UP Weather Updates: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जबकि प्रयागराज शुक्रवार को प्रदेश ही नहीं, देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल 26 अप्रैल तक कई हिस्सों में गर्म हवाओं का असर जारी रहेगा, लेकिन इसके बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा और बारिश के आसार बन रहे हैं। आईएमडी के लखनऊ केंद्र के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
गोरखपुर मंडल के देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर और महाराजगंज जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। वहीं मेरठ, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़ और आगरा मंडल के कई जिलों में भी रातें सामान्य से ज्यादा गर्म रहीं।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान कानपुर (शहर) में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को आसमान साफ और तेज धूप वाला दिन रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दोपहर के समय गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यूपी के इन जिलों में लू का असर, 26 अप्रैल से बदलेगा मौसम
शुक्रवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के हरदोई, वाराणसी और प्रयागराज में लू का असर महसूस किया गया। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर, मेरठ, आगरा और अलीगढ़ भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। मौसम विभाग ने 25 से 27 अप्रैल तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में और 25 से 26 अप्रैल तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू का येलो अलर्ट जारी किया है।
हालांकि मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि 27 अप्रैल को पश्चिमी और पूर्वी, दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। 28 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन, बिजली चमकने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
देश के 36 शहरों में पारा 43 डिग्री के पार, मई-जून में और बढ़ेगी तपिश
देशभर में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को देश के 36 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले ऐसे शहरों की संख्या 24 थी।
प्रयागराज 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि महाराष्ट्र के अकोला में 45 डिग्री और ओडिशा के झारसुगुड़ा व महाराष्ट्र के अमरावती में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मई और जून में गर्मी का असली दौर शुरू होगा। इन महीनों में सामान्य से अधिक लू चलने की आशंका है। अप्रैल के अंत में कुछ राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन मई-जून में उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

