नई दिल्ली: सरकार ने राज्यसभा को बताया कि सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने इंडिगो, जेप्टो, फर्स्टक्राई, फिजिक्स वाला (PW) और स्पाइसजेट समेत नौ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जुर्माना लगाया है। इन प्लेटफॉर्म पर “डार्क पैटर्न” का इस्तेमाल करने का आरोप है, जो ऐसे भ्रामक यूजर इंटरफेस डिजाइन होते हैं जिनसे ग्राहकों की पसंद को प्रभावित या मैनिपुलेट किया जाता है।
सरकार ने यह भी कहा कि कंज्यूमर अफेयर्स डिपार्टमेंट ने गलत डिजिटल व्यापार तौर-तरीकों के खिलाफ सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया है।
सरकार ने Zepto, PW समेत अन्य कंपनियों से वसूले 20 लाख रुपये
डार्क पैटर्न की रोकथाम और विनियमन संबंधी विधेयक, 2023 भ्रामक इंटरफेस डिजाइन के 13 प्रकारों की पहचान करता है और उन्हें विनियमित करता है। जिनमें झूठी तात्कालिकता, बास्केट स्नीकिंग, सब्सक्रिप्शन ट्रैप, ड्रिप प्राइसिंग, कन्फर्म शेमिंग और ट्रिकी प्रश्न शामिल हैं।
सीसीपीए ने जून 2025 में एक एडवाइजरी जारी कर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्मों को अपने प्लेटफॉर्म पर डार्क पैटर्न का पता लगाने के लिए स्व-ऑडिट करने को कहा था। सरकार ने मंगलवार (4 अगस्त) को उच्च सदन को लिखित जवाब में बताया कि नियामक ने तब से दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने वालों से लगभग ₹20 लाख का जुर्माना वसूला है।
क्विक कॉमर्स आउटलेट ‘जेप्टो मार्केटप्लेस’ पर 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। CCPA ने पाया कि प्लेटफॉर्म ने शुरुआत में कम कीमतें दिखाईं लेकिन बाद में हैंडलिंग चार्ज और मेंबरशिप फीस जोड़ दीं। CCPA ने कहा कि हैंडलिंग चार्ज ‘ड्रिप प्राइसिंग’ के तहत आते हैं जबकि मेंबरशिप को अपने-आप जोड़ना ‘बास्केट स्नीकिंग’ माना जाता है।
सरकार ने यह भी सूचना दी कि जेप्टो ने डार्क पैटर्न का इस्तेमाल बंद कर दिया है।

इसी तरह CCPA ने स्वतः संज्ञान लेते हुए डिजिटल एजुकेशन प्लेटफॉर्म ‘फिजिक्स वाला’ (PW) पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। रेगुलेटर ने पाया कि इसके “PW फाउंडेशन” के लिए ₹10 का डोनेशन पहले से ही चुना हुआ (pre-selected) था। उसने पाया कि ग्राहकों को पहले से चुने गए डोनेशन अमाउंट को बनाए रखने के लिए प्रेरित करने के लिए भावनात्मक रूप से मनाने वाले मैसेज दिखाए जा रहे थे।
CCPA ने उन फ्री कोर्स पर भी आपत्ति जताई जिनके लिए एक्सेस पाने से पहले पर्सनल जानकारी देना जरूरी था। सरकार ने राज्यसभा को बताया, “कंपनी ने जुर्माना भर दिया और ‘डार्क पैटर्न’ का इस्तेमाल बंद कर दिया।”
FirstCry , BookMyShow पर भी लगा जुर्माना
CCPA ने इंडिगो के मोबाइल ऐप पर ‘कन्फर्म शेमिंग’ (confirm shaming) से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई की। रेगुलेटर के दखल के बाद एयरलाइन ने पहले वाले ऑप्ट-आउट मैसेज “नहीं, मैं रिस्क लूंगा” (No I will take risk) को बदलकर ज्यादा न्यूट्रल मैसेज, “नहीं, मैं ट्रिप में कुछ नहीं जोड़ूंगा” (No, I will not add to the trip) कर दिया।
मूवी टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow को बास्केट स्नीकिंग के लिए फटकार मिलने के बाद उसके चैरिटी अभियान BookASmile के लिए पहले से ही चुने गए 1 रुपये के योगदान को हटाने के लिए कहा गया।
इसी तरह नियामक ने FirstCry पर 2 लाख रुपये, PharmaEasy पर 1 लाख रुपये, McAfee पर 1 लाख रुपये, SpiceJet पर 1 लाख रुपये और कोचिंग प्लेटफॉर्म Anuj Jindal पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और उन्हें छिपे हुए शुल्कों, जबरन सब्सक्रिप्शन, भ्रामक काउंटडाउन टाइमर और हेरफेर करने वाले सब्सक्रिप्शन रिन्यूअल प्रॉम्प्ट जैसी विभिन्न प्रकार की गतिविधियों को बंद करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें – Meta ने बाल यौन शोषण सहित डीपफेक और कंटेंट मॉडरेशन पर मानी गलती, जुकरबर्ग ने माफी मांगी: सूत्र

