नई दिल्ली: भारत ने शुक्रवार (17 जुलाई) को जापान के एक पूर्व मंत्री के उस बयान का कड़ा जवाब दिया, जिसमें उन्होंने हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में देरी के लिए नई दिल्ली को जिम्मेदार ठहराया था। भारत ने इसे ” व्यक्तिगत राय ” बताया और कहा कि यह ” तथ्यों से काफी अलग ” है।
गौरतलब है कि जापान के पूर्व न्याय मंत्री और सत्ताधारी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य हिदेकी माकिहारा ने भारत-जापान शिंकानसेन प्रोजेक्ट में देरी के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था।
जापान के पूर्व मंत्री ने भारत पर लगाए आरोप
उन्होंने लिखा, “भारत में शिंकानसेन प्रोजेक्ट से मैं खुद जुड़ा हुआ था लेकिन अंतरराष्ट्रीय बैठकों और बातचीत में जो बात सबसे ज्यादा खटकी, वह थी भारतीय पक्ष की घोर लापरवाही, जो बार-बार देखने को मिली। वे चाहे कुछ भी हो जाए, अपने वादे पूरे नहीं करते। अगर वे कोई वादा करते भी हैं, तो तुरंत उससे मुकर जाते हैं। “
माकिहारा ने जिम्मेदार मंत्री के ‘ बेहद खराब ‘ रवैये को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “वे आखिर तक सिर्फ अपने फायदे की ही सोचते रहे। जिम्मेदार मंत्री का रवैया तो बहुत ही खराब था—अगर सबसे बड़े अधिकारी का ही ऐसा रवैया हो तो कोई भी काम ठीक से नहीं हो सकता। उन सभी जापानी लोगों के सम्मान के लिए, जिन्होंने इस काम में अपना सब कुछ लगा दिया, मुझे यह कहना ही होगा: मुझे 100% यकीन है कि इस काम के आगे न बढ़ पाने की पूरी जिम्मेदारी भारतीय पक्ष की है।”
यह भी पढ़ें – जंतर-मंतर में सोनम वांगचुक से मिले पवन खेड़ा, कहा – इंदिरा और मनमोहन ने प्रदर्शनकारियों से की थी बातचीत
भारतीय विदेश मंत्रालय ने किया पलटवार
भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को हिदेकी माकिहारा के दावों को खारिज करते हुए कहा कि यह उनकी ” निजी राय ” है और “तथ्यों से काफी अलग” है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि ” हमने वह पोस्ट देखी है। यह एक निजी राय है और तथ्यों से काफी अलग है। मुंबई-अहमदाबाद HSR (हाई-स्पीड रेल) पर भारत और जापान के बीच बातचीत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है। “
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि भारत अपनी पहली बुलेट ट्रेन सेवा के पहले चरण का संचालन 15 अगस्त, 2027 से शुरू करेगा। वैष्णव ने कहा कि हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर चरणों में खुलेगा, जिसकी शुरुआत सूरत-बिलिमोरा सेक्शन से होगी।
इसके बाद में जारी एक लिखित बयान में, विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी दी। इस बयान में कहा गया, ” मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड ट्रेन को लेकर भारत और जापान के बीच बातचीत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है। जापान 2030 के दशक की शुरुआत में E10 सीरीज की ट्रेन उपलब्ध कराएगा। यह ट्रेन अभी भी डेवलपमेंट के चरण में है। इस बीच, निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ा है। पहला सेक्शन 2027 में खोला जाएगा। इसलिए, दोनों पक्ष भारतीय हाई-स्पीड ट्रेन के साथ ऑपरेशन शुरू करने पर सहमत हुए। प्रोजेक्ट का काम हाई-स्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द शुरू करने के साझा लक्ष्य के अनुरूप हो रहा है। “
यह भी पढ़ें – एंडी बर्नहैम चुने गए लेबर पार्टी के नेता, ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री के रूप में लेंगे शपथ

