Homeभारतदिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से जलभराव, ट्रैफिक जाम में फंसी गाड़ियां; IMD...

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से जलभराव, ट्रैफिक जाम में फंसी गाड़ियां; IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से कई सड़कें पानी में डूब गईं, खासकर दक्षिण दिल्ली में, जहां महरौली-बदरपुर (MB) रोड के कुछ हिस्से नदी जैसे लगने लगे क्योंकि कुछ जगहों पर तीन से चार फीट तक पानी जमा हो गया था। इससे गाड़ियां फंस गईं, ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को लंबे रास्ते लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

नई दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार (7 अगस्त) को जोरदार बारिश हुई जिससे सड़कें पानी से भर गईं। भारी बारिश के चलते कई जगह जलजमाव हो गया और पूरी राजधानी में ट्रैफिक की रफ्तार बहुत धीमी हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिन भर मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना थी और शनिवार से इसमें धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है।

इस भारी बारिश से कई सड़कें पानी में डूब गईं, खासकर दक्षिण दिल्ली में, जहां महरौली-बदरपुर (MB) रोड के कुछ हिस्से नदी जैसे लगने लगे क्योंकि कुछ जगहों पर तीन से चार फीट तक पानी जमा हो गया था। इससे गाड़ियां फंस गईं, ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को लंबे रास्ते लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से जलभराव

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर दिल्ली और आसपास के इलाकों में जोरदार दस्तक दी। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में जलभराव देखा गया। लगातार बारिश के कारण दक्षिण दिल्ली के दुर्गा विहार में जलभराव हो गया, जबकि देवली रोड पर भी कई जगह पानी भर गया।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर-95 अंडरपास के नीचे भारी जलभराव हो गया। महामाया फ्लाईओवर के नीचे जमा गहरे पानी में एक एंबुलेंस फंस गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

बारिश के कारण दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। मेहरौली-बदरपुर रोड, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर, दिल्ली-जयपुर हाईवे, पीरागढ़ी और शाहीन बाग समेत कई इलाकों में वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।

waterlogging in delhi, दिल्ली-एनसीआर में बारिश के चलते जलभराव
दिल्ली एनसीआर में बारिश के चलते जलभराव

पूर्वी दिल्ली के जीटी रोड, जीटीबी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन में भी यातायात प्रभावित रहा। सोशल मीडिया पर लोगों ने दक्षिणपुरी, ओखला, संगम विहार, सैनिक फार्म्स और मेहरौली-बदरपुर रोड के कई हिस्सों में जलभराव की तस्वीरें और वीडियो साझा किए।

IMD ने क्या कहा?

तेज बारिश की वजह से राजधानी में कई जगह इमरजेंसी वाली घटनाएं हुईं। दिल्ली फायर सर्विस को गुरुवार (6 अगस्त) देर रात से ही मदद के लिए कई कॉल आए।

दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण दिन भर में घर गिरने की नौ और पेड़ गिरने की 16 घटनाएं सामने आईं। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से किसी भी घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

आईएमडी के अनुसार, उत्तर भारत में एक साथ सक्रिय कई मौसम प्रणालियों के कारण यह भारी बारिश हो रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में भी तेज बारिश जारी रह सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव, स्थानीय बाढ़ और ट्रैफिक बाधित होने की आशंका बनी रहेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं।

आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान यात्रा करते समय सतर्क रहें और जलभराव वाले इलाकों से बचने की कोशिश करें।

यह भी पढ़ें – स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर बजेगा ‘वंदे मातरम’, पीएम के भाषण के बाद होगा गायन

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular