Friday, March 20, 2026
Homeविश्वअमेरिका: स्कूल से लौट रहे 5 साल के बच्चे को इमिग्रेशन एजेंट...

अमेरिका: स्कूल से लौट रहे 5 साल के बच्चे को इमिग्रेशन एजेंट ने क्यों हिरासत में लिया? क्या है विवाद की पूरी कहानी

विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता और अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने पूरी कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि ‘लियाम रामोस बस एक बच्चा है। उसे अपने परिवार के साथ घर पर होना चाहिए। मैं बहुत गुस्से में हूँ, और आपको भी होना चाहिए।’

वॉशिंगटन: अमेरिका के मिनेसोटा में प्रीस्कूल से घर लौट रहे 5 साल के एक बच्चे लियाम रामोस को उसके पिता के साथ हिरासत में लिए जाने के बाद विवाद शुरू हो गया है। दोनों को टेक्सास के एक डिटेंशन फैसिलिटी में ले जाया गया है। अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) एजेंटों ने इन्हें हिरासत में लिया है। स्कूल के अधिकारियों और परिवार के वकील ने यह जानकारी दी।

इसके साथ लियाम मिनियापोलिस के उपनगर का ऐसा चौथा छात्र बन गया है जिसे हाल के हफ्तों में इमिग्रेशन अधिकारियों ने हिरासत में लिया है।

कोलंबिया हाइट्स पब्लिक स्कूल्स की सुपरिटेंडेंट जेना स्टेनविक ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि फेडरल एजेंट मंगलवार दोपहर को लियाम कोनेजो रामोस को परिवार के ड्राइववे में खड़ी चलती कार से ले गए। अधिकारियों ने उससे कहा कि वह अपने घर का दरवाजा खटखटाए ताकि पता चल सके कि अंदर और लोग हैं या नहीं। स्टेनविक ने कहा- ‘उन्होंने मूल रूप से एक पाँच साल के बच्चे को चारे की तरह इस्तेमाल किया।’

स्टेनविक ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि पिता ने बच्चे की मां (जो घर के अंदर थी और जिसका नाम नहीं बताया गया है) से दरवाजा नहीं खोलने के लिए कहा। स्टेनविक ने कहा कि यह परिवार 2024 में अमेरिका आया था, उनके शरण (asylum) को लेकर केस चल रहा है और उन्हें देश छोड़ने का आदेश नहीं दिया गया था।

स्टेनविक ने कहा, ‘एक 5 साल के बच्चे को क्यों हिरासत में लिया? आप मुझे यह नहीं कह सकते कि इस बच्चे को हिंसक अपराधी की श्रेणी में रखा जाएगा।’

अमेरिकी अधिकारियों ने कार्रवाई पर क्या कहा?

पूरे विवाद पर डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी की प्रवक्ता ट्रिशिया मैकलग्लिन ने एक बयान में कहा कि ‘ICE ने किसी बच्चे को टारगेट नहीं किया।’ उन्होंने कहा कि इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट बच्चे के पिता- एड्रियन अलेक्जेंडर कोनेजो एरियस को गिरफ्तार कर रही थी, जो मैकलग्लिन के अनुसार इक्वाडोर का है और अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा है। उन्होंने आगे कहा कि कार्रवाई के समय वह ‘अपने बच्चे को छोड़ कर भाग गया था।’

मैकलग्लिन ने कहा, ‘बच्चे की सुरक्षा के लिए हमारे ICE अधिकारियों में से एक बच्चे के साथ रहा, जबकि दूसरे अधिकारियों ने कोनेजो एरियस को गिरफ्तार किया।’ उन्होंने आगे कहा कि माता-पिता को यह विकल्प दिया जाता है कि वे अपने बच्चों के साथ रहें या उन्हें अपनी पसंद के किसी व्यक्ति के पास रखें।

दरअसल, मिनेसोटा फेडरल इमिग्रेशन एजेंटों के छापों का एक बड़ा केंद्र बन गया है। ग्रेग बोविनो, जो अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन के एक अधिकारी हैं और इन कार्रवाईयों के पीछे बड़ा चेहरा रहे हैं, उन्होंने कहा कि पिछले छह हफ्तों में इमिग्रेशन अधिकारियों ने मिनेसोटा में लगभग 3,000 गिरफ्तारियां की हैं।

कार्रवाई का हो रहा विरोध

वहीं, स्टेनविक ने कहा कि पिता भागा नहीं था। उन्होंने कहा कि घर में रहने वाला एक और व्यस्क उस समय बाहर था जब पिता और बेटे को ले जाया गया, लेकिन एजेंटों ने लियाम (बच्चे का नाम) को उस व्यक्ति के पास नहीं छोड़ा।

कोलंबिया हाइट्स पब्लिक स्कूल्स की स्कूल बोर्ड चेयर मैरी ग्रानलुंड ने गुरुवार को रिपोर्टर्स को बताया कि उन्होंने एजेंट्स से कहा था कि वे बच्चे को अपने साथ ले जाने से पहले उसे उन्हें सौंप दें।

इसके अलावा कोलंबिया हाइट्स सिटी काउंसिल की सदस्य राहेल जेम्स जो उस परिवार के पास ही रहती हैं, ने बताया कि उन्होंने सड़क के उस पार रहने वाले एक पड़ोसी को एजेंटों से यह कहते हुए सुना कि उनके पास ऐसे कागजात हैं जो उन्हें माता-पिता की ओर से लियाम की देखभाल करने की इजाजत देते हैं। जेम्स ने कहा कि एजेंटों ने उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया।

परिवार के वकील मार्क प्रोकोश ने गुरुवार को कहा कि लियाम और उनके पिता को टेक्सास के डिले में एक इमिग्रेशन लॉकअप में ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि वे एक फैमिली होल्डिंग सेल में हैं। उन्होंने कहा कि वे उनसे ‘सीधा संपर्क’ नहीं कर पाए हैं।

वकील ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हम अपने कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं ताकि यह देखा जा सके कि क्या हम उन्हें किसी कानूनी तरीके से या नैतिक दबाव बनाकर आजाद करा सकते हैं।’

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कमला हैरिस के बयान

मामले पर डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गुरुवार को मिनियापोलिस के नेताओं से मुलाकात की और कहा कि उन्होंने इस ‘भयानक कहानी’ के बारे में सुना है, लेकिन बाद में पता चला कि लड़के को सिर्फ हिरासत में लिया गया था, गिरफ्तार नहीं किया गया था।

वेंस ने कहा, ‘ठीक है, उन्हें क्या करना चाहिए? क्या उन्हें 5 साल के बच्चे को ठंड से मरने देना चाहिए? क्या उन्हें यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका में एक अवैध एलियन को गिरफ्तार नहीं करना चाहिए?’ उन्होंने यह भी बताया कि वह खुद भी 5 साल के बच्चे के माता-पिता हैं।

वेंस से यह नहीं पूछा गया कि इमिग्रेशन अधिकारियों ने कथित तौर पर लड़के को घर में रहने वाले दूसरे वयस्क के पास क्यों नहीं छोड़ा, जिसने उसे ले जाने की पेशकश की थी।

दूसरी ओर विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता और अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा- ‘लियाम रामोस तो बस एक बच्चा है। उसे अपने परिवार के साथ घर पर होना चाहिए, न कि ICE द्वारा चारा बनाया जाना चाहिए और टेक्सास के डिटेंशन सेंटर में रखा जाना चाहिए। मैं बहुत गुस्से में हूँ, और आपको भी होना चाहिए।’

वहीं, कोलंबिया हाइट्स पब्लिक स्कूल्स की सुपरिटेंडेंट जेना स्टेनविक ने बताया कि लियाम से पहले मंगलवार को स्कूल जाते समय एक 17 साल के लड़के को ले जाया गया था, और एक 10 साल के बच्चे और एक 17 साल के लड़के को भी ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो हफ्तों में स्कूल आने वाले छात्रों की संख्या कम हो गई है, जिसमें एक दिन ऐसा भी था जब लगभग एक-तिहाई स्टूडेंट स्कूल नहीं आए थे।

स्टेनविक ने कहा, ‘पिछले कुछ हफ्तों से, ICE एजेंट हमारे आस-पड़ोस में घूम रहे हैं, हमारे स्कूलों के चक्कर लगा रहे हैं, हमारी बसों का पीछा कर रहे हैं, हमारी पार्किंग लॉट में कई बार आ रहे हैं और हमारे बच्चों को ले जा रहे हैं।’

कोलंबिया हाइट्स पब्लिक स्कूल्स की वेबसाइट के अनुसार इसके पाँच स्कूल हैं और प्री-के से 12वीं क्लास तक लगभग 3,400 छात्र हैं। स्टेनविक ने कहा कि इनमें से ज्यादातर छात्र अप्रवासी परिवारों से आते हैं।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments