Kimi K3 अपने अब तक के सबसे एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल को पेश करने के कुछ ही दिनों बाद चीनी AI स्टार्टअप ‘मूनशॉट (Moonshot)’ को नए पेड सब्सक्राइबर्स को लेना कुछ समय के लिए रोकना पड़ा है। इसका कारण क्या है? दरअसल, Kimi K3 बहुत ज्यादा लोकप्रिय हो गया है। कंपनी के मुताबिक, इसके लेटेस्ट AI मॉडल की मांग इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि कंपनी का कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर उस दबाव को संभाल नहीं पा रहा है।
X पर एक बयान में कंपनी ने लिखा कि ” पिछले 48 घंटों में, डिमांड हमारी मौजूदा क्षमता की सीमा के करीब पहुंच गई है। मौजूदा सब्सक्राइबर्स के अनुभव को सुरक्षित रखने के लिए हम कुछ समय के लिए नए सब्सक्रिप्शन रोक रहे हैं और मौजूदा मेंबर्स के लिए कंप्यूट रिसोर्स को प्राथमिकता दे रहे हैं। मौजूदा सब्सक्राइबर्स पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। “
कंपनी का कहना है कि मौजूदा सब्सक्राइबर्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा और जैसे-जैसे कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ेगी, नई मेंबरशिप बैच में फिर से शुरू की जाएगी।
Kimi K3 के मुख्य फीचर्स क्या हैं?
बीजिंग की यूनिकॉर्न कंपनी ने पिछले हफ्ते के आखिर में Kimi K3 लॉन्च किया। यह 2.8 ट्रिलियन पैरामीटर वाला एक बहुत बड़ा लार्ज लैंग्वेज मॉडल है। कंपनी के मुताबिक इस मॉडल में नेटिव विजन क्षमताएं हैं और इसे लंबे समय तक चलने वाली कोडिंग, नॉलेज वर्क और जटिल तर्क वाले कामों के लिए बनाया गया है।
‘आर्टिफिशियल एनालिसिस’ के मुताबिक, Kimi K3 घरेलू प्रतिद्वंद्वियों जैसे Zhipu AI और DeepSeek द्वारा हाल ही में लॉन्च किए गए किसी भी फ्लैगशिप मॉडल से बड़ा है। इसने अमेरिका के टॉप क्लोज्ड-सोर्स मॉडल – जिनमें Anthropic का Claude Opus 4.8 और OpenAI का GPT-5.5 शामिल हैं, से बेहतर प्रदर्शन किया। यह सिर्फ हाल ही में रिलीज हुए Claude Fable 5 और GPT-5.6 Sol से ही पीछे रहा।
कुछ बेंचमार्क जैसे कि फ्रंट-एंड कोड डेवलपमेंट के लिए Arena AI की रैंकिंग पर GPT-5.6 Sol और Claude Fable 5 से बेहतर होने के बावजूद Kimi K3 अपने अमेरिकी विकल्पों की तुलना में काफी सस्ता है भले ही यह दूसरे चीनी मॉडलों से महंगा है।
Artificial Analysis के मुताबिक, K3 की लागत औसतन US$0.95 प्रति टास्क है जबकि Fable 5 की लागत US$2.75 और GPT-5.6 Sol की लागत US$1.06 है।
Kimi K3 की बेहतरीन क्षमताओं को देखकर अमेरिकी टेक कंपनियों के अधिकारियों ने भी इस पर अपनी राय दी है। OpenAI में स्ट्रैटेजिक फ्यूचर्स के हेड, डीन बॉल ने माना कि K3 ” एक बहुत अच्छा मॉडल ” है जिसकी परफॉर्मेंस को ‘डिस्टिलेशन’ से नहीं समझाया जा सकता।
एन्थ्रोपिक और OpenAI जैसी अमेरिकी लैब्स लंबे समय से चीनी AI की तेजी से हो रही तरक्की का कारण ‘डिस्टिलेशन’ को मानती रही हैं। यह इंडस्ट्री का एक तरीका है जिसमें बड़े और बेहतर मॉडल्स के आउटपुट का इस्तेमाल करके छोटे मॉडल्स को ट्रेन किया जाता है।
Fable और GPT 5.6 से बेहतर करता है प्रदर्शन
Kimi K3 कई बेंचमार्क पर लगातार Fable और GPT 5.6 जैसे प्रोप्राइटरी मॉडल के बराबर या उनसे बेहतर प्रदर्शन करता है। इसकी खूबियां खास तौर पर इन क्षेत्रों में दिखाई देती हैं:
कोडिंग के काम: यह कोड बनाने, डीबग करने और ऑप्टिमाइज करने में बेहतरीन क्षमता दिखाता है, जिससे यह डेवलपर्स के लिए एक बहुत काम का टूल बन जाता है।
सोचने-समझने और प्राब्लम सॉल्विंग क्षमता: यह लॉजिक पर आधारित मूल्यांकन और एजेंटिक इंटेलिजेंस इंडेक्स में बहुत अच्छा प्रदर्शन करता है, जिससे मुश्किल चुनौतियों से निपटने की इसकी क्षमता का पता चलता है।
बहुमुखी प्रतिभा: इसने सफलतापूर्वक एक फॉर्मूला 1 रेसिंग गेम और एक पर्सनल फ़ाइनेंस डैशबोर्ड बनाया है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में इसकी अनुकूलन क्षमता को दिखाता है।
इसकी सबसे प्रमुख खूबियों में एक इसका ओपन सोर्स होना है। कॉस्ट इफेक्टिव – GPT 5.6 और Fable जैसे प्रोप्राइटरी मॉडल की तुलना में इसकी कीमत प्रतिस्पर्धी है, जिससे यह ज्यादा लोगों की पहुंच में है।
बेहतरीन आउटपुट: यह बेंचमार्क और प्रैक्टिकल इस्तेमाल, दोनों में लगातार अच्छा परफॉर्मेंस देता है और भरोसेमंद नतीजे देता है।
AI तक व्यापक पहुंच: यह स्वतंत्र डेवलपर्स और छोटी संस्थाओं के लिए बराबरी का मौका देता है। इससे वे नए और इनोवेटिव AI फीचर्स का इस्तेमाल कर पाते हैं।

