जालंधर: पंजाब के जालंधर शहर के पॉश मॉडल टाउन इलाके में एक गुरुद्वारे के बाहर शुक्रवार तड़के आम आदमी पार्टी (आप) नेता लकी ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने बताया कि ओबेरॉय अपनी थार गाड़ी में बैठे थे, तभी हमलावरों ने उन पर कई राउंड गोलियां चलाईं। ओबेरॉय को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया।
सामने आई जानकारी के अनुसार कम से कम दो हमलावर स्कूटर पर आए और ओबेरॉय पर करीब से गोलियां चलाईं। यह घटना सुबह करीब 7.55 बजे हुई, जब वह गुरुद्वारे से बाहर आए थे। ओबेरॉय की पत्नी सिमरजोत कौर ने पिछले साल आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम चुनाव लड़ा था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार ऑबेरॉय को ‘आप’ के जालंधर कैंट निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी और पार्टी नेता राजविंदर थियारा का करीबी माना जाता था। ओबेरॉय एक फाइनेंसर के रूप में काम करते थे और प्रॉपर्टी के कारोबार में भी शामिल थे। वे शहर के गुरु तेग बहादुर नगर इलाके में रहते थे।
मामले पर जालंधर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त हरिंदर सिंह गिल ने कहा, ‘आज सुबह मॉडल टाउन गुरुद्वारे के बाहर पार्किंग क्षेत्र में लकी ओबेरॉय को गोली मार दी गई। स्कूटर पर सवार दो युवकों ने गोलियां चलाईं। कुछ देर पहले लकी ओबेरॉय की मौत हो गई। एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है…’
वहीं, द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार गुरुद्वारे के एक सेवादार ने बताया, ‘लकी ओबेरॉय नियमित रूप से सुबह-सुबह गुरुद्वारे आते थे। उन्होंने मत्था टेककर अपनी थार कार में बैठे ही थे कि तभी एक्टिवा पर सवार युवकों ने उन पर गोलियां चला दीं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘उस समय गुरुद्वारा परिसर में दो कार्यक्रम चल रहे थे, जिनमें आनंद कारज समारोह भी शामिल था। जब गोलियां चलीं, तो गुरुद्वारे के अंदर मौजूद सभी लोगों ने पहले सोचा कि ये आतिशबाजी हैं। कुछ मिनट बाद ही सबको पता चला कि ये गोलियां थीं।’
वहीं, आम आदमी पार्टी के जालंधर कैंट हलका प्रभारी राजविंदर थियारा ने बताया कि ओबेरॉय की गुरुद्वारे जाने की दिनचर्या थी और हमलावरों को उनकी गतिविधियों की जानकारी थी।
रिपोर्ट के अनुसार यह घटना सुबह करीब 8 बजे घटी। ओबेरॉय को सीने और सिर में गोली लगी। घटना के तुरंत बाद जांच दल मौके पर पहुंच गया था और सभी सुराग जुटाए जा रहे। हमलावरों की पहचान करने के लिए इलाके के विभिन्न स्थानों से सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त कर ली गई है।
इस बीच जालंधर में दिनदहाड़े ओबेरॉय की हत्या के बाद पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने इस घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रशासन में पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। व्यक्तिगत दुश्मनी और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता सहित संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

