हैदराबादः कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) ने शुक्रवार (8 मई) को अभिनेता-राजनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) के अथक प्रयासों के बाद सरकार गठन में बाहरी समर्थन देने का फैसला किया है। वहीं, विदुथलाई चिरुथाईगाई काची (वीसीके) ने भी पार्टी को समर्थन देने की बात कही है। ऐसे में टीवीके राज्य में सरकार बनाने हेतु जरूरी बहुमत के करीब पहुंच रही है।
विजय के जल्द ही तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर अगली सरकार बनाने का दावा पेश करने की उम्मीद है। यह समर्थन विधानसभा में सीपीआई विधायक दल के नेता टी. रामचंद्रन द्वारा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को सौंपे गए पत्र के माध्यम से व्यक्त किया गया।
सीपीआई ने टीवीके को समर्थन का किया ऐलान
पार्टी के पत्र में कहा गया है कि यह निर्णय सीपीआई के राज्य नेतृत्व के निर्देशों के तहत और हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में जनता द्वारा दिए गए जनादेश के अनुरूप लिया गया है।
इस पत्र में कहा गया है कि सीपीआई विधायक दल जिसमें दो सदस्य हैं। राज्य में अगली सरकार के गठन के लिए टीवीके और उसके अध्यक्ष और विधायक दल के नेता सी. जोसेफ विजय को अपना बिना शर्त समर्थन दे रहा है।
इसमें आगे कहा गया है कि यह समर्थन तमिलनाडु राज्य में 23 अप्रैल 2026 को हुए विधानसभा चुनावों के परिणामों के मद्देनजर दिया जा रहा है। तमिलनाडु की जनता के लिए स्थिर, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक शासन के हित में दिया जा रहा है। पार्टी ने राज्यपाल से इस समर्थन को रिकॉर्ड में दर्ज करने और सरकार गठन से संबंधित संवैधानिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का भी आग्रह किया है।
यह भी पढ़ें – क्या विवाहित बेटियां अनुकंपा के आधार पर कर सकती हैं नौकरी का दावा? छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने क्या कहा?
सीपीआई के लीडर डी. राजा ने कहा कि उनकी पार्टी ने न सिर्फ समर्थन दिया है बल्कि राज्यपाल से कहा कि वो टीवीके को सरकार बनाने के लिए बुलाएं। डी राजा ने कहा कि तमिलनाडु में एक सेक्युलर सरकार के गठन के लिए सीपीआई, सीपीआईएम और वीसीके ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया है।
राज्यपाल ने क्या कहा था?
यह घटनाक्रम तब सामने आया जब राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने कथित तौर पर कहा कि टीवीके को सरकार बनाने के लिए तभी आमंत्रित किया जा सकता है जब वह गठबंधन दलों से समर्थन पत्र प्रस्तुत करे।
इसके बाद टीवीके ने सीपीआई और सीपीएम दोनों को पत्र भेजकर सरकार गठन के लिए उनका समर्थन मांगा। पार्टी ने दोनों वामपंथी दलों के चार विधायकों से भी समर्थन मांगा और उनसे औपचारिक समर्थन पत्र देने का अनुरोध किया।
गुरुवार (7 मई) दोपहर को, टीवीके के राज्य संयुक्त महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने व्यक्तिगत रूप से सीपीआई के राज्य सचिव एम वीरपांडियन और सीपीएम के राज्य सचिव पी शनमुगम से उनके संबंधित पार्टी कार्यालयों में मुलाकात की और उनसे अनुरोध किया।

गौरतलब है कि राज्य तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए नतीजे 4 मई को घोषित किए गए थे। विजय की पार्टी टीवीके ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी। पार्टी की सीटें बहुमत से करीब 10 पीछे हैं। ऐसे में उसे सरकार बनाने के लिए अन्य पार्टियों से समर्थन की आवश्यकता है। इससे पहले कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने की बात कही थी। सीपीआई और वीसीके ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, आईयूएमएल को 2 सीटों पर जीत मिली है। 2021 में चुनाव जीतने के बाद सरकार बनाने वाली डीएमके को मात्र 59 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा एआईएडीएमके को 47 सीटों पर जीत मिली थी।
टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं। हालांकि, विजय ने दो सीटों से जीत दर्ज की है। ऐसे में उनके एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी की 107 सीटें बचती हैं। अब कांग्रेस के पांच विधायकों और वीसीके, सीपीआई, सीपीआई (एम) के दो-दो विधायकों के समर्थन के बाद 118 का आंकड़ा पहुंचता है जो सरकार बनाने के लिए जरूरी सदस्यों की संख्या को पूरा करता है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों राज्य में क्या कुछ घटनाक्रम देखने को मिलता है।

