मुंबईः दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 12 जुलाई को अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर है। परिवार, करीबी और संगीत जगत से जुड़े लोग उन्हें प्यार से ‘अम्मा’ कहकर बुलाते थे।
सुनीला शर्मा के निधन की जानकारी सबसे पहले गायिका प्रियंका मित्रा ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने लिखा, “भारी मन से हम अपनी प्यारी अम्मा सुनीला प्यारेलाल शर्मा के निधन की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने पूरी जिंदगी सादगी, प्रेम और सेवा के साथ बिताई। जो भी उन्हें जानता था, उसके लिए वह स्नेह, अपनापन और प्रेरणा का स्रोत थीं।”
परिवार के मुताबिक, सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के सांताक्रूज़ (पश्चिम) स्थित दत्तात्रेय रोड श्मशान घाट में किया जाएगा। अंतिम विदाई में परिवार के सदस्यों, करीबी मित्रों और फिल्म एवं संगीत जगत से जुड़े कई लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ेंः 500 से ज्यादा मुकाबले, एक भी हार नहीं… अखाड़े से ‘रामायण’ के हनुमान बनने तक ऐसा रहा दारा सिंह का सफर
रियलिटी शोज के दर्शकों के बीच भी थीं लोकप्रिय
सुनीला शर्मा भले ही फिल्मी दुनिया की सक्रिय हस्ती नहीं थीं, लेकिन संगीत प्रेमियों के लिए वह एक जाना-पहचाना चेहरा थीं। पिछले कुछ वर्षों में वह प्यारेलाल शर्मा के साथ ‘इंडियन आइडल 13’, ‘सा रे गा मा पा’ और ‘सुपरस्टार सिंगर’ जैसे संगीत रियलिटी शोज में नजर आत रही थीं। उनकी सहज मौजूदगी, प्रतियोगियों के लिए प्रोत्साहन भरे शब्द और पारंपरिक आरती ने उन्हें दर्शकों के बीच भी लोकप्रिय बना दिया था।
‘इंडियन आइडल 13’ के लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल स्पेशल एपिसोड का एक भावुक पल आज भी याद किया जाता है। शो में एक प्रतियोगी और उसकी मां ने अपने हाथों से बनाई हुई साड़ी उन्हें भेंट की थी। यह स्नेह देखकर सुनीला शर्मा भावुक हो गई थीं।
प्यारेलाल के संगीत सफर की मजबूत साथी थीं सुनीला
प्यारेलाल शर्मा के लंबे और सफल संगीत सफर में सुनीला शर्मा हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं। वह सिर्फ उनकी जीवनसंगिनी नहीं, बल्कि हर दौर में उनका संबल भी थीं। संगीत समारोहों, पुरस्कार समारोहों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में दोनों अक्सर साथ दिखाई देते थे।
प्यारेलाल, महान संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का हिस्सा रहे हैं। इस जोड़ी ने कई दशकों तक हिंदी सिनेमा को दो रास्ते, अमर अकबर एंथनी, सरगम, कर्ज, एक दूजे के लिए, मिस्टर इंडिया और राम लखन जैसी फिल्मों के जरिए सैकड़ों कालजयी गीत दिए। इस पूरे सफर में सुनीला शर्मा ने पर्दे के पीछे रहकर अपने पति का हर कदम पर साथ दिया और उन्हें एक मजबूत सहारा प्रदान किया।
उनके निधन के बाद फिल्म और संगीत जगत से लगातार श्रद्धांजलियां दी जा रही हैं। उन्हें उनकी सादगी, आत्मीयता और भारतीय सिनेमा के सबसे सफल संगीतकारों में से एक के जीवन और करियर में निभाई गई उनकी अहम भूमिका के लिए याद किया जा रहा है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट के साथ
ये भी पढ़ेंः भूत बंगला से धमाल 4 तक… बॉक्स ऑफिस पर कॉमेडी की ‘हैट्रिक’, क्या बदल रहा ट्रेंड?

