नई दिल्ली: लोकसभा में महिला आरक्षण बिल से जुड़े संशोधन विधेयक के गिरने के एक दिन बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में विपक्षी पार्टियों को जमकर घेरा। खासकर कांग्रेस को लेकर पीएम मोदी ने कई गंभीर आरोप लगाए। पीएम मोदी ने कहा कि ये लड़ाई केवल एक बिल को लेकर नहीं है, ये कांग्रेस की नकारात्मक मानसिकता को लेकर भी है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सहित अन्य परिवारवाद वाली पार्टियां नहीं चाहती कि महिलाएं आगे बढ़े। पीएम मोदी ने ये भी कहा कि डिलिमिटेशन बिल पर इन सभी पार्टियों ने झूठ फैलाया जबकि सरकार बता चुकी थी कि इससे किसी राज्य को नुकसान नहीं होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दलों की स्वार्थी राजनीति का नुकसान देश की नारी शक्ति को उठाना पड़ा है। पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है। लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दलहित सब कुछ हो जाता है, दलहित देशहित से बड़ा हो जाता है तो नारी शक्ति को, देशहित को… इसका खामियाजा उठाना पड़ता है। इस बार भी यही हुआ है।’
पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन की बड़ी बातें
- पीएम मोदी ने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, ‘आज मैं अपनी बहनों और बेटियों से बात करने के लिए आया हूं। आज भारत का हर नागरिक देख रहा है कि कैसे भारत की नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया। उनके सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया। हमारे भरसक प्रयास के बावजूद हम सफल नहीं हो पाए। नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में पास नहीं हो पाया। मैं इसके लिए सभी माताओं-बहनों से क्षमाप्रार्थी हूं।’
- मोदी ने कहा- ‘कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और सपा जैसी परिवारवादी पार्टियां खुशी से तालियां बजा रही थी। महिलाओं से उनके अधिकार छीनकर ये लोग मेजें थपथपा रहे थे। उन्होंने जो किया, वो केवल टेबल पर थाप नहीं थी, वो नारी के स्वाभिमान पर, उसके आत्मसम्मान पर चोट थी।’
- पीएम ने कहा- नारी सब भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती। इसलिए संसद में कांग्रेस और उसके सहयोगियों के व्यवहार की कसक हर नारी के मन में हमेशा रहेगी। संसद में नारीशक्ति वंदन संशोधन का जिन भी दलों ने विरोध किया है, वे लोग नारी शक्ति को फॉर ग्रांटेड ले रहे हैं।
- नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की आवश्यकता है। इसका उद्देश्य उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम सहित सभी क्षेत्रों में संतुलित सशक्तिकरण सुनिश्चित करना था। इसका लक्ष्य आनुपातिक रूप से प्रतिनिधित्व बढ़ाकर संसद में प्रत्येक राज्य, चाहे वह छोटा हो या बड़ा, की आवाज को मजबूत करना था। लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने इस नेक प्रयास को कुचल दिया।
- कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा- देश के अधिकांश हिस्सों में कांग्रेस का जनाधार कमजोर हो चुका है और वह क्षेत्रीय दलों के समर्थन से ही किसी तरह टिकी हुई है। फिर भी, वह इन क्षेत्रीय ताकतों को और मजबूत नहीं होने देना चाहती। इस संशोधन का विरोध करके, कांग्रेस ने राजनीतिक दांव-पेच के जरिए कई क्षेत्रीय दलों के भविष्य को अनिश्चितता में धकेलने का प्रयास किया है।
- पीएम मोदी ने कहा- ये 40 साल से लटके हुए नारी के हक को, 2029 से अगले लोकसभा चुनाव से उसका हक देने का संशोधन था। नारी शक्ति वंदन संशोधन 21वीं सदी के भारत की नारी को नए अवसर देने, नई उड़ान देने और उसके सामने से बाधाएं हटाने का महायज्ञ था। देश की 50 प्रतिशत यानी, आधी आबादी को उसका अधिकार देने का साफ नीयत के साथ, ईमानदारी के साथ किया गया एक पवित्र पर्व था।
- पीएम ने कहा- ईमानदार प्रयास की कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सदन में पूरे देश के सामने भ्रूण हत्या कर दी है। कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और सपा जैसे दल इस भ्रूण हत्या के गुनहगार हैं। ये देश के संविधान के अपराधी हैं, देश की नारी शक्ति के अपराधी हैं। कांग्रेस महिला आरक्षण के विषय से ही नफरत करती है।
- पीएम मोदी ने कहा- नारीशक्ति वंदन अधिनियम के विरोध की एक बड़ी वजह है- इन परिवारवादी पार्टियों का डर! अगर महिलाएं सशक्त हो गईं, तो इन परिवारवादी पार्टियों का नेतृत्व खतरे में पड़ जाएगा। ये कभी नहीं चाहेंगे कि उनके परिवार के बाहर की महिलाएं आगे बढ़ें।
- पीएम ने आगे कहा- महिलाओं के आरक्षण का विरोध करके कांग्रेस ने फिर एक बात सिद्ध कर दी है कि कांग्रेस, एक एंटी रिफॉर्म पार्टी है। कांग्रेस के एंटी रिफॉर्म रवैये ने हमेशा देश का बहुत बड़ा नुकसान किया है। कांग्रेस के हर विरोध, हर अनिर्णय, हर छल-प्रपंच का खामियाजा देश ने भुगता है, देश की पीढ़ियों ने भुगता है। बांटो और राज करो की नीति कांग्रेस अंग्रेजों से लेकर आई है।
- पीएम ने कहा- कांग्रेस ने अक्सर देश में विभाजनकारी बातें फैलाई हैं। उसने यह झूठ फैलाया कि परिसीमन से कुछ राज्यों को नुकसान होगा। हालांकि, सरकार ने शुरू से ही स्पष्ट कर दिया था कि किसी भी राज्य का हिस्सा कम नहीं होगा और प्रतिनिधित्व में कोई कमी नहीं आएगी। सीटों में आनुपातिक वृद्धि होगी। इसके बावजूद, कांग्रेस ने डीएमके, टीएमसी और एसपी के साथ मिलकर इसे मानने से इनकार कर दिया।
- क्षेत्रीय पार्टियों पर नाराजगी जताते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘डीएमके के पास तमिलनाडु से अधिक लोगों को सांसद बनाने और राज्य की आवाज़ को मज़बूत करने का अवसर था। उसने इस अवसर को गंवा दिया। टीएमसी के पास भी पश्चिम बंगाल से अधिक लोगों को सशक्त बनाने और उनके प्रतिनिधित्व को बढ़ाने का मौका था, लेकिन वह इसे भी भुनाने में विफल रही।’
- बकौल पीएम, ‘कांग्रेस ने हमेशा देश में दरार पैदा करने वाली भावनाओं को हवा दी है। इसलिए ये झूठ फैलाया गया कि डी-लिमिटेशन या परिसीमन से कुछ राज्यों को नुकसान होगा। जबकि सरकार ने पहले दिन से स्पष्ट किया है कि न किसी राज्य की भागीदारी का अनुपात बदलेगा, न किसी का री-प्रेजेंटेशन कम होगा, बल्कि सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में बढ़ेंगी।’
- पीएम मोदी बोले- बिल पास कराने के लिए जरूरी 66 परसेंट वोट हमें नहीं मिला हो… लेकिन मैं जानता हूं, देश की 100 परसेंट नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करेंगे।
महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां, ये देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से रोक नहीं पाएंगी।
कांग्रेस हमेशा से हर रिफॉर्म को रोककर बैठी रही। लटकाना, भटकाना, अटकाना… यही कांग्रेस का सिद्धांत रहा है, वर्क कल्चर रहा है। - पीएम मोदी ने आगे कहा- मैंने संसद में भी कहा था कि आधी आबादी को उनका हक मिल जाने दीजिए, मैं इसका क्रेडिट विज्ञापन छपवाकर विपक्ष के सभी लोगों को दे दूंगा। लेकिन महिलाओं को दकियानूसी सोच से देखने वाले फिर भी अपने झूठ पर अड़े रहे।
- पीएम मोदी ने कहा कि आज भले ही सरकार के पास पर्याप्त नंबर नहीं था लेकिन ये सरकार की हार नहीं है। सरकार का प्रयास नहीं रूकेगा। पीएम मोदी ने कहा- मैं जानता हूं कि आज मेरे देश की माताएं, बहनें, बेटियां… आप सभी दुखी हैं। मैं भी आपके इस दुख में दुखी हूं। लेकिन हमारा प्रयास रुकेगा नहीं, हमारा प्रयास थमेगा नहीं, हमारा आत्मबल अजेय है। हमारे पास आगे भी और मौके आएंगे। हमें आधी आबादी के सपनों के लिए, देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना ही है।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी को राहत, दोहरी नागरिकता मामले में FIR के अपने ही आदेश पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक

