Friday, October 10, 2025
Homeभारतदिल्ली चुनाव के लिए 'आप' की पहली लिस्ट, 11 नामों का ऐलान,...

दिल्ली चुनाव के लिए ‘आप’ की पहली लिस्ट, 11 नामों का ऐलान, कितने विधायकों का कटा टिकट?

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में छह ऐसे नाम हैं, जो हाल ही में कांग्रेस या भाजपा छोड़कर ‘आप’ में शामिल हुए हैं। 70 सीटों वाले दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव अगले साल यानी 2025 के शुरू में होने हैं।

‘आप’ की पहली लिस्ट, तीन मौजूदा विधायक के टिकट कटे

‘आप’ नेता गोपाल राय ने टिकटों के ऐलान की जानकारी देते हुए कहा, ‘पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव- 2025 के लिए 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में नामों को अंतिम रूप दिया गया। इन 11 सीटों में से अधिकांश वे हैं जिन पर मौजूदा समय में ‘आप’ के विधायक नहीं हैं।

उम्मीदवारों की सूची की बात करें तो छतरपुर से ब्रह्मा सिंह तंवर, किराड़ी से अनिल झा, विश्वास नगर से दीपक सिंघला, रोहतास नगर से सरिता सिंह, लक्ष्मी नगर से बीबी त्यागी, बदरपुर से राम सिंह, सीलमपुर से जुबैर चौधरी, सीमापुरी से वीर सिंह धींगान, घोंडा से गौरव शर्मा, करावल नगर से मनोज त्यागी और मटियाला से सोमेश शौकीन को चुनावी मैदान में उतारा गया है।

वहीं आम आदमी पार्टी ने अपने 3 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे हैं। इनमें मटियाला से गुलाब सिंह यादव की जगह सुमेश शौकीन को टिकट मिला है। किराड़ी से ऋतुराज झा की जगह अनिल झा को टिकट दिया गया है। वहीं सीलमपुर से अब्दुल रहमान की जगह ज़ुबैर चौधरी को टिकट दिया गया।

अनिल झा के जरिए पूर्वांचली वोटर्स पर नजर

अनिल झा ने रविवार (17 नवंबर) को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में ‘आप’ का दामन थामा था। ‘आप’ में शामिल होने से पहले वो भारतीय जनता पार्टी में थे। अनिल झा दो बार विधायक भी रह चुके हैं।

आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा था कि वो लोकतंत्र के प्रहरी अरविंद केजरीवाल की कार्यशैली से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। आम आदमी पार्टी में रहते हुए मुझे देश की सेवा और जनता के हितों में काम करने में मदद मिलेगी।

पार्टी में शामिल होने के बाद इसकी तारीफ करते हुए अनिल झा ने कहा था कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में रहते हुए दिल्ली की जनता की मूलभूत आवश्यकताओं जैसे बिजली, पानी और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया है। इससे में खासा प्रभावित हुआ और इसके बाद अब आम आदमी पार्टी में शामिल होने का फैसला किया।

अनिल झा दिल्ली में पूर्वांचल के दिग्गज नेताओं की फेहरिस्त में शुमार है। आम आदमी पार्टी उनके जरिए दिल्ली के पूर्वांचल मतदाताओं को चुनावी मौसम में साधना चाहती है। पार्टी ने उन्हें किराड़ी से टिकट दिया है। किराड़ी में बड़ी संख्या में पूर्वांचल समुदाय के लोग रहते हैं, जिसे देखते हुए पार्टी ने इस सीट से अनिल झा को टिकट थमाया है।

कांग्रेस से आए सोमेश शौकीन को टिकट

आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की सूची में सोमेश शौकीन को भी जगह दी है। सोमेश इससे पहले कांग्रेस में थे। वो हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं।

आप का दामन थामने के बाद सोमेश शौकीन ने कहा था कि दिल्ली देहात का जितना भी विकास हुआ है, वो सब अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हुआ है।

उन्होंने कहा था कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की शासन ने दिल्ली की जनता को खासा प्रभावित किया है। जिसे देखते हुए मैंने अब इस पार्टी का दामन थामने का फैसला किया है, ताकि मैं भी दिल्ली के विकास में अपना अमूल्य योगदान दे सकूं।

(समाचार एजेंसी IANS इनपुट के साथ)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा