Friday, October 10, 2025
Homeभारतकर्नाटक: MLAs की सैलरी बढ़ाने की तैयारी, एडीआर की रिपोर्ट- 31 विधायकों...

कर्नाटक: MLAs की सैलरी बढ़ाने की तैयारी, एडीआर की रिपोर्ट- 31 विधायकों के पास 100 करोड़ की संपत्ति

बेंगलुरु: कर्नाटक में विधायकों की सैलरी बढ़ाने के लिए बिल जाने की चर्चा के बीच असोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट सामने आई है। इसमें कहा गया है कि राज्य में 31 विधायकों के पास 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। इसी के साथ भारत में अरबपति विधायकों के मामले में कर्नाटक शीर्ष पर है।

रिपोर्ट के अनुसार कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार 1,413 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ कर्नाटक में सबसे अमीर विधायक हैं। साथ ही, देश में सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में वे दूसरे नंबर पर आते हैं।

आंध्र प्रदेश दूसरे, महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार आंध्र प्रदेश 27 अरबपति विधायकों के साथ सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर है। वहीं, महाराष्ट्र 18 विधायकों के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके अलावा तेलंगाना में 7, हरियाणा में 5, अरुणाचल प्रदेश और दिल्ली में 3-3 विधायक हैं जिन्होंने 100 करोड़ और उससे ज्यादा की संपत्ति घोषित की है।

किसी राज्य के कुल विधायकों की घोषित संपत्ति के मामले में भी कर्नाटक शीर्ष पर है। यहां कुल विधायकों की संपत्ति 14,179 करोड़ रुपये है।

दिलचस्प ये भी है कि भारत के शीर्ष 10 सबसे अमीर विधायकों में से चार कर्नाटक से हैं। रिपोर्ट से यह भी खुलासा हुआ है कि भारत के 119 अरबपति विधायकों में से 76 (63%) सिर्फ तीन राज्यों कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र से हैं। रिपोर्ट यह भी बताती है कि देश में कुल 119 अरबपति विधायकों में सबसे ज्यादा 39 भाजपा से हैं। वहीं, कांग्रेस से 30 विधायक हैं। इसके अलावा 22 टीडीपी से भी हैं।

कर्नाटक में कांग्रेस से सबसे अमीर विधायक

कर्नाटक के ज्यादातर सबसे अमीर विधायक कांग्रेस पार्टी से हैं। वहीं, भारत के सबसे अमीर विधायक फिलहाल मुंबई के घाटकोपर ईस्ट से भाजपा के पराग शाह हैं। बेंगलुरू के गोविंदराजनगर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस विधायक प्रिय कृष्ण ने 1,156 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। इस तरह वे कर्नाटक के तीसरे सबसे अमीर विधायक हैं। हालांकि, वे देश भर के सबसे ज्यादा देनदारियों वाले विधायकों की सूची में सबसे ऊपर हैं।

प्रति विधायक 63.5 करोड़ रुपये की औसत संपत्ति के साथ कर्नाटक इस समय आंध्र प्रदेश से थोड़ा ही पीछे है। आंध्र प्रदेश मे औसत विधायक के पास 65 करोड़ रुपये की संपत्ति है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि महाराष्ट्र में औसत विधायक की संपत्ति 43.44 करोड़ रुपये है।

देश के शीर्ष 10 सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के चार-चार विधायक शामिल हैं। इसमें आंध्र प्रदेश के वर्तमान और पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और वाईएस जगन मोहन रेड्डी का नाम भी शामिल हैं।

कितनी बढ़ने वाली है कर्नाटक के विधायकों की सैलरी?

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक विधानसभा में बिल लाकर जल्द कर्नाटक के विधायकों और विधान परिषद के सदस्यों की सैलरी बढ़ाने के प्रस्ताव को लागू किया जाएगा। राज्य सरकार अगले कुछ दिनों में कर्नाटक विधानमंडल वेतन, पेंशन और भत्ते (संशोधन) विधेयक- 2025 लाने की तैयारी कर रही है।

इस बिल में मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों के वेतन में 100% तक की बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। इसके पारित होने पर MLA और MLC की सैलरी दोगुनी हो जाएगा। मुख्यमंत्री का वेतन 75 हजार रुपये से बढ़कर 1.5 लाख रुपये प्रतिमाह हो जाएगा। साथ ही विधान परिषद के सभापति और विधानसभा अध्यक्ष का वेतन 75 हजार रुपए से बढ़ाकर 1.25 लाख रुपये तक हो सकता है। उपसभापति और उपाध्यक्ष का वेतन 60 हजार से 80 हजार रुपये तक किया जा सकता है। साथ ही विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष की सैलरी भी बढ़ेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा