Monday, March 23, 2026
Homeभारतलंदन जा रही Air India की फ्लाइट जेद्दाह की ओर क्यों हुई...

लंदन जा रही Air India की फ्लाइट जेद्दाह की ओर क्यों हुई डायवर्ट, एयरलाइन ने क्या बताया?

Air India की बेंगलुरु से लंदन जा रही फ्लाइट को तकनीकी खामियों के चलते जेद्दाह की ओर डायवर्ट करना पड़ा। एयरलाइन ने बयान जारी कर जानकारी दी।

नई दिल्लीः एयर इंडिया (Air India) की बेंगलुरु से लंदन जा रही एक फ्लाइट को तकनीकी खामियों के चलते जेद्दाह की ओर मोड़ दिया गया। एयरलाइन कंपनी ने सोमवार (23 मार्च) को इसकी जानकारी दी। फ्लाइट को बीच रास्ते में डायवर्ट करना पड़ा। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

एयरलाइन ने इसके लिए एक बयान जारी किया है। कंपनी द्वारा जारी बयान में लिखा गया ” 23 मार्च को बेंगलुरु (BLR) से लंदन हीथ्रो (LHR) के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI133 में तकनीकी खराबी की आशंका के चलते एहतियाती तौर पर जेद्दाह की ओर मोड़ दिया गया। विमान भारतीय समयानुसार शाम 7:58 बजे जेद्दाह हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। “

Air India ने क्या बताया?

एयर इंडिया ने बयान में आगे कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। एयरलाइन ने इस मार्ग परिवर्तन को एहतियाती कदम बताया है।

बयान में आगे कहा गया ” एयर इंडिया यात्रियों और चालक दल को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए जेद्दा हवाई अड्डे के अधिकारियों और स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है। उनकी सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। “

एयर इंडिया के इस विमान में कुल कितने यात्री सवार थे, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

कनाडा के वैंकूवर जाने वाली उड़ान लौटी थी दिल्ली

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले वैंकूवर जाने वाली एयर इंडिया की बोइंग 777-200LR सात घंटे से अधिक की उड़ान के बाद दिल्ली लौट आई थी क्योंकि विमान को उस मार्ग पर उड़ान भरने की अनुमति नहीं थी।

यह समस्या कनाडा जाने वाली उड़ानों के लिए परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को अपडेट करने में हुई एक स्पष्ट चूक के कारण उत्पन्न हुई। इसके चलते गलत विमान को तैनात कर दिया गया।

एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि फ्लाइट AI185 परिचालन संबंधी समस्या के कारण मानक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए वापस लौट गई। यह फ्लाइट 19 मार्च को दिल्ली से रवाना हुई थी। फ्लाइटराडार24 के मुताबिक, VT-AEI पंजीकृत विमान चीनी हवाई क्षेत्र में था जब उसने अपना मार्ग बदला।

एयरलाइन ने बताया कि विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री और चालक दल के सदस्य बिना किसी घटना के सुरक्षित बाहर निकल गए।

अमरेन्द्र यादव
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments