Friday, October 10, 2025
Homeभारतऑस्ट्रिया में 41 साल बाद भारत के प्रधानमंत्री, क्यों खास है नरेंद्र...

ऑस्ट्रिया में 41 साल बाद भारत के प्रधानमंत्री, क्यों खास है नरेंद्र मोदी का यह दौरा…क्या है कार्यक्रम? जानें पूरी डिटेल

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के बाद दो दिन के दौरे पर ऑस्ट्रिया पहुंच गए हैं। राजधानी वियना के होटल रिट्ज-कार्लटन में कलाकारों ने ‘वंदे मातरम’ की विशेष प्रस्तुति के साथ पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया है।

पीएम मोदी ऐतिहासिक यात्रा पर मंगलवार को ऑस्ट्रिया पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी 41 वर्षों में इस देश का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले 1983 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ऑस्ट्रिया का दौरा किया था।

पूर्व पीएम और राष्ट्रपति भी कर चुके हैं दौरा

देश के पहले प्रधानमंत्री पं जवाहर लाल नेहरू ने सन 1955 में ऑस्ट्रिया का पहला दौरा किया था। इसके बाद इंदिरा गांधी ने साल 1971 और 1983 में इसका दौरा किया था।

साल 1999 में तत्कालीन भारतीय राष्ट्रपति केआर नारायणन भी ऑस्ट्रिया गए थे। यह भारत की पहली राजकीय यात्रा थी। भारत की स्वतंत्रता को मान्यता देने में ऑस्ट्रिया का भी बड़ा योगदान है। ऑस्ट्रिया ने 1947 में भारत की स्वतंत्रता को मान्यता दिया था तब से दोनों देशों के बीच रिश्ते काफी गहरे हो गए हैं।

ऑस्ट्रिया के चांसलर ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत

पीएम मोदी के आगमन पर ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया है। इसके बाद दोनों नेता रिट्ज-कार्लटन होटल पहुंचे, जहां उनका स्वागत ‘वंदे मातरम’ के विशेष प्रदर्शन के साथ किया गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री को भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भी शुभकामनाएं दीं।

ऑस्ट्रिया में कई अलग-अलग कार्यकर्मों में भाग लेंगे पीएम मोदी

सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी भरी बातचीत दिखी, जिसमें गले मिलना और कार्ल नेहमर द्वारा पीएम मोदी के साथ ली गई सेल्फी भी शामिल है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी आज ऑस्ट्रिया में कई अलग-अलग कार्यकर्मों में हिस्सा लेंगे। वह वियना में उद्योगपतियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी ऑस्ट्रिया में रह रहे भारतीय नागरिकों से भी बातचीत करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रिया यात्रा के दौरान दोनों देश अपने संबंधों को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न भू-राजनीतिक चुनौतियों पर सहयोग के तरीकों पर विचार करेंगे।

विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने क्या कहा था

अपनी यात्रा शुरू करने से पहले पीएम मोदी ने भारत और ऑस्ट्रिया के बीच घनिष्ठ साझेदारी को लेकर चर्चा किया था। पिछले हफ्ते विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने ऑस्ट्रिया को एक “महत्वपूर्ण मध्य यूरोपीय देश” बताया था।

क्वात्रा ने कहा था कि ऑस्ट्रिया मध्य यूरोपीय मे एक ऐसा देश है जो इंफ्रास्ट्रक्चर, रेनेवल एनर्जी, हाई टेक्नोलॉजी, स्टार्ट-अप क्षेत्रों और मीडिया और मनोरंजन में द्विपक्षीय सहयोग के बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।

साल 2021 में ग्लासगो में सीओपी 26 के दौरान पीएम मोदी ने तत्कालीन ऑस्ट्रियाई चांसलर अलेक्जेंडर शालेनबर्ग जो अब ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री हैं, उनके साथ चर्चा भी की थी।

स्टार्टअप ब्रिज को बढ़ावा देने पर होगा फोकस

फरवरी 2024 में भारत और ऑस्ट्रिया के बीच स्टार्टअप ब्रिज लॉन्च किया गया था जो दोनों देशों के बीच स्टार्ट-अप को मदद करता है। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा है कि यह स्टार्टअप ब्रिज पहले से ही सफल है और पीएम मोदी के इस दौरे पर इसे और बढ़ाने पर फोकस किया जाएगा।

क्वात्रा ने कहा कि पीएम मोदी के इस दौरे पर दोनों देशों की बीच निवेश में भी इजाफा होगा जो पहले से भी होता रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में कई ऑस्ट्रिया की कंपनियां पहले से ही काम कर रही हैं। इस यात्रा में दोनों देशों के बीच आस्ट्रिया में जाकर काम करने वालों से जुड़े मुद्दे और अन्य गतिशीलता समझौते पर भी चर्चा होगी।

यही नहीं इस यात्रा के कारण ऑस्ट्रिया में मुख्यालय वाले अंतर्राष्ट्रीय संगठनों जैसे आईएईए, यूनिडो, यूएनओडीसी और ओएससीई के साथ भारत का जुड़ाव और भी गहरा होगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने क्या कहा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर वियना में दोनों नेताओं की एक साथ तस्वीरें पोस्ट की है। उन्होंने कहा, “भारत-ऑस्ट्रिया साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर ने निजी मुलाकात की मेजबानी की। यह दोनों नेताओं के बीच पहली बैठक है। द्विपक्षीय साझेदारी को साकार करने पर आगे चर्चा होगी।”

ऑस्ट्रिया के चांसलर ने दी यह प्रतिक्रिया

ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर ने एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा, “वियना में आपका स्वागत है। ऑस्ट्रिया में आपका स्वागत करना हमारे लिए खुशी और सम्मान की बात है। ऑस्ट्रिया और भारत मित्र व साझेदार हैं। मैं आपकी यात्रा के दौरान हमारी राजनीतिक और आर्थिक चर्चाओं का इंतजार कर रहा हूं।”

पीएम मोदी ने सभी का किया धन्यवाद

वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर को ‘गर्मजोशी से स्वागत के लिए’ धन्यवाद दिया है। इसके साथ ही कहा कि वह बैठक के लिए उत्सुक हैं। हमारे देश विश्व की भलाई के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

पीएम मोदी ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में कहा, “चांसलर कार्ल नेहमर, वियना में आपसे मिलकर खुशी हुई। भारत-ऑस्ट्रिया की दोस्ती मजबूत है और आने वाले समय में यह और भी मजबूत होगी।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रिया यात्रा के दौरान दोनों देश अपने संबंधों को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न भू-राजनीतिक चुनौतियों पर सहयोग के तरीकों पर विचार करेंगे।

कांग्रेस ने कसा तंज

पीएम मोदी के ऑस्ट्रिया यात्रा पर बोलते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “नेहरू के सबसे उत्साही वैश्विक प्रशंसकों में से एक महान ब्रूनो क्रेस्की थे, जो 1970-83 के दौरान ऑस्ट्रिया के चांसलर थे। 1989 में डॉ. क्रेस्की ने नेहरू को इस तरह याद किया, कि ‘जब इस सदी का इतिहास लिखा जाएगा, और उन लोगों का इतिहास, जिन्होंने इस पर अपनी मुहर लगाई है, तो सबसे महान और बेहतरीन अध्यायों में से एक पंडित जवाहरलाल नेहरू की कहानी होगी।”

जयराम ने आगे कहा “यह भारत के सबसे आधुनिक इतिहास का हिस्सा होगा… बहुत पहले से ही नेहरू मेरे प्रशिक्षकों में से एक बन गए थे। नेहरूफोबिया से पीड़ित लोग – जैसे हमारे गैर-जैविक पीएम और, विशेष रूप से 2019 के बाद से, हमारे विद्वान और तेजतर्रार विदेश मंत्री को भी इसे याद रखना चाहिए।”

समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा