लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री अब बेहद करीब है। यदि मौजूदा परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 28 जून से मानसून बिहार के रास्ते पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है, जिसके बाद अगले कुछ दिनों में यह तेजी से पूरे प्रदेश में फैलने की संभावना है।
हालांकि मानसून के आने से पहले अगले 48 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने 26 से 27 जून के लिए पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में हीट वेव (लू) का येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वांचल में सबसे पहले पहुंचेगा मानसून
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक, जून के अंतिम सप्ताह में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल हो रही हैं। संभावना है कि 28 जून से बारिश का सिलसिला शुरू होगा, जबकि 30 जून के आसपास प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ जाएंगी।
मानसून सबसे पहले देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, बलिया और आसपास के पूर्वी जिलों में दस्तक देगा। इसके बाद यह धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा। इस साल मानसून अपने सामान्य आगमन समय 21 जून की तुलना में लगभग एक सप्ताह से अधिक देरी से पहुंच रहा है।
इन जिलों में अभी भी लू का खतरा
आईएमडी, लखनऊ के ताजा बुलेटिन के अनुसार 26 जून से 27 जून तक लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती और संत कबीर नगर समेत पूर्वी व मध्य उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो लर्ट जारी किया गया है। इसके उलट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में लू का खतरा अपेक्षाकृत कम रहेगा।
बारिश कहां होगी?
मौसम विभाग के जिला-वार पूर्वानुमान के अनुसार 26-27 जून के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों और बुंदेलखंड के सीमावर्ती हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने और तेज धूप पड़ने की संभावना है। व्यापक और लगातार बारिश की शुरुआत मानसून के प्रवेश के बाद ही होने की उम्मीद है।
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सुबह से आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप और लू का असर महसूस किया जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
गुरुवार को प्रयागराज प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। यहां 43 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर में 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
किसानों की बढ़ी चिंता, बारिश का इंतजार
मानसून में देरी का असर किसानों पर भी दिखाई देने लगा है। धान की रोपाई के लिए पर्याप्त बारिश जरूरी होती है। यदि बारिश में और विलंब होता है तो खरीफ फसलों, विशेषकर धान की बुवाई प्रभावित हो सकती है। ऐसे में किसान अब मानसून की पहली अच्छी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद तेजी से आगे बढ़ सकता है। ऐसे में जून के अंतिम दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने और बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
दिल्ली में धूल भरी आंधी-तूफान के बार-बार आने की वजह क्या है? अरावली पर्वतमाला से क्या है कनेक्शन?

