दिया।

(यह खबर आईएएनएस समाचार एजेंसी की फीड द्वारा प्रकाशित है। इसका शीर्षक बोले भारत न्यूज डेस्क द्वारा दिया गया है।)

IANS
IANS
Indo-Asian News Service (IANS) भारत की एक निजी समाचार एजेंसी है। यह विभिन्न विषयों पर समाचार, विश्लेषण आदि प्रदान करती है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments