Friday, October 10, 2025
Homeमनोरंजनअल्लू अर्जुन के घर हमले के आरोपियों को मिली जमानत...लेकिन कांग्रेस पर...

अल्लू अर्जुन के घर हमले के आरोपियों को मिली जमानत…लेकिन कांग्रेस पर क्यों उठ रहे सवाल?

हैदराबाद: तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन के हैदराबाद में स्थित घर पर रविवार को कुछ लोगों द्वारा किए गए हमले के मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन्हें हालांकि, सोमवार को कोर्ट ने जमानत दे दी। इन लोगों पर आरोप हैं कि इन्होंने पत्थरबाजी कर अल्लू अर्जुन के घर पर लगे गमले सहित कुछ और सामान तोड़े। ये आरोपी कथित तौर पर ‘पुष्पा -2’ की स्क्रीनिंग के दौरान भगदड़ में मरने वाली महिला के लिए न्याय की मांग कर रहे थे।

आरोपियों के वकील रामदास ने पत्रकारों को बताया, ‘उस्मानिया यूनिवर्सिटी के छात्र शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। जब पुलिस बल ने उन पर हमला किया तो उन्होंने अपनी आत्मरक्षा में कार्रवाई की। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। आज जज के सामने पेशी के बाद छह लोगों को बिना किसी शर्त और जुर्माने के जमानत दे दी गई है।’

इस बीच भाजपा ने आरोप लगाया कि यह घटना ‘राज्य प्रायोजित आतंकवाद’ है। भाजपा ने दावा किया कि अल्लू अर्जुन को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उन्होंने कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार करने से इनकार कर दिया था। दूसरी ओर मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने भी घटना की निंदा की है और राज्य के पुलिस महानिदेशक और शहर के पुलिस आयुक्त को कानून व्यवस्था बनाए रखने में सख्त रहने का निर्देश दिया है।

भाजपा के कांग्रेस पर आरोप

अल्लू अर्जुन के घर पर हमलों का वीडियो चस्पा करते हुए भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘कांग्रेस अल्लू अर्जुन को निशाना बना रही है क्योंकि उन्होंने उनके लिए प्रचार करने से इनकार कर दिया था। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता अल्लू अर्जुन के घर पर पथराव किया गया। यह राज्य प्रायोजित आतंकवाद है। कांग्रेस अल्लू अर्जुन को निशाना बना रही है क्योंकि उन्होंने उनके लिए प्रचार करने से इनकार कर दिया है। इससे पहले उन्हें उस अपराध के लिए जल्दबाजी में गिरफ्तार किया गया जो उन्होंने किया ही नहीं था।’

इसके बाद अमित मालवीय ने एक अन्य एक्स पोस्ट में लिखा, ‘राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता अल्लू अर्जुन के घर पर पथराव की घटना का मुख्य आरोपी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का करीबी सहयोगी है। यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि अभिनेता पर जानबूझकर किया गया राज्य-प्रायोजित हमला था।’

मालवीय ने आगे लिखा, ‘मुख्यमंत्री से लेकर तेलंगाना के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक में उनके कार्यों और बयानों में प्रतिशोध की भावना झलकती है, जैसे कि वे अल्लू अर्जुन के प्रति व्यक्तिगत द्वेष रखते हों।’

तेलंगाना के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने भी इस घटना पर लिखा, ‘हैदराबाद में अभिनेता अल्लू अर्जुन के आवास पर पथराव की घटना राज्य में कांग्रेस सरकार के तहत कानून और व्यवस्था की चौंकाने वाली विफलता को उजागर करती है। ऐसी घटनाएं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन की अक्षमता को दर्शाती हैं। तेलंगाना में कांग्रेस सरकार के तहत कलाकारों और सिने उद्योग को निशाना बनाना एक खतरनाक नियम बन गया है। क्या यह कांग्रेस समर्थित/प्रायोजित है?’

कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर क्या कहा है?

अल्लू अर्जुन के घर पर हमले के पीछे कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं में से एक का हाथ होने के आरोपों से तेलंगाना कांग्रेस नेता समा राम मोहन रेड्डी ने इनकार किया है। न्यूज18 के अनुसार उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी, मुख्यमंत्री या किसी से इस केस का संबंध नहीं है।

रेड्डी ने इसमें शामिल एक व्यक्ति के बारे में कहा, ‘वह उस्मानिया विश्वविद्यालय का छात्र भी है।’ उन्होंने कहा, ‘हमले की मुख्यमंत्री ने भी निंदा की है और हमले और कांग्रेस पार्टी, या मुख्यमंत्री, या कार्यालय के किसी सहयोगी के बीच कोई संबंध नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘सरकार बहुत पारदर्शी है और हमने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। यह और कुछ नहीं, बल्कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और भाजपा का एक राजनीतिक नाटक है। हम आम आदमी के साथ हैं और विपक्ष एक सेलिब्रिटी का समर्थन कर रहा है जो आरोपी है।’

गौरतलब है कि इससे पहले सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरों में हमलावरों में से एक की पहचान कथित तौर पर कोडंगल युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी के रूप में की गई है। उसकी तस्वीर को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ दिखाया गया है। श्रीनिवास रेड्डी को हाल ही में कोडंगल से कांग्रेस का युवा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह 2020 से पार्टी से जुड़ा हुआ है।

वहीं, सोमवार को कांग्रेस के एमएलसी वेंकट बालमूर ने हमले के लिए बीआरएस के केटी रामा राव को दोषी ठहराया। उन्होंने एक शख्स रेड्डी श्रीनु मुदिराज के साथ राव की एक तस्वीर भी साझा की। मुदिराज को भी कथित तौर पर अल्लू अर्जुन के घर पर हमला करने वाले में से एक रूप में पहचाना गया है।

बालमूर ने लिखा, ‘मैं अल्लू अर्जुन के घर पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। कांग्रेस पार्टी कभी भी शांति और सुरक्षा को बाधित करने वाली गतिविधियों को प्रोत्साहित नहीं करेगी। जिसने भी गलती की, यह उनकी गलती है। पार्टी के किसी भी सदस्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अगर यह कांग्रेस पार्टी है, तो और सख्त कदम उठाए जाएंगे, लेकिन कोई ढिलाई नहीं होगी। इस मुद्दे पर कल सीएम रेवंत रेड्डी का ट्वीट कांग्रेस सरकार की नीति को दर्शाता है।’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा