Homeभारत'राहुल गांधी को भगवान राम के रूप में दर्शाते पोस्टर पर सियासी...

‘राहुल गांधी को भगवान राम के रूप में दर्शाते पोस्टर पर सियासी वार-पलटवार, भाजपा बोली- जो राम द्रोही हैं…’

राहुल गांधी को भगवान राम के रूप में धनुष-बाण लिए हुए दिखाया गया है, जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय लक्ष्मण के रूप में नजर आ रहे हैं। इन्हें रावण का वध करते हुए दिखाया गया है, जिसके चेहरे पर ‘वोट चोर’ लिखा हुआ है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर दशहरे के लिए लगाए गए एक होर्डिंग पर राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। कांग्रेस पार्टी मुख्यालय के बाहर लगे इस पोस्टर को भाजपा ने भगवान राम का अपमान बताया है। होर्डिंग में कांग्रेस नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी को भगवान राम के रूप में धनुष-बाण लिए हुए दिखाया गया है, जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय लक्ष्मण के रूप में नजर आ रहे हैं।

पोस्टर में दोनों को साथ मिलकर रावण का वध करते हुए दिखाया गया है, जिसके चेहरे पर ‘वोट चोर’ लिखा हुआ है, जबकि उसके अन्य सिरों पर प्रवर्तन निदेशालय, भ्रष्टाचार, महंगाई और चुनाव आयोग आदि लिखा हुआ है। इस होर्डिंग को लेकर भाजपा ने नाराजगी जताते हुए कहा ये भगवान राम का अपमान है। भाजपा की ओर से चुनौती दी गई कि कांग्रेस नेता ऐसा ही पोस्टर किसी और दूसरे धर्म के भगवानों को लेकर लगाकर दिखाएं।

भाजपा ने कहा- ये भगवान राम का अपमान

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए, भाजपा ने आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन न करने वाले कांग्रेस नेता खुद को राम बता रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, ‘जो राम द्रोही हैं, जो सनातन का सम्मान नहीं करते, जो राम का दर्शन नहीं कर पाते, दुखद है कि वो अपने को राम के रूप में दर्शा रहे हैं।’

भाजपा ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं में हिंदू देवी-देवताओं का अनादर करने की आदत है। राकेश त्रिपाठी ने साथ ही कांग्रेस और उसके नेताओं को अन्य समुदायों के देवताओं के साथ भी ऐसा ही करने की चुनौती दी।

किसने लगाया पोस्टर?

दूसरी ओर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर होर्डिंग और पोस्टर लगाने वाले भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा ने भाजपा को ‘हिंदुओं का ठेकेदार’ न बनने की सलाह दी। उन्होंने दावा किया कि होर्डिंग में कुछ भी गलत नहीं है क्योंकि राहुल गांधी ही ‘राम राज्य’ लाने के लिए ही काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘बैनर में राहुल गांधी को भगवान राम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लक्ष्मण के रूप में सही ढंग से दर्शाया गया है। वास्तव में राहुल गांधी ही नफरत और भ्रष्टाचार से लड़कर ‘राम काज’ कर रहे हैं। भाजपा नेता केवल अपने निजी फायदे के लिए राम की बात करते हैं, लेकिन उनके आदर्शवाद में विश्वास नहीं करते।’

आर्यन मिश्रा ने इस मुद्दे पर कहा, ‘वो 2014 के बाद वाले हिंदू हैं, हम तो पहले भी थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। वो (भाजपा) हिंदू होने का सर्टिफिकेट देने वाले कौन हैं?

वहीं, इंडियन एक्सप्रेस से इस होर्डिंग पर बात करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ‘यह चित्रण प्रतीकात्मक है और न केवल आर्यन, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं की भावनाओं को दर्शाता है, जो भ्रष्टाचार, महंगाई, वोट चोरी आदि जैसी बुराइयों से परेशान हैं और इन बुराइयों को दूर करने के लिए राहुल जी की ओर देख रहे हैं। हालाँकि, युवाओं की सच्ची भावनाओं को समझने के बजाय, भाजपा हमेशा की तरह नकारात्मकता और नफरत की राजनीति कर रही है।’

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular