Homeविश्वअमेरिकी हमलों में क्षतिग्रस्त हुआ ईरान का चाबहार बंदरगाह! पीटर हेगसेथ ने...

अमेरिकी हमलों में क्षतिग्रस्त हुआ ईरान का चाबहार बंदरगाह! पीटर हेगसेथ ने शेयर की ढहते टॉवर की तस्वीर

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उन्होंने ओमान में अमेरिका के दो रडार ठिकानों को “निशाना बनाकर नष्ट” कर दिया है। इनमें से एक का इस्तेमाल समुद्री निगरानी के लिए और दूसरे का हवाई निगरानी के लिए किया जाता था।

वाशिंगटन: पश्चिम एशिया में फिर से छिड़ी जंग के बीच ओमान की खाड़ी में ईरान के चाबहार बंदरगाह पर बना एक निगरानी टावर हालिया अमेरिकी हमलों में गिर गया है। गौरतलब है कि चाबहार बंदरगाह अफगानिस्तान के लिए व्यापार का एक अहम रास्ता है। इस बंदरगाह को ईरान भारत की मदद से चला रहा था।

सोशल मीडिया पर चाबहार टावर को हुए नुकसान की तस्वीरें शेयर की गईं और बाद में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी वह तस्वीर शेयर की जिसमें धूल और धुएं के गुबार के बीच एक टावर जैसी संरचना ढहती हुई दिखाई दे रही है।

अमेरिका ने ईरान के चाबहार बंदरगाह को बनाया निशाना

अमेरिका ने ईरान के खिलाफ हमलों में बार-बार चाबहार बंदरगाह को निशाना बनाया है। हालांकि ईरानी मीडिया ने इस जगह पर हमलों के तीसरे दौर की पुष्टि की, लेकिन उसने तुरंत टावर के गिरने की बात नहीं मानी।

सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक रात भर चले अमेरिकी हमलों में ईरान में आठ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। अमेरिका ने शुक्रवार (17 जुलाई) को कहा कि उसकी सेनाओं ने लगातार छठी रात ईरान के खिलाफ हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने X पर एक पोस्ट में कहा कि ये हमले शाम 6 बजे GMT पर शुरू हुए और इनका मकसद “ईरान की सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना” था।

IRNA समाचार एजेंसी ने बताया कि देश के कई प्रांतों में कुछ बुनियादी ढांचों पर अमेरिकी सेना ने हमला किया। खबरों के मुताबिक, दक्षिणी प्रांत होर्मोजगन में छह पुलों को भी निशाना बनाया गया।

यह भी पढ़ें – चीन पर ट्रंप का बड़ा आरोप, 22 करोड़ अमेरिकी वोटरों का डेटा हासिल करने का दावा, चुनावी रिकॉर्ड सार्वजनिक करने के दिए आदेश

समाचार एजेंसी AFP ने ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से लिखा कि 22 जून को शुरू हुई नई झड़पों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है जबकि 400 लोग घायल हुए हैं।

IRGC ने क्या कहा?

इस बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उन्होंने ओमान में अमेरिका के दो रडार ठिकानों को “निशाना बनाकर नष्ट” कर दिया है। इनमें से एक का इस्तेमाल समुद्री निगरानी के लिए और दूसरे का हवाई निगरानी के लिए किया जाता था।

इलाके में हमले जारी रहने के बीच जॉर्डन की सेना ने कहा कि उसने ईरान की तीन मिसाइलों को मार गिराया है। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ईरान ने यह भी कहा कि उसने कुवैत में अमेरिकी सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है जबकि बहरीन और कतर में भी शुक्रवार तड़के हमलों की सूचना मिली।

ईरान के एकमात्र सिविलियन न्यूक्लियर प्लांट वाले शहर बुशहर पर भी हमला हुआ। ईरानी सरकारी टीवी ने वहां दो धमाकों की खबर दी। ईरानी सरकारी मीडिया ने यह भी बताया कि अमेरिका ने बंदर अब्बास बंदरगाह शहर में एक एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन, तथा दक्षिणी ईरान में होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दो पुलों पर हमले किए।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular