UP Weather: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इस वक्त आसमान से आग बरस रही है। वहीं, कुछ जिले ऐसे भी हैं जहां आने वाले दिनों में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाती नजर आएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार से पांच दिनों तक राहत के आसार नहीं हैं और कई जगहों पर पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
एनसीआर के शहर नोएडा और आसपास के इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। यहां 22 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया, जो 25 अप्रैल तक 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। 24 और 25 अप्रैल के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। तेज धूप और गर्म हवाएं लू का रूप ले रही हैं, जिससे दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
UP Weather: प्रयागराज में पारा पहुंचा 44 डिग्री
यही हाल राज्य के अन्य शहरों का भी है। प्रयागराज, वाराणसी और गाजीपुर समेत अन् इलाकों में बुधवार को पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने प्रयागराज में अलगे चार दिनों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार यहां पारा 44 डिग्री दर्ज किया गया है, जो अगले तीन-चार दिनों में 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। तपती धूप से थोड़ी राहत 26 अप्रैल को मिलेगी। वाराणसी के भी मौसम का कमोबेस यही हाल रहने वाला है। यहां भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर रखी है। बुधवार यहां पारा 44 डिग्री दर्ज किया गया।
पूर्वांचल के जिलों में गर्मी का असर और ज्यादा तेज होता दिख रहा है। गाजीपुर में भी अगले कई दिनों तक लू का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है। यहां 22 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया, जो 24 अप्रैल तक बढ़कर 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। 22 से 25 अप्रैल तक लगातार हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 26 अप्रैल से मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान 42-43 डिग्री के आसपास बना रहेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।
बांदा प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सुल्तानपुर में 43.4 डिग्री तापमान के साथ लगातार तीसरे दिन भीषण गर्मी बनी रही।
राजधानी लखनऊ में भी गर्मी से राहत नहीं है। यहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो अगले 24 घंटों में 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। 24 और 25 अप्रैल को लखनऊ में भी हीट वेव की स्थिति बनने का अनुमान है। भीषण गर्मी को देखते हुए निजी स्कूलों का समय बदल दिया गया है।
डीएम विशाख जी अय्यर के आदेश के बाद जिले में प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के सभी बोर्डों के सरकारी, परिषदीय, गैर सरकारी और प्राइवेट विद्यालयों का समय 22 अप्रैल से सुबह 7:30 बजे तक 12:30 बजे तक कर दिया गया है।
यूपी के 35 से अधिक जिलों में लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने बुधवार से शनिवार तक प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें लखनऊ, प्रतापगढ़, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या समेत कई जिले शामिल हैं।
तेज गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने पर जोर दिया गया है।
स्कूलों में भी एहतियात के तौर पर बदलाव शुरू हो गए हैं। कई जगहों पर स्पोर्ट्स पीरियड में बच्चों के बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई है और स्कूल टाइमिंग बदलने पर भी विचार किया जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अप्रैल के आखिरी सप्ताह में गर्मी बढ़ना सामान्य है, लेकिन इस बार तापमान सामान्य से ज्यादा रहने के कारण लू का असर ज्यादा खतरनाक हो सकता है। हालांकि, 26 अप्रैल के बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

