महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बुधवार सुबह (28 जनवरी) एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह जिस निजी चार्टर्ड विमान से मुंबई से बारामती जा रहे थे, वह बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। उनके करीबी सहयोगी ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। प्लेन ने मुंबई से उड़ान भरी थी और लगभग एक घंटे के बाद क्रैश हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त विमान में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें अजित पवार, उनके सुरक्षा कर्मी, स्टाफ सदस्य और दोनों पायलट शामिल थे।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने भी इस दुर्घटना में सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और कुछ ही देर में राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया, लेकिन तब तक सभी यात्रियों की मौत हो चुकी थी।
रनवे से फिसलकर हुआ भीषण हादसा
बारामती एयरपोर्ट के प्रबंधक शिवाजी तावरे ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK था और यह Lear Jet 45 श्रेणी का विमान था, जिसे मुंबई से चार्टर किया गया था। लैंडिंग के दौरान विमान संतुलन खो बैठा और रनवे से फिसलते हुए किनारे जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विमान में विस्फोट हो गया और उसमें आग लग गई।
घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में चारों ओर विमान का मलबा बिखरा हुआ दिखा, जबकि आग की ऊंची लपटें और घना धुआं उठता नजर आया। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी यात्रियों की मौत हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक, बारामती एयरपोर्ट पहले एक निजी ऑपरेटर द्वारा संचालित किया जा रहा था, जिसे हाल ही में महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी को सौंपा गया था। हादसे के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
चार जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे
बताया जा रहा है कि अजित पवार जिला परिषद चुनावों से पहले चार सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करने के लिए अपने गृह नगर बारामती जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। उनके अचानक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है।
रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा, “यह खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चौंकाने वाली है। अभी हमें इस दुर्घटना के बारे में पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए ताकि यह साफ हो सके कि वास्तव में हुआ क्या है। उपमुख्यमंत्री और उनकी टीम विमान में सवार थे और इस तरह की घटना होना बेहद दुखद है। इस पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए। हम रिपोर्ट आने का इंतजार करेंगे।”
शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने अजित पवार के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने हुए कहा, “यह घटना बेहद चौंकाने वाली, पीड़ादायक और दिल तोड़ देने वाली है। हमारे बीच राजनीतिक मतभेद रहे हैं, लेकिन हमने साथ काम भी किया है। वह अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित व्यक्ति थे। मैं पवार साहब, सुप्रिया जी, सुनेत्रा जी, पार्थ और जय के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। साथ ही बारामती के लाखों-करोड़ों लोगों के प्रति भी मेरी संवेदना है। इस तरह अचानक चले जाना बेहद पीड़ादायक है।”

