पिछले पांच महीने से सी जोसेफ विजय यानी थलापति विजय के फैंस उनकी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म तो रिलीज नहीं हुई लेकिन विजय तमिलनाडु चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें जीतकर मुख्यमंत्री जरूर बन गए हैं। मुख्यमंत्री बनते ही सोशल मीडिया से लेकर मेन स्ट्रीम मीडिया तक में ये सवाल फिर से चर्चा में है कि क्या सूबे के नए ‘नायक’ की इस पॉलिटिकल-एक्शन थ्रिलर की रिलीज का रास्ता साफ हो जाएगा?
जन नायकन (हिंदी में जन नेता) फिल्म सिर्फ एक सिनेमाई प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि विजय के फिल्मी करियर का ‘फेयरवेल मोमेंट’ मानी जा रही है। ‘थलापति 69’ के नाम से शुरू हुई इस फिल्म को बाद में ‘जन नायकन’ टाइटल दिया गया। थलापति 69 टाइलट इसलिए दिया गया, क्योंकि यह विजय की सिनेमा जीवन की 69वीं फिल्म है। ‘थलापति’ मूल रूप से तमिल शब्द है जिसका हिंदी अर्थ दलपति या सेनापति होता है। यहां यह भी जिक्र कर दें कि सुपरस्टार रजनीकांत और ममूटी की 1991 की प्रसिद्ध फिल्म ‘Thalapathi’ को हिंदी में ‘दलपति’ टाइटल के साथ ही लाया गया था। खैर…
फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ कर रहे हैं जो ‘थीरन अधिगारम ओन्द्रु’, ‘नेरकोंडा पारवई’ और ‘थुनिवु’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। संगीत अनिरुद्ध रविचंदर का है। फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू और गौतम वासुदेव मेनन जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
रिपोर्टों के मुताबिक फिल्म एक राजनीतिक एक्शन एंटरटेनर है, जिसमें एक पूर्व पुलिस अधिकारी भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ जनता की लड़ाई लड़ता दिखाई देगा। यह भी कहा जा रहा है कि फिल्म 2023 की तेलुगु फिल्म ‘भगवंत केसरी’ से प्रेरित हो सकती है।
आखिर रिलीज में इतनी देरी क्यों हुई?
फिल्म को पहले 9 जनवरी 2026 यानी पोंगल पर रिलीज किया जाना था। लेकिन रिलीज से ठीक पहले यह सेंसर बोर्ड यानी सीबीएफसी की प्रक्रिया में अटक गई।
निर्माता वेंकट के नारायणा, जिनकी कंपनी केवीएन प्रोडक्शंस फिल्म बना रही है, ने हाल ही में बताया कि फिल्म अभी सेंसर बोर्ड की अंतिम सर्टिफिकेशन प्रक्रिया से गुजर रही है। विजय की शपथ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा था, “फाइनल प्रोसेस चल रही है। हम बेहद उत्साहित हैं। संभावना है कि फिल्म लगभग 14 दिनों में सिनेमाघरों में आ जाए।”
उन्होंने विजय की तारीफ करते हुए कहा था, “मैं विजय सर को व्यक्तिगत रूप से जानता हूं। वे बेहद अनुशासित और समर्पित इंसान हैं। जो वादा करते हैं, उसे निभाते हैं। तमिलनाडु के लिए एक नए नेतृत्व और नए दौर की शुरुआत हुई है। वे सच में ‘जन नायकन’ यानी जनता के नेता बन चुके हैं।” निर्माताओं ने रिलीज में हुई देरी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, लेकिन कहा कि अब फिल्म आगे बढ़ रही है।
विवादों में भी रही विजय की आखिरी फिल्म
‘जन नायकन’ शुरुआत से ही विवादों और चर्चाओं में रही है। फिल्म की रिलीज ऐसे समय पर तय हुई थी जब विजय तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए जोरदार प्रचार कर रहे थे। इससे राजनीतिक और फिल्मी दुनिया दोनों में फिल्म की चर्चा बढ़ गई।
इसके बाद फिल्म को बड़ा झटका तब लगा जब इसके कुछ हिस्से ऑनलाइन लीक हो गए। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि लगभग पूरी फिल्म तक अवैध वेबसाइट्स पर पहुंच गई थी।
केवीएन प्रोडक्शनंस ने आधिकारिक बयान जारी कर लोगों से लीक कंटेंट न देखने और न फैलाने की अपील की। साथ ही सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। रिपोर्टों के मुताबिक, इस मामले में एक असिस्टेंट डायरेक्टर समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। फिल्म लीक होने की घटना की रजनीकांत, कमल हासन, चिरंजीवी और विजय देवरकोंडा जैसे सितारों ने भी आलोचना की थी।
हिंदी बेल्ट में भी जबरदस्त है विजय का क्रेज
तमिलनाडु में राजनीतिक सफलता हासिल करने वाले विजय की लोकप्रियता सिर्फ दक्षिण भारत तक सीमित नहीं है। हिंदी भाषी राज्यों में भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है।
उनकी ‘लियो’, ‘मास्टर’, ‘बीस्ट’ और ‘वारिसु’ जैसी फिल्मों ने उत्तर भारत में अच्छा कारोबार किया। खासकर ‘लियो’ ने सीमित स्क्रीन मिलने के बावजूद हिंदी बेल्ट में 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी।
‘मास्टर’ और ‘बीस्ट’ के हिंदी डब वर्जन टीवी और OTT पर काफी लोकप्रिय रहे। वहीं ‘थुपक्की’ और ‘थेरी’ जैसी फिल्मों के हिंदी डब संस्करण यूट्यूब पर रिकॉर्ड व्यूज हासिल कर चुके हैं। ‘थुपक्की’ का हिंदी रीमेक ‘हॉलीडे’ के नाम से बनाया गया था, जिसमें Akshay Kumar नजर आए थे।
विशेषज्ञ मानते हैं कि विजय की ‘मास अपील’, स्टाइल, डांस और आम आदमी की लड़ाई दिखाने वाला अंदाज उन्हें हिंदी बेल्ट में भी बड़ा स्टार बनाता है।
रिलीज का रास्ता हो गया साफ
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि ‘जन नायकन’ आखिर सिनेमाघरों में कब पहुंचेगी। निर्माता की ओर से दिए गए संकेतों को देखें तो फिल्म जून 2026 की शुरुआत में रिलीज हो सकती है।
विजय की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक जन नायकन की रिलीज डेट 22 जून 2026 बताई गई है। वेबसाइट में फिल्म के प्रदर्शन को लेकर बकायदा काउंटडाउन लगाया गया है। यानी सबकुछ ठीक रहा तो विजय की फिल्म 22 जून को रिलीज हो जाएगी।

