Ajit Pawar death: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती में हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में निधन हो गया। इस हादसे में विमान में सवार अन्य लोगों की भी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर सामने आई, पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। महाराष्ट्र सरकार ने उनके सम्मान में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गहरा दुख जताते हुए कहा कि अजित पवार जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्होंने दशकों तक पूरे समर्पण के साथ महाराष्ट्र की सेवा की। उन्होंने कहा कि अजित दादा का असमय जाना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी फोन कर हादसे की जानकारी ली और शोक संवेदना प्रकट की। फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पवार परिवार के साथ खड़ी है और वे स्वयं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ बारामती जाकर परिवार से मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री ने अजित पवार के लंबे राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कई अहम योजनाओं और विकास परियोजनाओं में अहम भूमिका निभाई। वह एक ऐसे नेता थे, जिनसे यह उम्मीद थी कि वे आने वाले वर्षों तक राज्य की राजनीति और विकास में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। उनका अचानक चला जाना पूरे महाराष्ट्र के लिए गहरा आघात है।
बारामती में पूर्ण बंद
इस दुखद घटना के बाद बारामती में पूर्ण बंद रखा गया। स्थानीय लोगों ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। अजित पवार उसी दिन मुंबई से बारामती आ रहे थे, जहां उन्हें जिला परिषद चुनावों को लेकर चार जनसभाओं को संबोधित करना था। सुबह करीब आठ बजे मुंबई से उड़ान भरने के बाद उनका छोटा चार्टर्ड विमान लगभग 45 मिनट बाद बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान Learjet 45XR श्रेणी का था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK था। विमान में अजित पवार के साथ उनके एक पीएसओ, एक सहायक और दो पायलट सवार थे। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से फिसलकर किनारे जा टकराया और उसमें जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे आग लग गई। हादसे के बाद चारों ओर मलबा फैल गया और घना धुआं उठता दिखाई दिया।
पीएम मोदी समेत इन हस्तियों ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि अजित पवार जनता से गहरे जुड़े जननेता थे और गरीबों व वंचितों के सशक्तिकरण के लिए उनकी प्रतिबद्धता सराहनीय रही। उन्होंने उनके असमय निधन को बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला बताया। गृह मंत्री अमित शाह, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय नेताओं ने भी गहरी संवेदना जताई और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की।
फिल्म और राजनीति जगत से भी शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। अभिनेता रितेश देशमुख, अनुपम खेर, कंगना रनौत, रवि किशन, स्मृति ईरानी, मधुर भंडारकर और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण समेत कई कलाकारों और नेताओं ने अजित पवार को एक कर्मठ, सशक्त और जनसेवा के लिए समर्पित नेता बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
अजित पवार महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक उपमुख्यमंत्री रहे नेताओं में शामिल थे। उन्होंने अलग-अलग सरकारों में छह बार इस पद की जिम्मेदारी संभाली और प्रशासनिक अनुभव, तेज फैसलों और जमीनी पकड़ के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐसा खालीपन पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई जल्द संभव नहीं दिखती।
फिलहाल विमान हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की टीम तकनीकी कारणों, मौसम की स्थिति और अन्य पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है, ताकि इस भीषण हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

